​दुबई में फंसे जोधपुर के 120 'रामस्नेही', मेट्रो धमाके के साये में तारणहार बना माहेश्वरी समाज

दुबई में राजस्थान के 120 लोग फंस गए हैं। रामस्नेही समाज से जुड़े ये लोग धार्मिक यात्रा पर थे। इस बीच, जयपुर एयरपोर्ट से दुबई की उड़ानें स्थगित कर दी हैं

author-image
Ashish Bhardwaj
New Update
dubai war

Photograph: (the sootr)

News In Short

  • जोधपुर के 120 श्रद्धालु दुबई में फंसे, मेट्रो धमाके के बाद स्थिति बनी असुरक्षित।
  • संत अमृतराम महाराज और महंत रामप्रसाद महाराज ने श्रद्धालुओं का मनोबल बढ़ाया।
  • दुबई के माहेश्वरी समाज ने श्रद्धालुओं के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था की।
  • जोधपुर में श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए विशेष प्रार्थनाएं और सुंदरकांड का पाठ शुरू।
  • जयपुर एयरपोर्ट से दुबई और जयपुर की फ्लाइट्स अचानक रद्द, सैकड़ों यात्री फंसे।

News In Detail

जोधपुर। अपनों से हजारों मील दूर सात समंदर पार दुबई में राजस्थान के जोधपुर के 120 परिवारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। मारवाड़ के ऐतिहासिक बड़े रामद्वारा से जुड़े करीब 120 श्रद्धालु इन दिनों आध्यात्मिक यात्रा पर दुबई गए हुए थे। वहां के बिगड़ते सुरक्षा हालातों और हालिया मेट्रो स्टेशन धमाके के बीच फंस गए हैं।

इस खबर ने जोधपुर में चिंता बढ़ा दी है, लेकिन संकट की इस घड़ी में 'आस्था' और 'अपनेपन' ने ढाल बनकर उन्हें संभाल रखा है।

​संकट के बीच 'संत' का साथ

​जानकारी के अनुसार इन श्रद्धालुओं के दल के साथ बड़े रामद्वारा के संत अमृतराम महाराज और मनोहर दास महाराज भी मौजूद हैं। जब दुबई के एक मेट्रो स्टेशन पर धमाके की खबर आई तो श्रद्धालुओं में घबराहट फैल गई। विदेशी धरती पर अचानक हुई इस हलचल ने सभी को असुरक्षा के घेरे में ले लिया। संतों ने मौके पर ही सभी का मनोबल बढ़ाया और उन्हें एकजुट रखा।

​महंत रामप्रसाद महाराज ने वीडियो कॉल से जगाई 'लौ'

​जोधपुर में बैठे बड़े रामद्वारा के मुख्य महंत रामप्रसाद महाराज ने जैसे ही अपने भक्तों के फंसने की खबर सुनी, उन्होंने तुरंत कमान संभाली। 1 मार्च की सुबह जब जोधपुर में प्रार्थनाओं का दौर शुरू हुआ, तब महंत ने वीडियो कॉलिंग के जरिए दुबई में फंसे श्रद्धालुओं से सामूहिक संवाद किया। उन्होंने कहा, घबराएं नहीं, ईश्वर की कृपा और केंद्र सरकार का सहयोग हमारे साथ है। आप सभी की सुरक्षित और जल्द घर वापसी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। धैर्य रखें, मारवाड़ की दुआएं आपके साथ हैं।"

धमाके की गूंज और अनजाना डर

​वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान संत अमृतराम महाराज ने दुबई के मौजूदा हालातों की  जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पास के ही एक मेट्रो स्टेशन पर हुए धमाके ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आवाजाही पर प्रतिबंध हैं। हालांकि, उन्होंने जोधपुर के परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जोधपुर का पूरा दल पूरी तरह सुरक्षित है और सभी एक साथ हैं।

तारणहार बना दुबई का माहेश्वरी समाज

जहां एक तरफ धमाके का खौफ था, वहीं दूसरी तरफ 'अपनों' का साथ मिला। संकट के इस दौर में दुबई के माहेश्वरी समाज ने मारवाड़ के इन प्रवासियों और श्रद्धालुओं के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। अमृतराम महाराज ने बताया कि स्थानीय माहेश्वरी समाज ने सभी 120 श्रद्धालुओं के लिए ​भोजन की समुचित व्यवस्था की है। सुरक्षित ठहरने के स्थान मुहैया कराए हैं।​बुनियादी जरूरतों  का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।

जोधपुर में दुआओं का दौर

​इधर जोधपुर के भीतरी शहर से लेकर उपनगरों तक, हर घर में बस एक ही चर्चा है, 'हमारे अपने कब लौटेंगे? बड़े रामद्वारा सहित शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष प्रार्थनाएं और सुंदरकांड के पाठ शुरू हो गए हैं। परिजनों ने सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि जल्द से जल्द एयरलिफ्ट या विशेष विमान के जरिए श्रद्धालुओं को सुरक्षित वतन वापस लाया जाए। ​महंत रामप्रसाद महाराज खुद लगातार केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों और विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं।

यात्री एयरपोर्ट पर फंसे

जयपुर एयरपोर्ट से प्राप्त ताजा जानकारी के अनुसार, दुबई से जयपुर आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG58 को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा, जयपुर से दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX195 (सुबह 8:20 बजे) और स्पाइसजेट की फ्लाइट SG57 (सुबह 9:40 बजे) भी रद्द कर दी गई हैं। इन उड़ानों के अचानक रद्द होने से सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट के टर्मिनल पर फंसे हुए हैं, और उनकी मंजिल तक पहुंचने की चिंता उनके चेहरों पर साफ दिखाई दे रही है।

ये भी पढे़:-

होली से पहले गैस सिलेंडर महंगा, राजस्थान में अब इतने देने होंगे दाम

ग्रीनलैम लेमिनेट्स पर आयकर छापेमारी, दिल्ली और जयपुर की टीम ने की कार्रवाई

विधानसभा सत्र के बीच बदले 21 सीनियर आईपीएस, राहुल प्रकाश फिर जयपुर रेंज आईजी

​जयपुर में 15 साल पुराने कमर्शियल वाहन हटेंगे, ऐसी गाड़ियों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

केंद्र सरकार एयर इंडिया एक्सप्रेस स्पाइसजेट जयपुर दुबई
Advertisment