MP राज्यसभा चुनाव : सीएम मोहन यादव ने दिल्ली में राष्ट्रीय नेतृत्व से की मुलाकात

Amresh Kushwaha | Jun 04, 2026, 08:22 IST
Share
mp rajyasabha chunav bjp congress candidate announcement
mp rajyasabha chunav bjp congress candidate announcement

मध्यप्रदेश में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए BJP और कांग्रेस दोनों की तैयारियां तेज हो गई हैं। CM मोहन यादव और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दिल्ली में राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात की। एक-दो दिन में प्रत्याशियों के नाम आ सकते हैं।

समझें क्या है पूरा मामला...

  • मध्यप्रदेश में 18 जून को राज्यसभा चुनाव होने वाला है।
  • BJP और कांग्रेस दोनों के नेता दिल्ली में राष्ट्रीय नेतृत्व से मिले।
  • CM मोहन यादव और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अहम बैठकें कीं।
  • कांग्रेस खेमे में दिग्विजय सिंह का नाम भी उम्मीदवारी में चर्चा में है।
  • एक-दो दिन के भीतर दोनों पार्टियां अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर सकती हैं।

BJP की तैयारियां अंतिम दौर में

मध्यप्रदेश में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha Election) को लेकर बीजेपी की रणनीतिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बुधवार, 03 जून को दिल्ली से लेकर भोपाल तक सियासी हलचल तेज रही।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में कई केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से भी बैठक की। आधिकारिक रूप से यह मुलाकात विकास कार्यों को लेकर थी। वहीं, माना जा रहा है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्यसभा चुनाव की रणनीति और प्रदेश संगठन के इनपुट पर सीएम से जरूरी बातचीत की है।

हेमंत खंडेलवाल दो दिन से दिल्ली में डेरा

BJP प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इससे पहले ही दो दिनों से दिल्ली में डेरा डाले हुए थे। वे केंद्रीय नेतृत्व के साथ कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में शामिल हुए थे।

सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों में मध्यप्रदेश संगठन की तरफ से तैयार जमीनी फीडबैक, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरणों का पूरा खाका केंद्रीय आलाकमान के सामने रखा गया था। यानी उम्मीदवार का नाम तय करते वक्त जाति, क्षेत्र और संगठन की ताकत सब कुछ देखा जा रहा है। राष्ट्रीय नेतृत्व से अहम दिशा-निर्देश लेने के बाद खंडेलवाल भोपाल वापस लौट आए।

अब CEC के हाथ में है फैसला

BJP सूत्रों के मुताबिक, राज्यसभा चुनावों के जरिए पार्टी आगामी संगठनात्मक प्राथमिकताओं को भी साधने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष की दिल्ली यात्राओं के बाद अब गेंद पूरी तरह केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के पाले में है।

माना जा रहा है कि अगले 48 घंटों में दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही पार्टी अपने अधिकृत नामों का ऐलान कर देगी।

भाजपा के दावेदार कौन-कौन?

भाजपा में कई बड़े नामों की चर्चा है। इनमें लाल सिंह आर्य, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, कैलाश विजयवर्गीय, अरविंद भदौरिया, डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी और रंजना बघेल के नाम सबसे आगे हैं। इनमें से कई नेता पिछले कुछ दिनों में दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय नेतृत्व से मिल चुके हैं। संगठन पदाधिकारियों और प्रभावशाली नेताओं से मुलाकात का दौर जारी है।

कांग्रेस में भी मची है होड़

दूसरी तरफ कांग्रेस (Indian National Congress) खेमे में राज्यसभा की एक सीट के लिए दावेदारों की फेहरिस्त काफी लंबी होती जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी और सीडब्ल्यूसी (Congress Working Committee) सदस्य कमलेश्वर पटेल के नामों की चर्चा पहले से थी।

वहीं,अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम भी दावेदारी में सामने आ गया है। इससे कांग्रेस के भीतर अंदरखाने की सियासत और भी जटिल हो गई है।

5 जून को दिल्ली में होगा कांग्रेस का फैसला

कांग्रेस ने उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए 5 जून को दिल्ली में एक बड़ी और अहम निर्णायक बैठक बुलाई है। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मध्यप्रदेश के दिग्गज नेताओं के साथ मंथन करेंगे।

बैठक में शामिल होने के लिए मप्र कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार दिल्ली पहुंच रहे हैं। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के बयान के मुताबिक, फिलहाल नामों की कोई अंतिम सूची तैयार नहीं हुई है।

इस बयान से साफ है कि कांग्रेस में अभी भी अंदरूनी खींचतान जारी है। दिग्गजों के बीच सहमति बनाना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगी।

किस पार्टी को कितनी सीटें?

तीन सीटों में से भाजपा दो सीटें जीतने की स्थिति में है और कांग्रेस एक सीट पर दावा करती है। विधानसभा में सदस्य संख्या के आधार पर यह समीकरण बनता है। लेकिन असली दिलचस्पी उम्मीदवारों के नामों को लेकर है। दोनों दलों में टिकट पाने की होड़ मची हुई है।

एमपी राज्यसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल

मध्य प्रदेश में 21 जून को रिक्त होने वाली राज्यसभा की तीन सीटों के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। नामांकन की आखिरी तारीख 8 जून है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को और नाम वापसी 11 जून तक होगी।

मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना भी होगी। यानी 18 जून की शाम तक यह साफ हो जाएगा कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा कौन जाएगा।

ये खबरें भी पढ़िए...

MP राज्यसभा चुनाव 2026: अब मचेगा बड़ा सियासी घमासान! BJP की तीसरी सीट पर नजर

राज्यसभा चुनाव से पहले MP में सियासी शतरंज: BJP का क्रॉस वोटिंग प्लान

एमपी में राज्यसभा चुनाव को लेकर सिंघार ने जताई हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका, मंत्री ने किया पलटवार

कांग्रेस के अरुण यादव का भी राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवारी से इंकार, बीजेपी का तंज

Tags:
  • कैलाश विजयवर्गीय
  • पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ
  • पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी
  • पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह
  • लाल सिंह आर्य
  • नरोत्तम मिश्रा
  • राज्यसभा चुनाव
  • Rajya Sabha Election
  • एमपी राज्यसभा चुनाव
  • राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
  • नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
गूगल पर द सूत्र चुनें ! Add as a preferredsource on Google