अगर हां… तो इसकी वजह क्या है....और अगर दूसरा विकल्प तलाशा जाए तो विकल्प क्या हो सकते हैं।
बीजेपी नहीं तो ब्राह्मणों के पास क्या विकल्प?
सोशल मीडिया पर खासतौर से ट्विटर पर कुछ पोस्ट स्क्रॉल कर रहा था। तब मेरे सामने चंद ऐसी रील आईं जिसने मुझे भी आज ये सवाल उठाने पर मजबूर कर दिया कि बीजेपी नहीं तो ब्राह्मणों के पास क्या विकल्प है। उसकी वजह ये है कि बीजेपी हमेशा से सवर्णों की पार्टी मानी जाती रही है। बीजेपी के हिंदूवादी मुद्दे और सवर्णों के लिए बीजेपी का हमेशा आगे रहना। हर सवर्ण समाज को ये यकीन दिलाता रहा कि बीजेपी उनकी अपनी पार्टी है।
लेकिन सत्ता में आओ तो सिर्फ संकल्प और प्रतिबद्धता से काम नहीं चलता। कई बार समझौते करने पड़ते हैं और, भारत जैसे देश में हर विविधता को साथ लेकर चलना पड़ता है। खासतौर से तब जब मामला वोटों के दम पर जीतने का हो तो हर जाति, वर्ग, समुदाय और मजहब को साथ लेकर चलना ही पड़ता है।
बीजेपी भी अन्य वर्गों को साधने में जुटी
इसे मजबूरी करें या सोची समझी रणनीति कि बीजेपी भी उन वर्गों को साधने में ज्यादा जुट गई है, जिन्हें बाकी सारी पार्टियां ही साधती रही हैं। आदिवासियों के हक की बात करना एससी और ओबीसी को साथ लेकर चलना। ये सारी राजनीतिक मजबूरियां हैं। जिसका एक उदाहरण ये भी है कि ज्यादातर ब्राह्मण जनप्रतिनिधी होने के बावजूद बीजेपी ओबीसी वर्ग को भरपूर मौका दे रही है। आप मध्यप्रदेश को ही देख लीजिए। यहां पहले भी ओबीसी सीएम था यानी कि शिवराज सिंह चौहान और अब भी ओबीसी वर्ग से ही सीएम चुने गए हैं यानी कि मोहन यादव। मप्र के अलावा बाकी राज्यों की बात करते हैं। बिहार में सम्राट चौधरी सीएम हैं जो खुद कोईरी यानी कि ओबीसी समाज से आते हैं। हरियाणा से नायब सिंह सैनी ओबीसी हैं। गुजरात के भूपेंद्र पटेल ओबीसी, मणिपुर के सीएम युमनम खेमचंद सिंह भी ओबीसी हैं।
बीजेपी ने सीएम की कुर्सी सौंपते समय बैलेंस बनाया
छत्तीसगढ़ के भाजपाई सीएम विष्णु देव साय एसटी, ओडिशा के मोहन चरण माझी एसटी और अरुणाचल प्रदेश के पेमा खांडू भी एसटी वर्ग से हैं। उत्तरप्रदेश के योगी और उत्तराखंड के धामी राजपूत हैं। दिल्ली की रेखा गुप्ता वेश्य समुदाय से हैं। राजस्थान, महाराष्ट्र, त्रिपुरा और असम के सीएम ऐसे हैं जो ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। इस लिस्ट को देखें तो कह सकते हैं कि बीजेपी ने सीएम की कुर्सी सौंपते समय बी बैलेंस बनाए रखने की पूरी कोशिश की है। बिलकुल एकतरफा ब्राह्मणों को समर्थन दिया हो ऐसा नहीं कहा जा सकता।
अजीत भारती के तेरह हजार से ज्यादा फॉलोअर्स
अब मैं एक बार फिर उन पोस्ट की तरफ आपको ले जाता हूं, जिनका जिक्र मैंने शुरुआत में किया था। अजीत भारती यूट्यूब नाम का ट्विटर हैंडल है, जिसके एक लाख तेरह हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इस चैनल पर अजीत भारती से सवाल हुआ कि वो अचानक बीजेपी से नाराज क्यों हो गए या बेरूखी क्यों मोल ले ली। जिसके बदले अजीत भारती ने जवाब दिया कि जब तक बीजेपी और उसके नेता ब्राह्मणों के हित की बात कर रहे थे. तब तक वो बीजेपी के साथ थे।
आपकी जानकारी के लिए मैं ये भी बता दूं कि अजीत भारती एक पत्रकार हैं और, अपने चैनल के मार्फत ब्राह्मणों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। साथ ही रिजर्वेशन के खिलाफ भी उनकी आवाज बुलंद रही है। यूट्यूब पर उनके आठ लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। अभी अभी मैंने आपको अजीत भारती का जो ट्विटर वीडियो दिखाया। उसे पोस्ट कर एक और शख्स ने ट्वीट किया है और सवाल किया है कि बीजेपी नहीं तो ब्राह्मणों के पास विकल्प क्या है।
इस हैंडल से जो पोस्ट हुआ है, उसका मैटर कुछ यूं है
कभी कांग्रेस भी इसी भ्रम में रहती थी कि मुसलमान जाएगा कहां? विकल्प क्या है? विकल्प कहां है? लेकिन राजनीति में विकल्प हमेशा बनते हैं। जब किसी समाज को लगता है कि उसकी उपेक्षा हो रही है और उसके हितों की अनदेखी की जा रही है, तो विकल्प तलाशने में देर नहीं लगती। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी, महाराष्ट्र में शरद पवार, तेलंगाना में क्षेत्रीय दल और यहां तक की आम आदमी पार्टी, असदुद्दीन ओवैसी जैसे राजनीतिक विकल्प मुसलमानों के सामने आए। इसलिए भाजपा को भी इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि सवर्ण समाज के पास कोई विकल्प नहीं है। कांग्रेस भी कभी इसी गलतफहमी में थी।
राजनीति में कोई भी समाज किसी एक पार्टी का स्थायी बंधक नहीं होता। उपेक्षा बढ़ती है तो विकल्प भी पैदा होते हैं। ये तो अभी ताजा ताजा पोस्ट है। फेसबुक पर
ब्राह्मण एकता सनातन एकता नाम के एक हैंडल ने अप्रैल में ही ये सवाल कर डाला था कि बीजेपी से नाराज ब्राह्मण कहां जा सकता है।
बीजेपी से ब्राह्मण नाराज क्यों हैं?
ऐसी चिंता आपको भी कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नजर आ जाएगी। जाहिर है आप ये जरूर जानना चाहेंगे कि बीजेपी से ब्राह्मण नाराज क्यों हैं। सत्ता में अपनी अनदेखी से ब्राह्मण वर्ग खासा नाराज है। इस वर्ग को उम्मीद थी कि बीजेपी में मंत्रिमंडल से लेकर दूसरे पदों पर ब्राह्मणों को तवज्जो मिलेगी और ब्रह्रमाण बहूल इलाकों का भी फायदा होगा। लेकिन ऐसा पूरी तरह नहीं हुआ। केंद्र हो या फिर राज्य हर जगह का मंत्रिमंडल हर वर्ग के बैलेंस के साथ तैयार हुआ है। यही वजह है कि मप्र में भी विंध्य और चंबल के कई ब्राह्मण नेता नाराज हैं। आरक्षण पर भी बीजेपी कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है। ये सब मामले ब्राह्मणों की नाराजगी को अंदर ही अंदर सुलगा रहे थे। जिसमें आग में घी का काम किया उप्र के अलंकार अग्निहोत्री कांड ने अलंकार अग्निहोत्री बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट थे। जिनके खिलाफ अनुशासनात्म कार्रवाई के आदेश हुए लेकिन अग्निहोत्री ने अपने इस्तीफे की वजह बताई यूजीसी का वो फैसला जिसके तहत ये साफ कर दिया था कि कास्ट बेस्ड डिस्क्रिमिनेशन का मतलब है कि आदिवासी, एससी और दूसरी पिछड़ी जातियों के साथ हुआ भेदभाव जिसकी शिकायत की जा सकती है। हालांकि इस फैसले के बाद ब्राह्मणों का गुस्सा बढ़ा तो उस पर रोक भी लगा दी गई। लेकिन तब तक अंदर सुलगती हुई आग भड़क चुकी थी। अलंकर अग्निहोत्री ने कहा कि यूपी में ब्राह्मण विरोधी अभियान चल रहा है। यूजीसी के नियम को भी उन्होंने जनरल कैटेगरी विरोधी बताया। इसके कुछ दिन बाद यूपी के ब्राह्मण विधायकों ने बंद कमरे में एक बैठक की। बैठक में क्या हुआ ये तो बाहर नहीं आया पर ये प्रोपगेंडा खूब सुर्खियों में रहा कि ब्राह्मण अब बीजेपी से नाराज हैं।
अगर ब्राह्मण बीजेपी से नाराज तो कहा जाएगा?
अब सवाल ये है कि ब्राह्मण अगर नाराज है तो कहां जाएगा। क्योंकि बीजेपी के अलावा सारे दल बाहर से खुद को सेक्यूलर दिखाते हैं। और जब भी कोई चुनावी गणित तैयार करते हैं तो सिर्फ ब्राह्मणों के लिहाज से नहीं होता। क्या इसकी वजह ये है कि देश की कुल आबादी में ब्राह्मणों का प्रतिशत से चार से छह फीसदी के बीच है। यूपी, बिहार और मप्र के कुछ ही बेल्ट ऐसे हैं जहां ब्राह्मणों का दबदबा है और वो निर्णायक हैं। बाकी जगह बाकी जाति वर्गों का गणित बिठाना जरूरी हो जाता है। इसलिए कोई भी पार्टी सिर्फ ब्राह्मणों को ध्यान में रख कर योजना या प्लानिंग नहीं करती है तो फिर बीजेपी का विकल्प क्या है।
यूपी चुनाव में ब्राह्मणों पर नजर
ब्राह्मण विरोधी अभियान का शगूफा छेड़ने वाले अग्निहोत्री ने खुद एक राजनीति दल बनाया है। जिसका नाम है राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा, यानी कि R…A….M… राम जिसे वो सोशल मीडिया पर सिर्फ ब्राह्मणों की पार्टी बनाकर खूब वायरल कर रहे हैं। क्या अग्निहोत्री की ये पार्टी बीजेपी का विकल्प हो सकती है जो यूपी में करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है। वैसे यूपी चुनाव में कांग्रेस, सपा औऱ बसपा भी ब्राह्मण वर्ग पर डोरे डाल सकती है। लेकिन पूरी तरह से सिर्फ इस वर्ग का साथ दे ऐसा नामुमकिन ही लगता है, तो फिर ब्राह्मण वर्ग कहां जाएगा। आपकी क्या राय है। क्या आपको भी बीजेपी के अलावा कोई और उम्मीद की किरण नजर आती है।