महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष ने चुराए 10 हजार के अंडरगारमेंट्स! वायरल हुआ वीडियो

वाराणसी की गलियों में इन दिनों एक ऐसी खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। इसे सुनकर हर कोई दंग है। आमतौर पर चोरी के मामलों में कीमती गहनों या नकदी का नाम आता है, लेकिन यहां मामला थोड़ा अनोखा है।

author-image
Amresh Kushwaha
New Update
varanasi women business leader undergarment theft case cctv viral

आपने अब तक दुकानों से सोना-चांदी और कीमती सामान की चोरी के बारे में सुना होगा। वहीं, वाराणसी में कुछ महिलाएं 10 हजार रुपए के अंडरगारमेंट्स चुरा ले गईं। ऐसे में दुकानदार ने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस चोरी में वाराणसी की वीआईपी महिला का नाम सामने आ रहा है।

हाई-प्रोफाइल चेहरे पर चौंकाने वाले आरोप

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात आरोपी का नाम है। आरोपों के घेरे में कोई मामूली व्यक्ति नहीं, बल्कि वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष और नगर निगम की पूर्व ब्रांड एंबेसडर सुनीता सोनी हैं।

सुनीता की रसूखदार लोगों और नामचीन हस्तियों के साथ तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं। यह पूरी घटना चेतगंज थाना क्षेत्र के लहुराबीर इलाके की है। इसने अब शहर में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है।

बातों में उलझाकर बैग में भरा सामान

घटना 24 फरवरी की शाम की बताई जा रही है। लहुराबीर स्थित अमाते स्टोर के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में साफ दिख रहा है कि तीन महिलाएं दुकान में दाखिल होती हैं।

दुकानदार सुदीप सिंह के अनुसार, ये महिलाएं अपनी बातों में सेल्स गर्ल को उलझा लेती हैं। जैसे ही सेल्स गर्ल अन्य सामान दिखाने के लिए अंदर की ओर मुड़ती है, एक महिला फुर्ती से कीमती अंडरगारमेंट्स उठाकर अपने बैग में छिपा लेती है। इसके बाद बिना कुछ खरीदे तीनों महिलाएं बड़ी शांति से दुकान से बाहर निकल जाती हैं।

स्टॉक मिलाने पर खुला राज

चोरी का पता तब चला जब दुकान बंद करते समय स्टॉक का मिलान किया गया। सामान कम होने पर जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, तो दुकानदार के होश उड़ गए। फुटेज के आधार पर दुकानदार ने तुरंत चेतगंज थाने में धारा 379 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि सुनीता सोनी अपनी बेटी और ननद के साथ इस वारदात को अंजाम देने पहुंची थीं।

मुझे नहीं पता पीछे क्या हुआ- सुनीता सोनी

इस घटना के बाद शहर की समाजसेविका चांदनी श्रीवास्तव ने इसे बेहद शर्मनाक बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रसूख के दम पर ऐसी हस्तियां बच निकलती हैं, लेकिन इस बार सबूत साफ हैं।

दूसरी ओर, सुनीता सोनी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वे अपनी जौनपुर से आई महिला रिश्तेदारों के साथ दुकान गई थीं। उन्हें नहीं पता था कि उनके पीछे उन महिलाओं ने क्या किया था।

उन्होंने यह भी दावा किया कि वे दुकानदार को भुगतान करने के लिए संपर्क कर रही हैं। विरोधी संगठन उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।

पुलिस की जांच जारी

फिलहाल, वाराणसी पुलिस सीसीटीवी फुटेज को मुख्य साक्ष्य मानकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। एक रसूखदार महिला का नाम सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पर भी निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव है। अब देखना यह है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

ये खबर भी पढ़िए...

पीएम मोदी ने वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, टाइमिंग पर उठे ये सवाल

होली और रामनवमी समेत मार्च में 18 दिन बंद रहेंगे बैंक, देखें छुट्टियों की लिस्ट

पलायन में भारत दुनिया में नंबर-3, जानें रईसों को क्यों पसंद नहीं आ रहा अपना देश?

रील के लिए खर्च कर दिए 12 लाख रुपए, सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कहा हाई रोलर

सोशल मीडिया वाराणसी पुलिस अंडरगारमेंट्स वाराणसी
Advertisment