/sootr/media/media_files/2025/06/07/du1ox24AtU3NWRJfPCZK.jpg)
Photograph: (the sootr)
ट्रम्प ने फिर कहा- भारत-पाकिस्तान युद्ध रोका, न्यूक्लियर वॉर से बचाया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध को रोका। ट्रम्प ने कहा कि अगर वह हस्तक्षेप नहीं करते तो यह लड़ाई परमाणु युद्ध में बदल सकती थी। अपने आधिकारिक विमान एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने व्यापार को हथियार बनाकर दोनों देशों को झड़पें रोकने के लिए मजबूर किया। ट्रम्प ने बताया कि वह इस मुद्दे पर अब तक 12 बार बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा, "हमने भारत और पाकिस्तान के बीच एक बड़ी संभावित परमाणु समस्या को हल किया। मैंने दोनों देशों के नेताओं से बात की और स्थिति को नियंत्रण में किया।" ट्रम्प का यह बयान भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पाकिस्तान ने भारत को भेजे चार पत्र, सिंधु जल संधि बहाल करने की अपील
पाकिस्तान ने भारत से सिंधु जल संधि बहाल करने की अपील करते हुए चार पत्र भेजे हैं। इन पत्रों में से एक पत्र ऑपरेशन सिंदूर के बाद भेजा गया था। यह पत्र पाकिस्तान के जल संसाधन मंत्रालय के सचिव सैयद अली मुर्तजा द्वारा जल शक्ति मंत्रालय को भेजा गया था, जो बाद में विदेश मंत्रालय (MEA) को भेजा गया। भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था। इस संधि के तहत पाकिस्तान को तीन पश्चिमी नदियों के पानी का अधिकार था, जबकि भारत को तीन पूर्वी नदियों का पानी इस्तेमाल करने का अधिकार था। अब संधि स्थगित होने से पाकिस्तान में जल संकट की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे वहां के लोग पानी की आपूर्ति के लिए भारत से मदद की उम्मीद कर रहे हैं।
कोरोना के मामलों में तेजी, 24 घंटे में 391 नए केस, 5755 एक्टिव केस, 59 की मौत
देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 21 दिन में एक्टिव केसों में 62 गुना वृद्धि हुई है। 16 मई को जहां कोविड के केवल 93 एक्टिव केस थे, अब उनकी संख्या बढ़कर 5755 हो गई है। केंद्र सरकार के अनुसार, बीते 24 घंटे में 391 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 229 मामले केरल और गुजरात में हैं। मौत का आंकड़ा भी बढ़कर 59 हो गया है, जिसमें से 53 मौतें पिछले 16 दिन में हुई हैं। दिल्ली में 5 जून को कोरोना से पांच महीने के एक बच्चे की मौत हो गई। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 18 मौतें हुई हैं। नए वैरिएंट्स के कारण जनवरी से 6 जून तक देश में 11,298 कोरोना मामले आए हैं। इनमें से 48.54% मरीज रिकवर हो चुके हैं, जबकि बाकी का इलाज जारी है। ओडिशा में स्कूल कोविड गाइडलाइन के तहत खोले गए हैं।
Weather Forecast : एमपी में हल्की बारिश तो यूपी और राजस्थान में तेज गर्मी के आसार
7 जून 2025 का मौसम पूर्वानुमान भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी किया गया है। इस दिन देशभर के विभिन्न राज्यों में मौसम की अलग-अलग स्थिति देखने को मिलेगी। कुछ राज्यों में गर्मी का असर रहेगा, जबकि अन्य स्थानों पर बारिश और आर्द्रता बढ़ने की संभावना है। हम यहां प्रत्येक राज्य की मौसम स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा करेंगे, जिससे आप अपने दिन की योजना बेहतर तरीके से बना सकें। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
इंदौर के राजा-सोनम केस की जांच CBI करेगी, CM ने X पर पोस्ट कर दी जानकारी
इंदौर के हनीमून कपल राजा रघुवंशी और सोनम के लगातार पेंचीदा होते केस औऱ सोनम के अभी तक लापता होने का मामला अब सीबीआई को जाएगा। परिजन लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे, अब सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी इस मामले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस संबंध में बात की है। सीएम ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि संकट की इस घड़ी में मध्यप्रदेश श्रीमती सोनम रघुवंशी के परिवार के साथ खड़ा है। मैंने इस संबंध में मेघालय के मुख्यमंत्री से चर्चा की है। मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मेघालय के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं। इस प्रकरण में सीबीआई जाँच आदेशित करने हेतु मैंने माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री @AmitShah जी से आग्रह किया है। श्रीमती सोनम रघुवंशी की सुरक्षित वापसी हेतु हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
राहुल गांधी के चुनाव फिक्सिंग के आरोपों को चुनाव आयोग ने नकारा, दिया ये जवाब
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के महाराष्ट्र चुनाव में 'धांधली' के आरोपो का ECI ने बिंदुवार खंडन किया है। चुनाव आयोग ने कहा कि तथ्यों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया है। महाराष्ट्र की मतदाता सूची को लेकर लगाए आरोप पूरी तरह से निराधार है। ईसीआई ने कहा कि सभी तथ्य व प्रमाण ईसीआई की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा पर धांधली करने का आरोप लगाया था। उन्होंने चुनाव आयोग पर सांठगांठ करने और मतदान प्रतिशत को बढ़ाकर बताने का आरोप लगाया था। कांग्रेस नेता गांधी ने आशंका जताई कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भी इसे दोहराया जा सकता है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
अमेरिकी सांसद की बिलावल भुट्टो को समझाइश, जैश-ए-मोहम्मद को खत्म करने की मांग
अमेरिकी सांसद ब्रैड शेरमन ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो से आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद को पूरी तरह से खत्म करने की मांग की है। शेरमन ने पाकिस्तान सरकार से धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। इसके साथ ही शेरमन ने पाकिस्तान से डॉ. शकील आफरीदी को रिहा करने का भी आग्रह किया, जिन्होंने ओसामा बिन लादेन का पता लगाने में अमेरिकी सेना की मदद की थी। शेरमन ने जैश-ए-मोहम्मद को "घिनौना" आतंकी संगठन बताते हुए कहा कि यह संगठन डैनियल पर्ल की हत्या समेत कई आतंकवादी घटनाओं के लिए जिम्मेदार है। शेरमन की यह टिप्पणी पाकिस्तान के डेलिगेशन की यात्रा के दौरान आई है, जिसका नेतृत्व बिलावल भुट्टो कर रहे हैं।
मस्क ने ट्रम्प के खिलाफ यौन शोषण पोस्ट डिलीट की, पहले किया था सनसनीखेज दावा
टेस्ला के CEO एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर किए गए यौन शोषण के आरोप वाली पोस्ट को सोशल मीडिया से हटा लिया है। इससे पहले मस्क ने एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा था कि वह ट्रम्प से जुड़े एप्स्टीन केस पर बड़ा खुलासा करेंगे। मस्क ने यह भी कहा था कि ट्रम्प का नाम एप्स्टीन फाइलों में है। यह मामला अमेरिकी अरबपति जेफरी एप्स्टीन से जुड़ा है, जो नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के आरोपों में फंसा था। एप्स्टीन केस में दुनियाभर के कई हाईप्रोफाइल लोगों के नाम सामने आए थे। मस्क की पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर भारी प्रतिक्रिया देखने को मिली, जिसके बाद उन्होंने इसे डिलीट कर दिया।
पाकिस्तान में गैस सिलेंडर विस्फोट, 6 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मारदान जिले में शनिवार को गैस सिलेंडर के फटने से 6 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा आराम कॉलोनी में हुआ, जहां विस्फोट के कारण एक दो मंजिला मकान ढह गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसे में मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के थे। रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मलबे में दबे हुए लोगों को बाहर निकाला और शवों को बरामद किया। गंभीर रूप से घायल दो लड़कियों को अस्पताल भेजा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन सात घंटे तक चला। पाकिस्तान में गैस सिलेंडर लीक या विस्फोट की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। इसी साल मुल्तान में LPG टैंकर विस्फोट में 19 लोगों की मौत हो गई थी।
डिनो मोरिया को ED का समन, 65 करोड़ के मीठी नदी घोटाले में जांच के लिए बुलाया
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बॉलीवुड अभिनेता डिनो मोरिया को अगले हफ्ते मीठी नदी सफाई घोटाले में तलब किया है। यह घोटाला ₹65 करोड़ का है, जिसमें कथित तौर पर अवैध लेन-देन और सरकारी धन की अनियमितता का मामला सामने आया है। डिनो मोरिया को ED ने समन भेजते हुए उन्हें जांच के लिए पेश होने का आदेश दिया है। मीठी नदी सफाई परियोजना के तहत जो फंडिंग और कार्य किए गए थे, उसमें भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोप हैं। डिनो मोरिया के नाम का संबंध इस मामले में कुछ संदिग्ध लेन-देन से जुड़ा हुआ है। ED अब इस मामले में जांच कर रहा है और डिनो मोरिया से इस घोटाले से संबंधित सवाल किए जाएंगे।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम शिंदे के प्लेन उड़ाने से पायलट ने किया इंकार, एयरलाइन के समझाने के बाद उड़ाया
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे शुक्रवार को जलगांव के मुक्ताईनगर में संत मुक्ताई की पालकी यात्रा में शामिल होने के बाद जलगांव एयरपोर्ट पर लौटे। यहां से वापस लौटने के दौरान, पायलट ने उनका चार्टर्ड प्लेन उड़ाने से इनकार कर दिया। पायलट ने कहा कि उसकी ड्यूटी के घंटे खत्म हो चुके हैं और वह अब उड़ान नहीं भर सकता। पायलट की बात सुनकर प्रशासनिक अधिकारी सकते में आ गए और उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद शिंदे के साथ मंत्री गिरीश महाजन और गुलाबराव पाटिल ने एयरलाइन कंपनी से बात की और स्थिति को समझाया। लगभग एक घंटे बाद एयरलाइन कंपनी के समझाने पर पायलट उड़ान भरने के लिए तैयार हुआ। इस घटनाक्रम के बाद शिंदे की उड़ान पूरी हो सकी।
सत्यपाल मलिक की हालत गंभीर, कहा- पीएम को जो भ्रष्टाचार बताया, उसी में फंसाया जा रहा
जम्मू-कश्मीर के पूर्व गर्वनर सत्यपाल मलिक ने अस्पताल में भर्ती होने के बाद अपनी चुप्पी तोड़ी और भ्रष्टाचार के आरोपों का खंडन किया। मलिक, जो 11 मई से दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में किडनी समस्या के इलाज के लिए भर्ती हैं, ने शनिवार को X पर पोस्ट के जरिए अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि उनकी हालत गंभीर है और उन्हें आईसीयू में शिफ्ट करना पड़ा। मलिक ने कहा, "मैंने जिस भ्रष्टाचार के मामले में प्रधानमंत्री को जानकारी दी थी, उसी में मुझे फंसाया जा रहा है।" उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके पास दौलत होती, तो वह प्राइवेट अस्पताल में इलाज करवाते। मलिक ने बताया कि उन्होंने जिस टेंडर को निरस्त किया था, वह भ्रष्टाचार के मामले से जुड़ा था और उन्होंने इस बारे में प्रधानमंत्री को सूचित किया था।
सोनिया गांधी का ब्लड प्रेशर बढ़ा, शिमला के अस्पताल में रूटीन जांच के बाद छुट्टी
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी का शनिवार को अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ने पर उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया। डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी रूटीन जांच की और आवश्यक टेस्ट किए। IGMC के सीनियर मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राहुल राव ने बताया कि सोनिया गांधी की स्थिति स्थिर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रिंसिपल मीडिया एडवाइजर नरेश चौहान ने भी बताया कि सोनिया गांधी को मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अस्पताल लाया गया था और उनकी हालत स्थिर है। सोनिया गांधी 2 जून को शिमला आई थीं और छराबड़ा स्थित प्रियंका गांधी के फार्म हाउस पर ठहरी हुई हैं। प्रियंका गांधी भी दो हफ्ते पहले शिमला आई थीं।
MP पंचायत विभाग में 72 अधिकारियों का तबादला, रेप केस में फंसे जनपद सीईओ को भिंड भेजा
मध्य प्रदेश में एक बार फिर तबादला एक्सप्रेस चली है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने 72 अधिकारियों को इधर-उधर किया है। इसमें 23 जिला पंचायतों के अपर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (ACEO), 23 खंड विकास अधिकारी (BDO) और 26 जनपद पंचायत CEO शामिल हैं। बताया गया है कि कई अफसर लंबे समय से एक ही जगह जमे थे। प्रशासन ने अब उन्हें दूसरी जगह भेजा है। इस लिस्ट में एक आकाश धुर्वे का भी है। जनपद पंचायत CEO आकाश धुर्वे पर एक युवती ने बलात्कार का गंभीर आरोप लगाया है। FIR में युवती ने कहा कि उसने शादी का झांसा दिया। 11 साल साथ में लिव-इन रिलेशन में रखा। बाद में धोखा दे दिया। आकाश पर पुलिस ने रेप के मामले में FIR दर्ज की है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
सीएम डॉ. मोहन यादव ने 113 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन, श्यामपुर में खुलेगा कॉलेज
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को सीहोर पहुंचे। इन्होंने जिले में 113 करोड़ 45 लाख रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमिपूजन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी आवेदनों को तत्काल स्वीकृति देने की घोषणा की गई। कई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब तक जितने भी आवेदन आए हैं, उन्हें तत्काल स्वीकृति दी जाएगी। इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग लाभान्वित होंगे, जिनका सपना खुद का घर बनाना है। इससे योजना की गति तेज होगी और लोग अपने घरों के सपने को साकार कर सकेंगे। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
नक्सलियों के आखिरी दिन... फोर्स के टारगेट पर अब बड़े नक्सली
पिछले दो दिनों से फोर्स ने इंद्रावती टाइगर नेशनल पार्क एरिया में ऑपरेशन चलाया हुआ है। ऑपरेशन के पहले दिन जवानों ने सीसी मेंबर एक करोड़ रुपए के इनामी सुधाकर को ढेर कर दिया था। इसके बाद ऑपरेशन के दूसरे दिन जवानों ने डीवीसी मेंबर भास्कर को भी मार गिराया है। भास्कर तेलंगाना कैडर का नक्सली लीडर था और उसे मैलारापु अडेल्लू उर्फ भास्कर नाम से जाना जाता था। वह आदिलाबाद का रहने वाला था। इस पर छत्तीसगढ़ में 25 लाख रुपए का इनाम घोषित है। इसके अलावा तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और ओडिशा में भी इस पर इनाम घोषित था। अफसरों ने बताया कि अभी भी जिले के घने जंगलों में स्थित नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ जारी है। शुक्रवार को जवानों ने भास्कर को ढेर कर दिया है। उसका शव भी बरामद कर लिया है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
खबरें काम की | एमपी न्यूज | सीजी न्यूज | mp news hindi | cg news hindi | top news | top news today