Top News : खबरें आपके काम की

नमस्कार, कनाडा के हाईस्कूल में गोलीबारी, 10 लोगों की मौत; पाक का अमेरिका पर हमला, बोला-हमें टॉयलेट पेपर की तरह फेंका। देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर...

author-image
Sandeep Kumar
New Update
top news

कनाडा के स्कूल में गोलीबारी: 10 की मौत, हमलावर ढेर 

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में एक हाई स्कूल में हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि पुलिस ने हमलावर को ढेर कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और उन परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की और कनाडा के लोगों के साथ भारत की एकजुटता का संदेश दिया।

अमेरिका ने हमें इस्तेमाल किया, फिर टॉयलेट पेपर की तरह फेंका: पाकिस्तानी रक्षा मंत्री

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को संसद में अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि अमेरिका ने पाकिस्तान का अफगानिस्तान में अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया और बाद में जैसे टॉयलेट पेपर को फेंक दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने इस्लाम और मजहब के नाम पर दो जंग लड़ीं, लेकिन असल में ये सैन्य तानाशाहों द्वारा वैश्विक ताकत का समर्थन पाने की राजनीति थी। 11 सितंबर के हमलों के बाद खड़ा होने की कीमत आज भी पाकिस्तान चुका रहा है।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील में बड़ा बदलाव, दाल और 500 अरब डॉलर की खरीद पर नई शर्तें

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील में अचानक बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। व्हाइट हाउस द्वारा जारी संशोधित फैक्ट शीट के मुताबिक, अब भारत पर अमेरिका से दाल आयात करने की कोई शर्त नहीं है। इससे पहले, एक दिन पहले जारी फैक्ट शीट में दाल का जिक्र था। इसके अलावा, 500 अरब डॉलर के उत्पादों की खरीद को लेकर पहले भारत को प्रतिबद्ध बताया गया था। लेकिन अब यह कहा गया है कि भारत का इस खरीद का इरादा है, कोई बाध्यता नहीं।

अमेरिका ने मिडल-ईस्ट में सैन्य तैनाती बढ़ाई, मिसाइलों को ट्रकों पर तैनात

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने मिडल-ईस्ट में अपनी सैन्य तैनाती को और बढ़ा दिया है। सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा हुआ है कि कतर के अल-उदीद बेस पर पैट्रियट मिसाइल सिस्टम अब स्थायी लॉन्चर की बजाय ट्रकों पर तैनात किए गए हैं। यह बदलाव जनवरी के बाद क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए किया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, ट्रकों पर मिसाइलों की तैनाती से उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर जल्दी ले जाया जा सकता है।

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, MP उत्तराखंड में तापमान में उथल-पुथल

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। इसी बीच, भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के तंगधार इलाके में फंसी गर्भवती महिला का सफल रेस्क्यू किया। मध्य प्रदेश और राजस्थान में दिन का तापमान 30°C से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि उत्तराखंड के मुनस्यारी में पारा माइनस 29°C तक गिर गया।

सीतारमण ने TMC पर कसा तंज, बंगाल में पेट्रोल महंगा और GST पर सवाल उठाए

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को संसद में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के GST पर उठाए गए सवालों का जवाब दिया। सीतारमण ने कहा कि अभिषेक बनर्जी ने जानकारी को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC बंगाल में राज्य GST क्यों नहीं हटाती, जबकि पेट्रोल की कीमत दिल्ली से ₹10 अधिक है। उन्होंने यह भी कहा कि TMC को बंगाल की चिंता है तो पहले पेट्रोल के दाम घटाए और फिर GST पर बयान दें।

सरकार का सुप्रीम कोर्ट में दावा: वांगचुक को मेडिकल कारणों से रिहा नहीं किया जा सकता

केंद्र सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में कहा कि सोनम वांगचुक को मेडिकल आधार पर रिहा नहीं किया जा सकता। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि वांगचुक की जेल में अब तक 24 बार मेडिकल जांच हो चुकी है और वे पूरी तरह फिट हैं। सरकार ने कहा कि वांगचुक की हिरासत के कारण अभी भी बरकरार हैं और स्वास्थ्य कारणों से रिहाई नहीं दी जा सकती। वांगचुक को 2025 में हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

एमपी के हर किसान परिवार पर 74 हजार 420 रुपए का कर्ज, ये राज्य आगे

मध्यप्रदेश के हर किसानों के परिवार पर 74 हजार 420 रुपए का कर्ज है। इसका खुलासा संसद में टीएमसी सांसद के पूछ गए सवाल पर हुआ है। संसद में पेश ताजा रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश के किसानों की स्थिति मिली-जुली है। केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, यहां प्रति कृषक परिवार पर औसत बकाया ऋण 74 हजार 420 रुपए है। 

यह राष्ट्रीय औसत 74 हजार 121 रुपए के लगभग बराबर है। दक्षिण भारत और राजस्थान के किसानों से यहां के किसान कम कर्जदार हैं। टीएमसी सांसद कालिपद सरेन खेरवाल के सवाल पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह जानकारी दी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें... 

राजस्थान बजट 2026: कर्मचारियों की 'बल्ले-बल्ले', 8वें वेतन आयोग के लिए बनेगी हाईपावर कमेटी, सौगातों का पिटारा

राजस्थान की भजनलाल सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 'खुशियों का पिटारा' खोल दिया है। राज्य विधानसभा में बुधवार को पेश हुए बजट में घोषणाओं की ऐसी झड़ी लगाई, जिसने प्रदेश के प्रशासनिक तंत्र में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है। 8वें वेतन आयोग की सुगबुगाहट से लेकर महिला कर्मचारियों को चाइल्ड केयर लीव में बड़ी राहत देने तक इस बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

भारत माला परियोजना घोटाला: फरार चल रहे तत्कालीन तहसीलदार और नायब तहसीलदार गिरफ्तार

भारत माला परियोजना से जुड़े मुआवजा घोटाले में EOW और ACB ने बड़ी कार्रवाई की। फरार तहसीलदार शशिकांत कुर्रे और नायब तहसीलदार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों अधिकारियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। इस कार्रवाई को मामले की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

सिंहस्थ के पहले इंदौर-उज्जैन ग्रीन कॉरिडोर का रास्ता साफ, 662 किसानों को 626 करोड़ का मुआवजा

सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार लगातार कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दे रही है। इसमें इंदौर-उज्जैन के बीच ग्रीन फील्ड कॉरिडोर भी अहम है। इस प्रोजेक्ट की एक बड़ी बाधा दूर हो गई है। जमीन अधिग्रहण को लेकर 20 गांवों के 662 किसानों को 626 करोड़ 49 लाख का अवॉर्ड पारित किया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

मार्कफेड गोदामों में 14 करोड़ का कचरा, 6 करोड़ का किराया, सरकारी लापरवाही या खुली लूट

छत्तीसगढ़ में कुछ ऐसा चल रहा है कि ये सरकारी माल है लूट सके तो लूट। सरकारी धान को चूहे खा जाते हैं तो करोड़ों का धान सूख जाता है। ऐसा ही एक मामला है जिसमें भी घोटाले की बू आ रही है। अगर ये घोटाला नहीं है तो ये घोर प्रशासनिक लापवाही है जिसमें जनता के पैसों को उड़ाया जा रहा है। मार्कफेड के गोदामों में 14 करोड़ का अनुपयोगी या अमानक बारदाना पड़ा हुआ है। कमाल की बात तो यह है कि इस खराब बारदाने को रखने का किराया भी चुकाया जा रहा है। पांच साल में छह करोड़ रुपए इनको रखने का किराया चुकाया गया है। यह वही बारदाना है जिसमें धान रखी जाती है।  पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

अमेरिका ने हटाया भारतीय नक्शा: PoK और अक्साई चिन को भारत का हिस्सा दिखाया

खबरें काम की: अमेरिका के यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट हटा दी, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और अक्साई चिन को भारत का हिस्सा दिखाया गया था। यह पोस्ट 7 फरवरी को भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद साझा किया गया था, और जल्द ही चर्चा का विषय बन गया। अब तक अमेरिकी नक्शों में इन क्षेत्रों को विवादित दिखाया जाता था, लेकिन इस पोस्ट में इन्हें भारत का अभिन्न हिस्सा बताया गया था।

कनाडा पाकिस्तान अमेरिका निर्मला सीतारमण मध्यप्रदेश भारत माला परियोजना सिंहस्थ सुप्रीम कोर्ट खबरें काम की
Advertisment