प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, कहा-2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

Manya Jain | Sept 19, 2026, 17:14 IST
Share
PM MODI APPOIN<sub>​</sub>TMENT LETTER
PM MODI APPOIN​TMENT LETTER

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे। यह 20वां रोजगार मेला देश के 45 स्थानों पर आयोजित किया गया था। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। स्टार्टअप इकोसिस्टम में भी युवाओं का दम दिखाई दे रहा है। अब तक करीब 12.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा नियुक्ति पत्र बांटे। मोदी ने नए चुने गए कर्मचारियों को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि सभी युवा ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश बहुत बड़े लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।

यह लक्ष्य है 2047 तक विकसित भारत बनाने का, और इसमें युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है।पीएम मोदी ने कहा कि सरकार में रहते हुए युवाओं को हर वह निर्णय लेना है, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को लगातार सशक्त करे।

आपकी मेहनत के साथ परिवार की मेहनत भी शामिल

पीएम मोदी ने कहा कि देश में त्योहारों का समय शुरू हो चुका है और इन खुशियों के बीच यह दिन हजारों परिवारों के जीवन में नई खुशी लेकर आया है। उन्होंने बताया कि देश के 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि युवा आज जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसके पीछे उनकी मेहनत तो है ही, साथ ही उनके माता-पिता और परिजनों की भी तपस्या है। उन्होंने सभी युवा साथियों और उनके परिवारजनों को बधाई दी और कहा कि युवा होने के नाते अन्य युवाओं के प्रति भी उनकी एक विशेष जिम्मेदारी है।


स्टार्टअप इकोसिस्टम में भी दिख रहा युवाओं का दम

पीएम मोदी के मुताबिक भारत के युवाओं के सामर्थ्य की एक और तस्वीर देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम में दिखाई देती है। भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है और भारत की स्टार्टअप स्टोरी अब केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है।

उनके मुताबिक आज करीब आधे रिकग्नाइज्ड स्टार्टअप टियर-2 और टियर-3 शहरों में हैं।



BRICS समिट का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने कुछ दिन पहले खत्म हुए BRICS समिट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि BRICS का सहयोग सिर्फ सरकारों तक सीमित न रहे, बल्कि देश के एंटरप्रेन्योर्स, किसान, महिलाएं और युवा भी इस साझेदारी में सक्रिय रूप से शामिल हों।

इसी सोच के साथ ब्रिक्स कनेक्ट और ब्रिक्स MSME कोऑपरेशन पोर्टल जैसी पहल शुरू की गई हैं। पिछले कुछ सालों में भारत सरकार का लगातार ध्यान युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने पर रहा है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्किल इंडिया मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और अप्रेंटिसशिप को बढ़ावा देने के प्रयासों के जरिए सरकार की कोशिश यही रही है कि युवाओं की शिक्षा और कौशल को बदलती अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप बनाया जाए।


देश के 45 स्थानों पर हुआ रोजगार मेला

आज जिन युवाओं को नियुक्ति पत्र मिले, उनकी नियुक्तियां केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों और संगठनों में हुई हैं। रोजगार मेला देश के 45 स्थानों पर आयोजित किया गया।

नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थी केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों में काम शुरू करेंगे।

जिनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय शामिल हैं। अब तक अलग-अलग विभागों और सरकारी संगठनों में करीब 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं।


अक्टूबर 2022 से शुरू हुआ था रोजगार मेला

प्रधानमंत्री ने 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले का पहला चरण शुरू किया था। उस समय पीएम मोदी ने कहा था कि उनका लक्ष्य देश के युवाओं को 2023 के आखिर तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देना था।

लोकसभा चुनाव से पहले 12 फरवरी 2024 को 12वां रोजगार मेला आयोजित हुआ था। जिसमें सबसे ज्यादा 1 लाख नियुक्ति पत्र बांटे गए थे। वहीं 11 लाख का आंकड़ा साल 2025 में पूरा हुआ था।
Tags:
  • MSME
  • स्टार्टअप्स
  • BRICS
  • नियुक्ति पत्र
  • रोजगार मेला
  • विकसित भारत
  • आत्मनिर्भर
  • पीएम मोदी
  • इकोसिस्टम
  • प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना
गूगल पर द सूत्र चुनें ! Add as a preferredsource on Google