/sootr/media/post_banners/a5589d89bfe05b9b5eaad9a09216c613b34e3f56484ce5296cd141e184b380e4.jpeg)
BHOPAL. आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ कांग्रेस संगठन में बदलाव करने लगे हैं। संगठन में कामकाज को लेकर कुछ महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। अब तक संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे चंद्रप्रभाष शेखर के काम में बदलाव किया गया है। अब राजीव सिंह को संगठन प्रभारी बनाया गया है। वहीं अशोक सिंह की जिम्मेदारियां भी बढ़ाई गई हैं।
राजीव का कद बढ़ा, शेखर का घटा
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठन के प्रभार में बदलाव को अंतिम मुहर लग गई है। इस बदलाव में राजीव सिंह का कद बढ़ाया गया है। अभी तक वे प्रशासन का काम देख रहे थे लेकिन अब वे संगठन प्रभारी हो गए हैं। चंद्रप्रभाष शेखर से संगठन का प्रभार ले लिया गया है। अब उनको वरिष्ठ नेताओं से समन्वय और मॉनिटरिंग का काम सौंपा गया है। राजीव सिंह इसके पहले पूर्व पीसीसी चीफ सुरेश पचौरी के कार्यकाल में भी यह जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
यह खबर भी पढ़ें
अशोक सिंह का भी कद बढ़ाया
प्रदेश कांग्रेस कमेटी में दूसरे महत्वपूर्ण पदाधिकारी अशोक सिंह बन गए हैं। अशोक सिंह को कोषाध्यक्ष के साथ साथ मंडल, सेक्टर और प्रशासन का प्रभारी बनाया गया है। इस तरह अशोक सिंह इस समय पीसीसी में 4 और जिले में एक पद पर रहते हुए सबसे ज्यादा पदों पर काम करने वाले नेता बन गए हैं। पीसीसी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश जैन को जिला प्रभारियों का समन्वय और मंडलम, सेक्टर का काम सौंपा गया है। वहीं महेंद्र जोशी को बाल कांग्रेस और मतदाता सूची का काम दिया गया।
इनको भी अहम जिम्मेदारी
मीडिया विभाग की पूर्व अध्यक्ष शोभा ओझा को सभी मोर्चों का प्रभारी बनाया गया। जेपी धनोपिया के पास चुनाव आयोग के कामकाज के साथ विभाग और प्रकोष्ठ का प्रभार भी रहेगा। महेंद्र सिंह चौहान, राजकुमार पटेल और चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी को एआईसीसी और पीसीसी अभियान के समन्वय का काम दिया गया है। द्विवेदी को एआईसीसी ऑफिस के साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के दौरा कार्यक्रम का प्रभार भी दिया गया है। इन नेताओं के अलावा मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा, राज्य मीडिया समन्वयक अभय दुबे, आईटी विभाग के अध्यक्ष अभय तिवारी और पीयूष बबेले को मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई है। विभा बिंदु डागोर को आशा उषा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के समन्वय का काम दिया गया है।