/sootr/media/media_files/2025/06/11/3C8bRXgaglk3rbarAg7V.jpg)
MP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 साल पूरे हुए। इस दौरान जबलपुर में पत्रकार वार्ता में केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां साझा की। उन्होंने कहा कि इन 11 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी साख मजबूत की। आम जनजीवन में भी बड़ा बदलाव आया है।
कांग्रेस बनाम भाजपा शासन की तुलना
बीएल वर्मा ने 2004 से 2014 तक के कांग्रेस शासन की तुलना मोदी सरकार के कार्यकाल से की। उन्होंने कहा कि उस समय देश भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पिछड़ेपन से जूझ रहा था। आज भारत आत्मविश्वास से भरपूर, सुरक्षित और विश्व मंच पर प्रभावी भूमिका निभा रहा है।
आतंकवाद, रक्षा और विदेश नीति में दृढ़ता
वर्मा ने बताया कि मोदी सरकार ने आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सीधा हमला किया। दुनिया को यह दिखा दिया कि भारत अब किसी भी उकसावे का करारा जवाब देगा। एस-400, ब्रह्मोस, तेजस और प्रचंड जैसे स्वदेशी हथियार भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता का प्रतीक हैं। रक्षा निर्यात अब 23,622 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है।
आर्थिक मोर्चे पर ऐतिहासिक उपलब्धियां
वर्मा ने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है। डिजिटल लेनदेन में भारत सबसे आगे है, जहां वैश्विक UPI ट्रांजैक्शन का 49% भारत में होता है। डेटा की लागत में 97% गिरावट आई है और 97 करोड़ से अधिक लोग इंटरनेट का उपयोग कर रहे हैं।
जनहित योजनाएं बनीं बदलाव की रीढ़
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार ने 44 लाख करोड़ रुपए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे लोगों के खातों में भेजे। जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, फसल बीमा योजना, जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने गरीबों को सम्मान और सुरक्षा दी है। इसके साथ ही नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाए। 33% आरक्षण, तीन तलाक पर रोक, महिला पायलटों की संख्या में इजाफा, लखपति दीदी योजना और मुद्रा योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है। वहीं, युवाओं के लिए नई शिक्षा नीति, स्टार्टअप इंडिया, कौशल विकास योजना जैसे कार्यक्रमों ने उन्हें नए अवसर दिए हैं। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है।
स्वास्थ्य, पर्यावरण और विरासत की दिशा में भी सराहनीय कार्य
बीएल वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज मिला है। 12 करोड़ शौचालय, 15 करोड़ घरों में नल से जल, और पर्यावरण के क्षेत्र में 142 करोड़ पौधारोपण भारत के व्यापक विकास को दर्शाते हैं। वहीं धारा 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण और काशी-महाकाल जैसे धार्मिक स्थलों का कायाकल्प हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी सहेज रहा है।
जबलपुर के विकास की दी विस्तृत जानकारी
मंत्री वर्मा ने जबलपुर की उपलब्धियों का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि लगभग 4,500 करोड़ रूपये की लागत से प्रदेश की सबसे बड़ी रिंग रोड का निर्माण हो रहा है। जबलपुर में मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर लगभग पूरा हो चुका है। डुमना एयरपोर्ट का आधुनिकीकरण हो चुका है और रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित करने की योजना तैयार है।
जबलपुर को मिले नए प्रोजेक्ट और स्वीकृतियां
जबलपुर के विकास में मिलने वाली नई सौगातो के बारे में भी पत्रकार वार्ता में बताया गया कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे जबलपुर को नागपुर, प्रयागराज और अंबिकापुर से जोड़ेगा। भेड़ाघाट में साइंस सेंटर और देश का पहला जियोलॉजिकल पार्क बनेगा, इसके साथ ही यातायात सुधार के लिए दो नए रोपवे प्रोजेक्ट्स स्वीकृत हुए हैं और ग्वारीघाट, तिलवाराघाट जैसे नर्मदा घाटों का विकास सरयू मॉडल पर होगा।
मोदी सरकार के 11 साल न केवल आंकड़ों की उपलब्धियों से भरे हैं, बल्कि हर गरीब, महिला, युवा और किसान के जीवन में बदलाव की कहानी हैं। जबलपुर भी इस विकास यात्रा का अहम हिस्सा बन चुका है और आने वाले वर्षों में यह शहर नई ऊंचाइयों को छुएगा।
अगर आपको ये खबर अच्छी लगी हो तो 👉 दूसरे ग्रुप्स, 🤝दोस्तों, परिवारजनों के साथ शेयर करें📢🔃
🤝💬👩👦👨👩👧👧
/sootr/media/agency_attachments/dJb27ZM6lvzNPboAXq48.png)
Follow Us