Top News : खबरें आपके काम की

नमस्कार, चार राज्यों में वोटर लिस्ट से 99.58 लाख नाम कटे; ट्रंप को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका। देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर...

author-image
Sandeep Kumar
New Update
top news

ट्रंप को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, भारत पर 18% टैरिफ खत्म

अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ को रद्द कर दिया। इस फैसले से भारत पर लगा 18% रेसिप्रोकल टैरिफ अवैध हो गया। ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए IEEPA कानून का इस्तेमाल किया था। कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से कहा कि ट्रंप को यह अधिकार नहीं है। यह अधिकार केवल संसद को है। कोर्ट के फैसले के 3 घंटे बाद ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में नए टैरिफ का ऐलान किया। उन्होंने 10% टैरिफ लगाने का ऐलान किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

चार राज्यों में वोटर लिस्ट से 99.58 लाख नाम कटे, 7 राज्यों की फाइनल लिस्ट जारी

देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का दूसरा चरण अंतिम दौर में है। चुनाव आयोग ने शनिवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और केरल की फाइनल वोटर लिस्ट जारी की, जिनमें कुल 99.58 लाख नाम कटे हैं। इसमें सबसे ज्यादा नाम मध्य प्रदेश में 34.25 लाख और राजस्थान में 31.36 लाख कटे हैं। अब तक 7 राज्यों और UT की फाइनल लिस्ट पब्लिश हो चुकी है।

चांद की ओर फिर से इंसान, नासा 6 मार्च को भेजेगा चार अंतरिक्ष यात्री

1972 में अपोलो 17 मिशन के बाद पहली बार इंसान चंद्रमा के पास पहुंचने जा रहा है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अपने मानवयुक्त मिशन आर्टेमिस-II का प्रक्षेपण 6 मार्च को निर्धारित किया है। इस मिशन में चार अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा की परिक्रमा करेंगे। लॉन्च से पहले की वेट ड्रेस रिहर्सल प्रक्रिया इस सप्ताह सफलतापूर्वक पूरी की गई, जिसमें रॉकेट में ठंडा ईंधन भरने की पूरी काउंटडाउन रिहर्सल शामिल थी।

लेबनान में इजरायल का हमला, हिजबुल्ला कमांडर समेत 12 लोगों की मौत

लेबनान की बेका घाटी में शुक्रवार को इजरायली हमलों में 12 लोगों की मौत हो गई और 50 अन्य घायल हुए। मारे गए लोगों में हिजबुल्ला का एक वरिष्ठ कमांडर भी शामिल है। इजरायली सेना ने बेका घाटी में हिजबुल्ला के कमान सेंटर को निशाना बनाने की पुष्टि की। ये हमले पूर्वी लेबनान में हाल के सबसे घातक हमलों में से एक हैं, जो इजरायल और हिजबुल्ला के बीच चल रहे तनावपूर्ण युद्धविराम की परीक्षा ले सकते हैं।

AI समिट में कांग्रेस का प्रदर्शन गलत, मायावती और अखिलेश ने की निंदा; भाजपा ने काले झंडे दिखाए

सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा चीफ मायावती ने दिल्ली में आयोजित AI समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन को गलत बताया। अखिलेश ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर ऐसा हंगामा देश की इज्जत को ठेस पहुंचाता है। मायावती ने इसे निंदनीय बताते हुए चिंता जाहिर की। वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में दिल्ली, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किया। मुंबई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए।

1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर कैश पेमेंट बंद : अब सिर्फ डिजिटल पेमेंट से कटेगा टैक्स

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने घोषणा की है कि 1 अप्रैल 2026 से देशभर के सभी टोल प्लाजा पर कैश ट्रांजैक्शन पूरी तरह से बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद, सभी टोल पेमेंट FASTag और UPI के माध्यम से ही किए जाएंगे। यह पहल देश में डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने और टोल कलेक्शन सिस्टम को पारदर्शी बनाने के लिए की जा रही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण का गंभीर आरोप, FIR दर्ज करने के निर्देश

प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन शोषण के आरोप हैं। एडीजे रेप और पॉक्सो स्पेशल कोर्ट ने बड़ा आदेश दिया। कोर्ट ने झूंसी थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद गिरी के खिलाफ जांच की जाएगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

छत्तीसगढ़ में वोटर लिस्ट से 25 लाख नाम गायब, आपका नाम तो नहीं कटा?

छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम पूरा हो चुका है, जिसके बाद अब अंतिम नामावली का प्रकाशन कर दिया गया है। इस पूरी प्रक्रिया में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि करीब 25 लाख मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

माली-सैनी समाज ने फिर शुरु किया आरक्षण आंदोलन, 12 फीसदी आरक्षण की मांग

राजस्थान में आरक्षण आंदोलन नया नहीं है। पिछले करीब 30 साल से राजस्थान में अलग-अलग जातियों ने आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन किए हैं। इनमें सबसे जर्बदस्त आंदोलन गुर्जर समाज ने किए, जिसमें एक महीने से भी ज्यादा समय तक हाईवे और रेल पटरियां रोकी गईं। पुलिस की गोली से 100 से ज्यादा लोग मारे गए। जातीय तनाव चरम पर पहुंच गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

राजस्थान में SIR के बाद 31 लाख वोटर हुए कम, जबकि 4 लाख युवा मतदाता की संख्या बढ़ी

 खबरें काम की: राजस्थान में एसआईआर के बाद निर्वाचन आयोग ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी हैं। आयोग ने 16 दिसंबर को एसआईआर प्रक्रिया के तहत पहला ड्राफ्ट रोल प्रकाशित किया था। इसके बाद एक महीने के अंदर मतदाता अपनी आपत्तियां दर्ज कर सकते थे। अब एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश में अंतिम वोटर रोल प्रकाशित कर दिया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

कर्नाटक में भाजपा विधायक रिश्वत लेते पकड़े गए, 11 लाख की मांग में से 5 लाख रुपए बरामद

top news: कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को भाजपा विधायक चंद्रू लामाणी को 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। यह कार्रवाई गडग लोकायुक्त पुलिस ने एक ठेकेदार की शिकायत पर की थी। विधायक ने सड़क किनारे रिटेनिंग वॉल के निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार से 11 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। जाल बिछाने के दौरान उन्हें 5 लाख रुपए लेते हुए गिरफ्तार किया गया। इस मामले में उनके निजी सहायक और एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया।

डोनाल्ड ट्रंप अखिलेश यादव भाजपा विधायक इजरायल top news अविमुक्तेश्वरानंद खबरें काम की
Advertisment