कौन हैं प्रणय उपाध्याय... जिनके एक सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत के लिए दिया बड़ा वचन

Ravi Kant Dixit | Jun 19, 2026, 21:31 IST
Share
प्रणय उपाध्याय
प्रणय उपाध्याय

G7 शिखर सम्मेलन में मध्यप्रदेश के पत्रकार प्रणय उपाध्याय ने ट्रंप से भारत को लेकर सवाल पूछा। जवाब में ट्रंप ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत पर हमला हुआ तो अमेरिका साथ खड़ा रहेगा। जानें प्रणय का मध्यप्रदेश से कनेक्शन।

नई दिल्ली. कभी-कभी एक सवाल पूरी दुनिया का ध्यान खींच लेता है। फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस शहर में हुए जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान ऐसा ही एक पल आया, जब मध्यप्रदेश से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार प्रणय उपाध्याय ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से भारत को लेकर सवाल पूछा। इस सवाल के जवाब में ट्रम्प ने ऐसा बयान दिया, जिसकी चर्चा अब अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक गलियारों में हो रही है।

ट्रम्प ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यदि कभी भारत पर हमला होता है तो अमेरिका उसके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के बीच रक्षा संबंध महत्वपूर्ण हैं। हालांकि दोनों देशों के बीच ऐसा कोई औपचारिक समझौता नहीं है, फिर भी पीएम मोदी के रहते भारत को लेकर उनका भरोसा और समर्थन कायम रहेगा। ट्रम्प ने यह भी साफ किया कि यदि भारत में कोई नया नेतृत्व होगा तो उस स्थिति में उन्हें फिर से विचार करना पड़ेगा।

ट्रम्प का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब दुनिया के कई हिस्सों में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है। वैश्विक शक्तियां नए समीकरण तलाश रही हैं। ऐसे में दुनिया के सबसे प्रभावशाली देशों में शामिल अमेरिका के राष्ट्रपति का यह मैसेज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहद अहम है।

मोदी-ट्रम्प मुलाकात में क्या हुआ?

मोदी और ट्रम्प की मुलाकात
मोदी और ट्रम्प की मुलाकात


शिखर सम्मेलन में मोदी और ट्रम्प की मुलाकात सबसे चर्चित रही। दोनों शीर्ष नेताओं के बीच गर्मजोशी दिखाई दी और इसी दौरान भारत-अमेरिका संबंधों पर कई महत्वपूर्ण बातें सामने आईं। यहीं पर इंडिया टुडे के वरिष्ठ पत्रकार प्रणय उपाध्याय ने ट्रम्प से सवाल किया। उन्होंने पूछा, 'आप कई बार कह चुके हैं कि जब तक आप राष्ट्रपति हैं, तब तक भारत का अमेरिका में एक अच्छा दोस्त है, लेकिन हाल के कुछ फैसलों से भारत में चिंता और परेशानी की स्थिति बनी है। ऐसे में आप भारत के लोगों को क्या भरोसा दिलाना चाहेंगे?'

इस सवाल के जवाब में ट्रम्प ने कहा, 'जब तक वे राष्ट्रपति हैं, व्हाइट हाउस में भारत का एक बहुत अच्छा दोस्त मौजूद रहेगा।' उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि परेशानी कहां हुई है, क्योंकि उन्हें ऐसा नहीं लगता। अमेरिका में हर कोई भारत से प्यार करता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत सम्मान करता है।

भारत यात्रा का भी किया जिक्र

अपने जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ने मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों का भी उल्लेख किया। ट्रम्प ने कहा कि उनका भारत के साथ शानदार रिश्ता है। वे जल्द ही भारत की यात्रा पर आएंगे। उन्होंने अपनी पिछली भारत यात्रा को भी याद किया और कहा कि भारत के साथ उनके संबंध हमेशा सकारात्मक और मजबूत रहे हैं।

ट्रम्प ने वैश्विक व्यवस्था में भारत की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया के संघर्षों में भी भारत की भूमिका महत्वपूर्ण रही है और अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत लगातार एक जिम्मेदार शक्ति के रूप में उभरा है।

प्रणय का रतलाम से दिल्ली और फिर विदेश तक का सफर

प्रणय उपाध्याय मीटिंग में
प्रणय उपाध्याय मीटिंग में


पत्रकार प्रणय उपाध्याय का मध्यप्रदेश से गहरा जुड़ाव है। उनका जन्म रतलाम में हुआ है। उन्होंने इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से पत्रकारिता (BJMC) की डिग्री हासिल की है। उनके पिता डॉ. प्रकाश उपाध्याय प्रतिष्ठित शिक्षाविद् रहे हैं। हिंदी के प्रोफेसर के रूप में उन्होंने करीब चार दशक तक शिक्षा जगत को अपनी सेवाएं दीं। लंबे समय तक आलीराजपुर के पीजी कॉलेज के प्राचार्य रहे और वहीं से सेवानिवृत्त हुए।

प्रणय उपाध्याय के परिवार की पहचान शिक्षा और बौद्धिक परंपरा से रही है। उनके चाचा गिरीश उपाध्याय भी वरिष्ठ पत्रकार हैं। गिरीश उपाध्याय बताते हैं कि प्रणय शुरू से ही बेहद प्रतिभाशाली रहे हैं। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर उनकी समान पकड़ है, जो उन्हें देश के चुनिंदा पत्रकारों में अलग पहचान दिलाती है।

जयशंकर के साथ प्रणय
जयशंकर के साथ प्रणय


उन्होंने अखबार, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया तीनों माध्यमों में काम किया है। हाल के वर्षों में उन्होंने इजरायल और यूक्रेन युद्ध जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों की जमीनी रिपोर्टिंग की है। वर्तमान में वे इंडिया टुडे ग्रुप में ग्लोबल एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। प्रणय अपनी पत्नी और बेटी के साथ दिल्ली में रहते हैं।

अब तक प्रणय उपाध्याय दुनिया के 45 से अधिक देशों से रिपोर्टिंग कर चुके हैं। उन्होंने यूक्रेन युद्ध, तुर्की भूकंप, ताइवान संकट और अमेरिकी चुनाव जैसी अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को करीब से कवर किया है। विदेश नीति, राजनीति, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है।

ट्रम्प का बयान इसलिए भी अहम

डोनाल्ड ट्रम्प का यह बयान कई कारणों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन से सैन्य मदद मिली थी। ऐसे माहौल में भारत के प्रति अमेरिकी समर्थन का संकेत रणनीतिक दृष्टि से बड़ा संदेश माना जा रहा है।

इस बयान की एक और वजह भी है। ट्रम्प ने यह बात फ्रांस में कही, जो नाटो का सदस्य देश है। वहीं ट्रम्प पहले कई बार नाटो से दूरी बनाने या उससे अलग होने जैसी बातें कर चुके हैं। ऐसे में भारत को लेकर दिया गया उनका यह संदेश वैश्विक शक्ति संतुलन और रक्षा सहयोग के संदर्भ में नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत के प्रति अमेरिकी राष्ट्रपति की इस सार्वजनिक प्रतिबद्धता से दुनिया में नए सैन्य और कूटनीतिक समीकरण उभर सकते हैं।

ये खबरें भी पढ़ें....

Top News: खबरें काम की... 16 माह बाद मिले मोदी-ट्रम्प

एमपी विधानसभा का 5 दिवसीय मानसून सत्र: कृषि से लेकर गृह और ऊर्जा विभाग तक रहेंगे सदन के केंद्र में

एमपी में कब और कहां से होगी भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत, जानें इसके बेनिफिट्स

एमपी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की ओंकारेश्वर में पूजा-अर्चना, मोहन सरकार के काम को सराहा

Tags:
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • रतलाम
  • डोनाल्ड ट्रम्प
  • पत्रकार
  • आलीराजपुर
  • जी-7 शिखर सम्मेलन
  • इंडिया टुडे ग्रुप
  • प्रणय उपाध्याय
बैंक खातों पर डिजिटल निगरानी : लाखों के ऑनलाइन लेनदेन पर सख्त एक्शन, खाता चालू कराने लगाने पड़ रहे हैं महीनों चक्कर

By Umeshwari Baghel

बैंक खातों पर डिजिटल निगरानी : लाखों के ऑनलाइन लेनदेन पर सख्त एक्शन, खाता चालू कराने लगाने पड़ रहे हैं महीनों चक्कर
एमपी शिक्षक भर्ती में फिर जगी पदवृद्धि की उम्मीद, 20 दिसंबर की TET से पहले मिलेगी खुशखबरी?

By Aman Vaishnav

एमपी शिक्षक भर्ती में फिर जगी पदवृद्धि की उम्मीद, 20 दिसंबर की TET से पहले मिलेगी खुशखबरी?
राजस्थान में निवेश और रोजगार के बड़े-बड़े दावे, लेकिन उद्योग से भर्ती संस्थानों तक कई बड़े पद खाली

By Raghvendra Singh Rathore

राजस्थान में निवेश और रोजगार के बड़े-बड़े दावे, लेकिन उद्योग से भर्ती संस्थानों तक कई बड़े पद खाली
बरगी क्रूज हादसा: 13 मौतों की जांच में 2 महीने की और मोहलत, 9 जनवरी तक आएगी रिपोर्ट

By Arohi Raj

बरगी क्रूज हादसा: 13 मौतों की जांच में 2 महीने की और मोहलत, 9 जनवरी तक आएगी रिपोर्ट
रिश्वत लेने में पटवारी सबसे आगे, अभी तक नौ पकड़े गए, घूसखोरी में नंबर दो पर पुलिस विभाग

By Sanjay Gupta

रिश्वत लेने में पटवारी सबसे आगे, अभी तक नौ पकड़े गए, घूसखोरी में नंबर दो पर पुलिस विभाग
फर्जी कोर्ट आदेश से 129 वेबसाइट ब्लॉक! नकली QR कोड और ईमेल से सरकार को लगाया चूना, राजस्थान में FIR की तैयारी

By Jageshwar Prasad

फर्जी कोर्ट आदेश से 129 वेबसाइट ब्लॉक! नकली QR कोड और ईमेल से सरकार को लगाया चूना, राजस्थान में FIR की तैयारी
राजस्थान के सरकारी स्कूलों में गेस्ट फैकल्टी भर्ती, 30 हजार तक मानदेय; बिना इंटरव्यू होगा चयन

By Ashish Bhardwaj

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में गेस्ट फैकल्टी भर्ती, 30 हजार तक मानदेय; बिना इंटरव्यू होगा चयन