दुबई में फंसे भारतीयों के लिए राजस्थानी व्यवसायी बना फरिश्ता, आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर ऐसे की सराहना
News In Short
- राजस्थान के व्यवसायी धीरज जैन ने इंसानियत की मिसाल पेश की।
- मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण फंसे भारतीय का बने सहारा।
- 300 लोगों के रहने और खाने की व्यवस्था की अपने फार्महाउस पर।
- व्यवसायी की इंसानियत की हर जगह हो रही सराहना।
- आनंद महिंद्रा ने भी उनकी दरियादिली को ‘मंडे मोटिवेशन’ बताया।
News In Detail
इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच मिडिल ईस्ट में अतिथि देवो भव: का नजारा भी दिखा। बढ़ते तनाव के कारण जब दुबई में अचानक कई फ्लाइट्स रद्द हो गईं, तब सैकड़ों भारतीय यात्रियों के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई। एयरपोर्ट और शहर में फंसे ये लोग न तो अपने घर लौट पा रहे थे और न ही उनके पास ठहरने की उचित व्यवस्था थी। इसी मुश्किल घड़ी में राजस्थान के प्रवासी व्यवसायी धीरज जैन ने इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है।
फंसे हुए भारतीयों के लिए खोले दरवाजे
राजस्थान के कारोबारी धीरज जैन ने दुबई में फंसे भारतीय यात्रियों के लिए अपने फार्म हाउस के दरवाजे खोल दिए। उनकी इस पहल की चर्चा अब सोशल मीडिया से लेकर उद्योग जगत तक हो रही है। मशहूर उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी उनकी दरियादिली को ‘मंडे मोटिवेशन’ बताते हुए सार्वजनिक रूप से सराहना की है।
संकट के समय ऐसे बढ़ाया हाथ
मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने के कारण दुबई में कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अचानक रद्द हो गईं हैं। इससे बड़ी संख्या में भारतीय यात्री एयरपोर्ट और दुबई शहर में फंस गए। होटल या तो पूरी तरह भर चुके थे या फिर इन यात्रियों की पहुंच से बहार थे। कई परिवार छोटे बच्चों के साथ पूरी रात सड़क या एयरपोर्ट पर गुजारने को मजबूर हो रहे थे।
इसी दौरान 11 साल से संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे धीरज जैन को जब यह स्थिति पता चली, तो उन्होंने तुरंत मदद का फैसला किया। उन्होंने अजमान में स्थित अपने फार्महाउस के दरवाजे इन फंसे हुए भारतीय यात्रियों के लिए खोल दिए।
11 गाड़ियों से यात्रियों को पहुंचाया फार्महाउस
धीरज जैन ने केवल ठहरने की जगह देने तक ही मदद सीमित नहीं रखी। उन्होंने यह भी समझा कि फंसे हुए यात्रियों के पास अजमान तक पहुंचने का साधन नहीं होगा। इसलिए उन्होंने अपनी जेब से खर्च कर दुबई के अलग-अलग इलाकों में 11 गाड़ियां भेजीं, जो यात्रियों को सुरक्षित रूप से उनके फार्महाउस तक लेकर आईं।
200 भारतीय अभी भी फार्महाउस में
यहां पहुंचे परिवारों को आराम करने के लिए साफ-सुथरे बिस्तर, गरम खाना और सुरक्षित माहौल दिया गया। कुछ ही समय में उनका फार्महाउस ‘मिनी इंडिया’ बन गया। फिलहाल करीब 200 भारतीय यात्री वहां ठहरे हुए हैं, जबकि धीरज जैन ने 300 लोगों तक के रहने और खाने की व्यवस्था कर रखी है।
मानवता की मिसाल हैं धीरज जैन, आनंद महिंद्रा
जब यह खबर महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा तक पहुंची, तो उन्होंने इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा करते हुए धीरज जैन की सराहना की। उन्होंने लिखा कि दुनिया कितनी भी आधुनिक क्यों न हो जाए, मुश्किल समय में मशीनें या पैसा नहीं बल्कि इंसान की इंसान के प्रति संवेदनशीलता ही सबसे बड़ी ताकत बनती है।
महिंद्रा ने लिखा है कि धीरज जैन ने यह साबित कर दिया कि एक सच्चा भारतीय दुनिया के किसी भी कोने में रहे, उसके दिल में ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना हमेशा जीवित रहती है।
दूसरों के सुख में ढूंढा सुख
मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले व्यवसायी धीरज जैन चाहते तो स्थिति बिगड़ने से पहले खुद भी पहली फ्लाइट पकड़कर संयुक्त अरब अमीरात छोड़ सकते थे। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने वहीं रुककर जरूरतमंद लोगों की मदद करने का फैसला किया और लगातार व्यवस्था संभालते रहे।
ये भी पढ़े:-
मध्य प्रदेश से राजस्थान पहुंचे दो चीते, एनटीसीए ने की इंटर-स्टेट चीता कॉरिडोर की पैरवी
उदयपुर फाइल से जयपुर तक हडकंप, हनीट्रैप के दलदल में धंस रही राजनीति, जानिए नेताओं की पूरी कुंडली
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर फिर दुर्घटना, बीएमडब्ल्यू चकनाचूर, जयपुर के बिजनेसमैन की मौत
टी 20 वर्ल्ड कप: जीत के जश्न में जयपुर की मॉडल अदिति भी, पहली बार ईशान के साथ आईं नजर