कटनी के हवाला रैकेट से देश के कोने-कोने तक पहुंच रही करोड़ों की बेनामी खेप

Sanjay Sharma | Nov 25, 2025, 23:57 IST
Share
katni hawala racket busted
Photograph: (The Sootr)

कटनी में हवाला व्यापार के जरिए करोड़ों की बेनामी रकम भेजी जा रही है। पुलिस और आयकर विभाग जांच कर रहे हैं। 4 करोड़ रुपए की हवाला खेप को सागर पुलिस ने पकड़ा। कटनी का कनेक्शन देश के बड़े कारोबारियों से जुड़ा है, और यह नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है।

BHOPAL. हवाला के जरिए करोड़ों रुपए के बेनामी परिवहन ने मध्य प्रदेश के अधिकारियों की बेचैनी बढ़ा दी है। अधिकारियों को भनक तक नहीं लगी और विन्ध, महाकौशल और बुंदेलखंड के बीच कटनी कब हवाला का टर्मिनल बन गया।

मध्य प्रदेश में बीते एक महीने में हवाला के जरिए सात करोड़ रुपए पकड़े गए हैं। ये दोनों ही खेप कटनी से महाराष्ट्र भेजी जा रही थीं। हवाला का कारोबार कैसे देश के बड़े शहरों से कटनी तक पहुंचा और कैसे कटनी का कनेक्शन देश के हीरा, गुटखा और बड़े उद्योगपतियों से जुड़े अब प्रदेश की जांच एजेंसियां इसकी पड़ताल कर रही हैं।

कटनी से हवाला व्यापार के देश भर में फैले तार और बीते चंद महीनों में यहां से अलग-अलग शहरों में कैसे करोड़ों रुपए की खेप भेजी गई और पुलिस और जांच एजेंसियों से कहां चूक हुई द सूत्र ने इसकी पड़ताल की है। इस पड़ताल में कई तथ्यों का पता चला है और हवाला के जरिए करोड़ों रुपए कैसे यहां से वहां भेजे जा रहे थे यह भी सामने आया है।

नेटवर्क के आखिरी छोर की पड़ताल

कटनी हवाला रैकेट से देश के अलग-अलग शहरों तक करोड़ों रुपए भेजने का नेटवर्क कितना मजबूत और बड़ा है। इसका अंदाजा फिलहाल पुलिस और आयकर अधिकारी अब तक नहीं लगा पाए हैं।

हवाला के जरिए मनी लांड्रिंग के नेटवर्क में जल्द ईडी जैसी बड़ी एजेंसी की एंट्री भी होने वाली है। पुलिस और आयकर एजेंसियां जिस तरह से पड़ताल कर रही है उससे इस बड़े नेटवर्क के आखिरी छोर तक पहुंचना फिलहाल मुमकिन नजर नहीं आ रहा है। क्योंकि इन एजेंसियों का फोकस फिलहाल पकड़े गए रुपयों तक ही सिमटा हुआ है।

ये खबर भी पढ़ें...

एमपी के इस जिले में निर्वाचन कक्ष बनाने के नाम पर कलेक्ट्रेट परिसर में काट दिए 1500 पेड़

हवाला के जरिए मनी लांड्रिंग का कारोबार

मध्यप्रदेश में जबलपुर- सतना और सागर-बिलासपुर रेलखंड पर स्थित कटनी शहर जिला मुख्यालय भी है। कारोबार की दृष्टि से कटनी कोलकाता, लखनऊ, हैदराबाद- नागपुर, मुंबई, अहमदाबाद- सूरत और इंदौर जैसे बड़े शहरों से सीधा जुड़ा है। ऐसे में इस शहर के व्यापारियों के कनेक्शन भी इन शहरों के कारोबारियों तक फैले हैं।

इन्हीं कनेक्शनों के जरिए अब कटनी से देशभर में हवाला के जरिए मनी लांड्रिंग का कारोबार भी धड़ल्ले से चल निकला है। मध्य प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में जांच एजेंसियों द्वारा पकड़े गए हवाला नेटवर्क के तार भी कटनी से जुड़े हैं।

2017 से 2025 के बीच कटनी शहर का नाम कई हवाला मामलों में उछलता रहा है। कई अधिकारियों, स्थानीय कारोबारियों और नेताओं के नाम भी यहां से होने वाले हवाला कारोबार में सामने आ चुके हैं।

2017 में आयकर विभाग ने कटनी में एक्सिस बैंक पर छापेमारी की थी। तब बड़े हवाला रैकेट का खुलासा हुआ था। इस मामले में हवाला के जरिए 500 करोड़ रुपए देश के दूसरे शहरों तक पहुंचाने की जानकारी उजागर हुई थी। इस मामले में बीजेपी विधायक संजय पाठक का नाम भी काफी उछला था।

हाल ही में कटनी से 4 करोड़ रुपए से लदे वाहन को सागर पुलिस ने हाईवे पर रोककर राशि जब्त की है। यह रुपया हवाला के जरिए मुंबई भेजी जा रही थी। इस मामले में गुजरात के एक हीरा कारोबारी कमलेश शाह का नाम सामने आया है।

पुलिस गुजरात के इस हीरा कारोबारी के इशारे पर 4 करोड़ रुपए मुंबई पहुंचाने के कनेक्शन खंगाल रही है। वाहन का ड्राइवर और मालिक भी पुलिस को रकम पहुंचाने के स्थान और उसे रिसीव करने वाले व्यक्ति की जानकारी नहीं दे पाए हैं।

ये खबर भी पढ़ें...

पीएम आवास की जमीन पर कब्जे के हटाने में इंदौर नगर निगम ने की खानापूर्ति

7 साल में मजबूत हुआ हवाला रैकेट

कटनी का नाम देश के कई शहरों में सामने आए हवाला कारोबार में भी सामने आ चुका है। साल 2020 में 15 सितम्बर को हैदराबाद पुलिस ने दो वाहनों से 3.75 करोड़ रुपए बरामद किए थे।

इस मामले में भी वाहन चालक ने गुजरात के हीरा कारोबारी कमलेश शाह का नाम लिया था, लेकिन पुलिस इस मामले में कोई तथ्य या प्रमाण नहीं जुटा पाई। 2021 में राजस्थान पुलिस ने मध्य प्रदेश की सीमा के पास कार को रोककर 5 करोड़ रुपए जब्त किए थे। यह रुपया ठीक उसी तरह से छिपाया गया था जैसे सागर पुलिस को सीट के नीचे बने चैंबर में रखा मिला था।

इस मामले में भी हीरा कारोबारी कमलेश शाह का नाम सामने आया था। इसी दौरान राजस्थान के भीलवाड़ा में पुलिस ने 6.75 करोड़ जब्त किए थे। जिसके बाद पुलिस हीरा व्यापारी तक भी पहुंची थी लेकिन पूछताछ के बाद मामले में कुछ हाथ नहीं आया। पुलिस राजस्थान से गुजरात भेजी गई 3.95 करोड़ रुपए की खेप को पकड़ चुकी है। यह रकम भी उदयपुर से अहमदाबाद भेजी गई थी जहां उसे हीरा कारोबारी कमलेश शाह को सौंपना था।

ये खबर भी पढ़ें...

कांग्रेस में हारने वालों का दबदबा! रीना बोरासी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उठे सवाल

कर हवाला के पीछे हीरा कारोबारी का नाम

कटनी से सागर होते हुए 4 करोड़ रुपए की जो खेप मुंबई भेजी गई थी उसमें भी गुजरात के हीरा कारोबारी कमलेश शाह का नाम सामने आया है। पुलिस ने वाहन से पकड़े गए रोहित देवरा और मुकुंद पटेल से काफी पूछताछ की, लेकिन वे भी केवल कमलेश शाह का नाम ही बता सके हैं। आयकर विभाग की टीमें भी अब तक यह पता नहीं लगा पाई हैं आखिर रुपया कटनी में किसने सौंपा था और इसे मुंबई में किसके पास छोड़ना था। ड्राइवर और वाहन के मालिक रोहित और मुकुंद को भी इसकी खबर नहीं है।

कटनी में किसी सड़क पर रुपया से लदा वाहन सौंपा गया था। उन्हें यह भी पता नहीं था कि वाहन में 4 करोड़ रुपए लादे गए हैं। बस उन्हें इतना बताया गया था कि वाहन को मुंबई तक लेकर जाना है। उन्हें वाहन किसे सौंपना है यह भी पता नहीं था। इसी वजह से पुलिस हवाला के 4 करोड़ जब्त करने के बाद भी आगे की पड़ताल में बेबस नजर आ रही है।

ये खबर भी पढ़ें...

खजुराहो में दो दिन की मेगा समीक्षा : सीएम मोहन यादव सभी विभागों का देखेंगे रिपोर्ट कार्ड

सिवनी हवाला कांड के दबाव में पुलिस

सागर के मोतीनगर थाना टीआई जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर घेराबंदी कर महाराष्ट्र में रजिस्टर वाहन को रोका गया था। वाहन में बीच की सीट के ऊंचे होने पर उन्हें आशंका हुई थी और जैसे ही कारपेट हटाया गया तो नीचे बॉक्स नजर आ गया। इसमें 500 और 200 रुपए के नोटों के बंडल भरे हुए थे। वाहन में करीब 4 करोड़ रुपए लादे गए थे।

टीआई राजपूत का कहना है सिवनी में हवाला के जरिए भेजे गए रुपयों की वसूली के आरोपों में घिरे होने के बाद पुलिस इस कार्रवाई को लेकर तनाव में थी। कोई आरोप न लगे इसलिए उन्होंने वाहन रोकने से लेकर थाने लाने और नोटों की गिनती की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई है। कार्रवाई के दौरान उनके पास इस मामले में सेटलमेंट के लिए कई कॉल आए थे और उन्होंने इसके बारे में अधिकारियों को भी जानकारी दे दी थी।

ड्राइवर को भी नहीं खेप लेने-छोड़ने की खबर

हवाला का 4 करोड़ लेकर कटनी से मुंबई रवाना हुए रोहित और मुकुंद इससे पहले भी इसी वाहन को कई बार कटनी से मुंबई ले जा चुके हैं। उन्हें हर बार ट्रेन या बस से कटनी भेजा जाता था और यह वाहन कटनी में उन्हें किसी जगह पर रुपयों से लदा मिलता था। उन्हें न तो रुपयों के बारे में खबर होती थी और न ही उसे पहुंचाने का ठिकाना बताया जाता था। वाहन कहां मिलेगा और उसे मुंबई में किस जगह पर छोड़ना है यह अंतिम समय पर ही खबर दी जाती थी। उनके इस वाहन का उपयोग केवल हवाला के रुपए लादकर ले जाने में ही होता था।

पुलिस के अनुसार वाहन करीब साढ़े 8 लाख किलोमीटर चला है। दो साल में इतनी दूरी तय करने से अंदाजा लगाया जा सकता है कि अब तक वाहन से हवाला के जरिए कितनी बड़ी रकम यहां से वहां की गई। यानी अब तक अरबों रुपए का हवाला इसी इकलौते वाहन से कटनी से देश के अन्य शहरों में किया गया है। जबकि इस काम में दूसरे कितने ही वाहन दौड़ रहे हैं पुलिस इसका अनुमान भी नहीं लगा पा रही है।

नोटों के बंडल के बीच जीपीएस ट्रैकर

मोतीनगर टीआई जसवंत सिंह राजपूत का कहना है कि हवाला की यह खेप पकड़ने के बाद जब नोटों की गिनती की जा रही थी तब 200 रुपए की गड्डी में से जीपीएस ट्रैकर भी बरामद हुआ है। इससे अंदेशा है कि हवाला की खेप पर एक- दो किलोमीटर आगे या पीछे रहकर किसी अन्य वाहन से नजर रखी जा रही थी। इसकी खबर वाहन चालकों को भी नहीं थी।

यही नहीं वाहन में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस भी लगी थी जिससे वाहन के अंदर होने वाली बातचीत भी निगरानी करने वाले सुन सकते थे। पुलिस अब इन उपकरणों के संबंध में भी पड़ताल कर रही है। ताकि पता लगाया जा सके आखिर हवाला की खेप की निगरानी और पीछा कौन कर रहा था।

हवाला टर्मिनल के तार खंगाल रही पुलिस

हवाला की खेपों की धरपकड़ में लगातार कटनी का नाम सामने आने के बाद अब न केवल पुलिस बल्कि आयकर और ईडी के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। आयकर अधिकारी कटनी के चुनिंदा कारोबारियों की कुंडली खंगाल रहे हैं। वहीं ईडी भी मनी लांड्रि्ंग की आशंका को देखते हुए इसमें एंट्री की तैयारी कर चुकी है। कटनी के कुछ व्यापारियों के कोलकाता, मुंबई, अहमदाबाद, सूरत, हैदराबाद, इंदौर के कनेक्शनों पर भी नजर रखी जा रही है।

कटनी में इतनी भारी रकम कहां से आ रही है और हवाला के इस सर्किट का कौन सा किरदार कटनी से इसे चला रहा है, इसकी पतारसी भी तेज हो गई है। अधिकारियों के अनुसार हवाला रैकेट इतना बड़ा हो गया है कि देश के किसी भी कोने में चंद घंटे में ही करोड़ों रुपए की रकम पहुंचा सकता है।



Tags:
  • ईडी
  • मनी लांड्रिंग
  • कमलेश शाह
  • कटनी हवाला रैकेट
  • हवाला टर्मिनल
गूगल पर द सूत्र चुनें ! Add as a preferredsource on Google
MP कर्मचारी प्रमोशन: 10 साल बाद पदोन्नति, अब 4 साल की छूट पर अटका मामला, राज्य कर्मचारी संघ ने सीएम मोहन यादव से की मांग

By Atul Dwivedi

MP कर्मचारी प्रमोशन: 10 साल बाद पदोन्नति, अब 4 साल की छूट पर अटका मामला, राज्य कर्मचारी संघ ने सीएम मोहन यादव से की मांग
एमपी भाजपा में 30 सितंबर को तीन दिग्गजों की एकसाथ आमद, 236 दिन बाद मिला प्रदेश संगठन महामंत्री

By Ramanand Tiwari

एमपी भाजपा में 30 सितंबर को तीन दिग्गजों की एकसाथ आमद, 236 दिन बाद मिला प्रदेश संगठन महामंत्री
मध्य प्रदेश भाजपा में अब लक्ष्मण रेखा कौन खींचेगा? चंद्रशेखर की होगी असली परीक्षा

By Ramanand Tiwari

मध्य प्रदेश भाजपा में अब लक्ष्मण रेखा कौन खींचेगा? चंद्रशेखर की होगी असली परीक्षा
मध्य प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत: मिनी ट्रैक्टर पर मिलेगी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, ऑनलाइन पोर्टल पर ऐसे करें आवेदन

By Jitendra Shrivastava

मध्य प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत: मिनी ट्रैक्टर पर मिलेगी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, ऑनलाइन पोर्टल पर ऐसे करें आवेदन
mp-top-news: खबरें काम की... ब्राह्मणों ने कभी शासन नहीं किया, नरोत्तम मिश्रा बोले खामोशी को कमजोरी न समझें

By Sanjay Dhiman

mp-top-news: खबरें काम की... ब्राह्मणों ने कभी शासन नहीं किया, नरोत्तम मिश्रा बोले खामोशी को कमजोरी न समझें
झाबुआ संयुक्त कलेक्टर अक्षय सिंह की नौकरी खतरे में, फर्जी जाति प्रमाणपत्र में ऐसे घिरे

By Sanjay Gupta

झाबुआ संयुक्त कलेक्टर अक्षय सिंह की नौकरी खतरे में, फर्जी जाति प्रमाणपत्र में ऐसे घिरे
बस्तर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे CM साय, प्रभावित परिवारों से मिले, 10 हजार रुपए अतिरिक्त सहायता की घोषणा

By Arun Tiwari

बस्तर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे CM साय, प्रभावित परिवारों से मिले, 10 हजार रुपए अतिरिक्त सहायता की घोषणा