सीएम के कोरिया दौरे से पहले MP को मिलेगा नया DGP: 3 नामों के पैनल पर मुहर, वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव रेस में

Amresh Kushwaha | Updated:
Share
मध्यप्रदेश के नए DGP के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है।
मध्यप्रदेश के नए DGP के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है।

मध्य प्रदेश पुलिस को जल्द ही नया मुखिया मिलने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विदेश दौरे से पहले प्रदेश के नए डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) के नाम का ऐलान हो सकता है। नए डीजीपी के चयन को लेकर शुक्रवार, 20 नवंबर को दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की अहम बैठक हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में तीन वरिष्ठ आईपीएस अफसरों के नाम फाइनल किए गए हैं। इनमें वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव शामिल हैं। अब इन तीनों में से किसी एक को मध्य प्रदेश पुलिस की कमान सौंपी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 नवंबर से दक्षिण कोरिया और सिंगापुर के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगे। ऐसे में संभावना है कि सरकार सीएम के दौरे से पहले नए डीजीपी के नाम का ऐलान कर सकती है।

दरअसल, मध्य प्रदेश सरकार ने नए डीजीपी के चयन के लिए 12 वरिष्ठ आईपीएस अफसरों का पैनल यूपीएससी को भेजा था। इनमें से 11 अफसरों के नामों पर विचार किया गया। इसके बाद तीन अफसरों के नाम चुने गए हैं। सूत्रों के अनुसार, इस पैनल में आईपीएस वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम शामिल किए गए हैं।

अब मुख्यमंत्री के फैसले पर टिकी नजर

यूपीएससी की ओर से चुने गए तीनों अफसरों के नाम मध्य प्रदेश सरकार को भेजे जाएंगे। इसके बाद राज्य सरकार तय करेगी कि प्रदेश का अगला डीजीपी कौन होगा। यानी अब अंतिम फैसला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य सरकार को लेना है।

बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 नवंबर की रात भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहां से वे सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ रहेंगे। वहीं, राज्य सरकार ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) की थीम शक्ति की सप्तधारा तय की है।

कौन हैं तीनों दावेदार, जिनके हाथ में आ सकती है MP पुलिस की कमान?

तीनों अधिकारी 1991 बैच के आईपीएस हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

1. वरुण कपूर: सबसे वरिष्ठ दावेदार, साइबर सुरक्षा में बनाई पहचान

वरुण कपूर 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। फिलहाल वे मध्यप्रदेश में जेल विभाग के डीजी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जुलाई 2025 में उन्हें यह पद सौंपा गया था। साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उनके काम को खास पहचान मिली है। ब्लैक रिबन इनिशिएटिव और प्रोजेक्ट साइ-कॉप्स उनकी चर्चित पहल रही हैं।

तीनों प्रमुख दावेदारों में वे सबसे वरिष्ठ हैं। उनका रिटायरमेंट मई 2027 में होना है।

2. उपेंद्र जैन: EOW के मुखिया, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन में भी संभाल चुके जिम्मेदारी

उपेंद्र जैन भी 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वे दिसंबर 2024 से आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के डीजी हैं। इससे पहले वे मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक रह चुके हैं। एक दिलचस्प बात यह भी है कि मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाना भी डीजीपी बनने से पहले इसी कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष रह चुके हैं। उपेंद्र जैन अगस्त 2027 में रिटायर होंगे।

3. प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव: नाम पर मुहर लगी तो MP को मिलेगी पहली महिला DGP

तीसरी दावेदार प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव हैं। वे भी 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और फिलहाल होमगार्ड की डीजी हैं। मई 2025 में वे होमगार्ड की पहली महिला प्रमुख बनी थीं। इससे पहले वे पुलिस मुख्यालय में महिला सुरक्षा शाखा की स्पेशल डीजी की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।

अगर राज्य सरकार उनके नाम पर अंतिम मुहर लगाती है, तो मध्यप्रदेश को पहली महिला डीजीपी मिल जाएगी। यह प्रदेश के पुलिस इतिहास में एक नया अध्याय होगा। देश की पहली महिला डीजीपी कंचन चौधरी भट्टाचार्य थीं, जिन्होंने 2004 में उत्तराखंड पुलिस की कमान संभाली थी।

पिछली बार दो दिन में हो गया था नए DGP का ऐलान

मध्यप्रदेश में पिछली बार डीजीपी चयन की प्रक्रिया कुछ इसी तरह पूरी हुई थी। 21 नवंबर 2024 को दिल्ली में यूपीएससी की बैठक हुई थी। इसमें कैलाश मकवाना, अरविंद कुमार और अजय शर्मा के नामों का पैनल तैयार किया गया था।

इसके ठीक दो दिन बाद यानी 23 नवंबर 2024 की देर रात गृह विभाग ने कैलाश मकवाना को नया डीजीपी बनाने का आदेश जारी कर दिया था। उस समय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विदेश दौरे पर जा चुके थे। कैलाश मकवाना ने 1 दिसंबर 2024 को डीजीपी का पद संभाला था।

इस बार भी पैनल तैयार होने के बाद जल्द नियुक्ति की उम्मीद की जा रही है।

कैलाश मकवाना को क्यों मिला था एक साल का एक्सटेंशन?

मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाना की रिटायरमेंट पहले दिसंबर 2025 में होनी थी। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के मुताबिक डीजीपी को कम से कम दो साल का कार्यकाल देने का प्रावधान है। इसी आधार पर राज्य सरकार ने 31 अक्टूबर 2025 को उनका कार्यकाल एक साल बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 तक कर दिया था।

अब उनका बढ़ाया गया कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। ऐसे में प्रदेश को नया पुलिस मुखिया मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

अब किसके नाम पर लगेगी अंतिम मुहर?

यूपीएससी से तीन नामों का पैनल सरकार के पास पहुंच चुका है। अब फैसला मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को करना है। एक तरफ सबसे वरिष्ठ वरुण कपूर हैं, दूसरी तरफ EOW के मुखिया उपेंद्र जैन हैं। वहीं प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के चयन से मध्यप्रदेश को पहली महिला डीजीपी मिलने का इतिहास बन सकता है।
Tags:
  • New DGP Madhya Pradesh
  • नया डीजीपी मध्य प्रदेश
  • Varun Kapoor IPS
  • वरुण कपूर आईपीएस
  • Upendra Jain IPS
शादी का सीजन शुरू, घर-घर गूंजेगी शहनाई; इस साल 11 शुभ मुहूर्त, 2027 में इतने होंगे शादी के लिए शुभ दिन

By Arohi Raj

शादी का सीजन शुरू, घर-घर गूंजेगी शहनाई; इस साल 11 शुभ मुहूर्त, 2027 में इतने होंगे शादी के लिए शुभ दिन
जयपुर की 300 साल पुरानी विरासत बचाने की चुनौती: सरकार ने बदला निगरानी का सिस्टम, 2 कमेटियों का पुनर्गठन

By Jageshwar Prasad

जयपुर की 300 साल पुरानी विरासत बचाने की चुनौती: सरकार ने बदला निगरानी का सिस्टम, 2 कमेटियों का पुनर्गठन
सीकर और जयपुर में कांग्रेस ने किया बड़ा सियासी उलटफेर, मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी के साथ दोनों बेटें भी हारें

By Ashish Bhardwaj

सीकर और जयपुर में कांग्रेस ने किया बड़ा सियासी उलटफेर, मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी के साथ दोनों बेटें भी हारें
राजस्थान के 18 जिलों में 20 नवंबर से फार्मर ID के जरिए मिलेगा खाद, पंचायत चुनाव के बाद सरकार ने फिर लागू की व्यवस्था

By Jyoti Mahender Bhardwaj

राजस्थान के 18 जिलों में 20 नवंबर से फार्मर ID के जरिए मिलेगा खाद, पंचायत चुनाव के बाद सरकार ने फिर लागू की व्यवस्था
मध्यप्रदेश के 4 IAS और 2 IPS शादी के बंधन में बंध रहे, एक आईपीएस गुजरात कैडर से, दो आईएएस इंदौर निगम में पदस्थ

By Sanjay Gupta

मध्यप्रदेश के 4 IAS और 2 IPS शादी के बंधन में बंध रहे, एक आईपीएस गुजरात कैडर से, दो आईएएस इंदौर निगम में पदस्थ
खड़े गणेशजी मंदिर हत्याकांड में पुलिस की कहानी फेल, नेत्रहीन को हत्या का आरोपी और दिव्यांग को बताया मुख्य हमलावर

By Jageshwar Prasad

खड़े गणेशजी मंदिर हत्याकांड में पुलिस की कहानी फेल, नेत्रहीन को हत्या का आरोपी और दिव्यांग को बताया मुख्य हमलावर
25 करोड़ की रंगदारी केस में शोएब ढेबर को हाईकोर्ट से राहत, दोबारा गिरफ्तारी के आदेश पर लगी रोक

By Harrison Masih

25 करोड़ की रंगदारी केस में शोएब ढेबर को हाईकोर्ट से राहत, दोबारा गिरफ्तारी के आदेश पर लगी रोक