Top News : खबरें आपके काम की

नमस्कार, मोदी कैबिनेट ने बुधवार को 14 फसलों के एमएसपी बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं, विजय शाह मामले में SC ने SIT को जांच के लिए और वक्त दे दिया है। इस खबर के साथ ही देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर... 

author-image
Manish Kumar
New Update
top-news-thesootr-28-may

Photograph: (the sootr)

Listen to this article
0.75x 1x 1.5x
00:00 / 00:00

केंद्रीय कैबिनेट 5 बड़े फैसले: धान, कपास, सोयाबीन समेत 14 फसलों का MSP बढ़ा

केंद्रीय कैबिनेट बैठक में आज कई अहम फैसले लिए हैं। किसानों के कल्याण और बुनियादी ढांचे पर खास जोर दिया गया है। किसानों के लिए खरीफ फसलों की एमएसपी और ब्याज सहायता योजना को बढ़ावा दिया गया है। तीन बुनियादी ढांचा परियोजनाएं मंजूर की गई हैं। इनमें एक चार लेन का राजमार्ग और दो रेलवे लाइनें शामिल हैं। केंद्र सरकार ने खरीफ की 14 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ा दी है। धान की नई कीमत 2,369 रुपए प्रति क्विंटल तय की गई है। यह पिछली कीमत से 69 रुपए अधिक है। कपास की MSP 7,710 रुपए और एक किस्म की MSP 8,110 रुपए कर दी गई है। यह पहले से 589 रुपए ज्यादा है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

विजय शाह मामले की SC में सुनवाई, कोर्ट ने SIT को जांच के लिए दिया वक्त, नहीं होगी मंत्री की गिरफ्तारी

सुप्रीम कोर्ट ने मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ दिए गए विवादित बयान मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) को समय दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई जुलाई में होगी। मंत्री विजय शाह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मीडिया के सामने पाकिस्तान पर भारतीय सेना की कार्रवाई की जानकारी देने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद यह मामला गंभीर हो गया। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका मिला था। कोर्ट ने विजय शाह के माफीनामे को खारिज करते हुए मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाने के आदेश दिए थे। हालांकि मंत्री विजय शाह को गिरफ्तारी से राहत दी गई थी। कोर्ट की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी भी गौर करने वाली थी। पहले हाईकोर्ट की फटकार और सुप्रीम कोर्ट के अविश्वास से मध्य प्रदेश के अफसरों की जांच पर सवालिया निशान लग गया था। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर नक्सलियों ने 5000 किलोग्राम विस्फोटक लूटा

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा के बलगांव थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया। करीब 40 से अधिक नक्सलियों ने पत्थर खदान से 5000 किलो विस्फोटक लूट लिया। विस्फोटक 25-25 किलो की 200 पेटियों में रखा था। यह विस्फोटक झारखंड के सुंदरगढ़ जिले की बैंग पत्थर खदान से लेकर जाया जा रहा था। नक्सलियों ने ड्राइवर को अगवा कर वैन सहित बारूद को जंगल की ओर ले गए। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान तेज कर दिया है। नक्सलियों की इस वारदात ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इस बारूद का इस्तेमाल आतंक फैलाने में किया जा सकता है। पुलिस और सुरक्षा बल नक्सलियों की तलाश में लगे हैं।

पाकिस्तान से सटे राज्यों में मॉक ड्रिल का अलर्ट, राजस्थान-गुजरात-हरियाणा-जम्मू कश्मीर में सायरन बजेंगे

पाकिस्तान से सटे राज्यों जम्मू-कश्मीर, गुजरात, हरियाणा और राजस्थान में गुरुवार शाम को मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। पंजाब में यह अभ्यास 3 जून को होगा। अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने और सहयोग करने की अपील की है। इस अभ्यास का उद्देश्य युद्ध या आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित रहने की ट्रेनिंग देना है। 7 मई को देश के 244 जिलों में भी व्यापक मॉक ड्रिल हुई थी, जो पिछले 50 वर्षों में पहली बार इतनी व्यापक स्तर पर आयोजित की गई। पिछली बार ऐसी मॉक ड्रिल 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान हुई थी। 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इस ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है, जिसके चलते यह मॉक ड्रिल जरूरी हो गई है।

मुंबई में तेज बारिश, राजस्थान में गर्मी, 17 राज्यों में बारिश का दौर जारी

देश के 17 राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री 12 दिन पहले और ओडिशा में 13 दिन पहले हुई। दोनों राज्यों के कई जिलों में तेज बारिश हुई है। महाराष्ट्र के मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में बुधवार को भारी बारिश हुई, जिसके कारण येलो अलर्ट जारी किया गया। बदलापुर, उल्हासनगर, कल्याण, डोंबिवली और ठाणे के कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हुई। राजस्थान में मौसम ने तीन रूप दिखाए। बूंदी जिले में गर्मी से एक वृद्ध महिला की मौत हुई, जबकि उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा में बारिश जारी है। जैसलमेर में सुबह से धूलभरी आंधी चल रही है। मध्यप्रदेश के 40 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी है, जिनमें भोपाल, इंदौर और उज्जैन शामिल हैं। बिहार के 12 जिलों में भी येलो अलर्ट जारी है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा का निधन, 89 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस

पंजाब के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और बुधवार शाम 5 बजे मोहाली के अस्पताल में उनका निधन हुआ। ढींढसा ने 2000 से 2004 तक अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री के रूप में सेवा की। 2019 में उन्हें पद्म भूषण सम्मान से नवाजा गया था, लेकिन दिसंबर 2020 में किसान आंदोलन के समर्थन में उन्होंने यह पुरस्कार लौटा दिया था। उनका अंतिम संस्कार 30 मई को होगा। उनके निधन पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। ढींढसा के बेटे परमिंदर सिंह भी पंजाब सरकार में वित्त मंत्री रह चुके हैं।

देश में कोरोना के 1200 सक्रिय मामले, यूपी-बिहार दौरे पर पीएम के आसपास टेस्टिंग बढ़ाई

देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या 1200 तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र में 325 सक्रिय मरीज हैं, जिनमें से 316 सिर्फ मुंबई में हैं। केरल में 430 मरीज सबसे अधिक हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र में 66, कर्नाटक में 36, गुजरात में 17, बिहार में 5 और हरियाणा में 3 नए मामले सामने आए। उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं, जहां अरुणाचल प्रदेश में दो महिलाएं पॉजिटिव पाई गईं। फिरोजाबाद, यूपी में 78 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना से मौत हुई, जो राज्य में नए वैरिएंट से पहली मौत है। महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में कुल 11 मौतें पहले ही हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 29-30 मई के यूपी-बिहार दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। पीएम के 100 मीटर के दायरे में रहने वाले सभी लोगों की कोरोना जांच सुनिश्चित की जाएगी।

MP में सरकारी कर्मचारियों के तबादले अब 10 जून तक, इलाज के लिए 80 फीसदी एडवांस मिलेगा

मध्यप्रदेश सरकार ने मंगलवार को कर्मचारियों के हित में तीन महत्वपूर्ण निर्णय किए हैं। इनमें 2025 की तबादला नीति के तहत तबादलों की समय सीमा को बढ़ाकर 10 जून तक कर दिया गया है। इससे पहले यह तारीख 30 मई निर्धारित थी। साथ ही, कर्मचारियों और पेंशनधारकों को इलाज पर होने वाले कुल खर्च का 80 प्रतिशत एडवांस दिया जाएगा। नए कर्मचारियों को उनके वेतन और भत्ते पूरी राशि के साथ मिलेंगे। इन फैसलों से लगभग 12 लाख अधिकारियों और कर्मचारियों को लाभ होगा। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

गुजरात जा रही थी बिहार STF की टीम, एमपी में हो गया बड़ा हादसा, दो जवान शहीद, 4 घायल

MP News: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर बिहार STF की स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टीम एक वांछित अपराधी को पकड़ने बिहार की टीम स्कॉर्पियो SUV गांधीधाम, गुजरात जा रही थी। रतलाम SP अमित कुमार ने जानकारी दी कि बिहार STF की यह टीम गया से गुजरात के गांधीधाम जा रही थी। उनका मकसद एक वांछित अपराधी को पकड़ना था। पूरी टीम स्कॉर्पियो गाड़ी से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर यात्रा कर रही थी, तभी रतलाम से कुछ किलोमीटर आगे गाड़ी असंतुलित होकर पलट गई। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

मध्य प्रदेश में कोरोना वेरिएंट जेएन-1 के 6 सक्रिय मरीज मिले, ज्यादातर इंदौर में

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट जेएन-1 के मामले मिले हैं। इंदौर और उज्जैन में कुल छह सक्रिय मरीज हैं। इंदौर में पांच और उज्जैन में एक मरीज पाया गया है। यह वेरिएंट तेजी से फैल सकता है। कोरोना वायरस का यह नया वेरिएंट जेएन-1 पिछले कुछ समय से ध्यान का केंद्र बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार यह वेरिएंट अधिक संक्रामक हो सकता है, जिससे संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ सकते हैं। ऐसे में संक्रमण रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच और निगरानी को कड़ी कर दिया गया है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

छत्तीसगढ़ में युक्तियुक्तकरण के खिलाफ शिक्षकों का बड़ा प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लागू किए जा रहे युक्तियुक्तकरण (Rationalisation) के फैसले के विरोध में बुधवार को प्रदेशभर के शिक्षक सड़कों पर उतर आए। राजधानी के नजदीक तूता माना क्षेत्र में सर्व शैक्षिक संगठन के बैनर तले प्रदेश के 23 शिक्षक संघों के प्रतिनिधियों ने एकत्र होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जब शिक्षक मंत्रालय का घेराव करने निकले, तो पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोकने का प्रयास किया, लेकिन शिक्षक सुरक्षा घेरे की तीन लेयर में से दो को तोड़ते हुए आगे बढ़ गए। हालांकि बाद में पुलिस ने उन्हें मंत्रालय से कुछ दूरी पर रोक लिया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

बिहार के नौतन में शराब तस्करी का अनोखा मामला, पुलिस ने शराब से लदा घोड़ा पकड़ा, तस्कर फरार

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र के डाबरिया पंचायत के बैरा परसौनी गांव में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब तस्करी घोड़े के जरिए की जा रही है। पुलिस ने जब मौके पर छापा मारा तो तस्कर फरार हो चुका था, लेकिन घोड़े पर चार कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब से लदे घोड़े को पकडक़र थाने ले आई। नौतन थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि तस्कर को गश्त के दौरान शराब के साथ देखा गया था, लेकिन पुलिस को देखकर वह घोड़े को शराब के साथ छोडक़र भाग गया। अब पुलिस तस्कर की तलाश कर रही है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

स्टारशिप का 9वां टेस्ट फेल: लॉन्चिंग के 30 मिनट बाद खोया कंट्रोल 

दुनिया के सबसे शक्तिशाली रॉकेट स्टारशिप का 9वां टेस्ट असफल रहा। लॉन्चिंग के लगभग 30 मिनट बाद रॉकेट ने नियंत्रण खो दिया। इससे पृथ्वी के वातावरण में प्रवेश करते ही यह नष्ट हो गया। यह लगातार तीसरी बार है जब स्टारशिप टेस्ट के दौरान टूट गया है। हालांकि, इसका बूस्टर हार्ड लैंडिंग कर अमेरिका की खाड़ी में सुरक्षित पहुंचा। इस टेस्ट में 7वें टेस्ट का बूस्टर फिर से इस्तेमाल किया गया। टेस्ट भारतीय समय के अनुसार 28 मई को सुबह करीब 5 बजे टैक्सास के बोका चिका से किया गया। स्टारशिप स्पेसक्राफ्ट और सुपर हैवी बूस्टर का संयुक्त नाम है। इसे एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने बनाया है। यह 403 फीट लंबा रीयूजेबल रॉकेट है।

गाजा में खाने के लिए भगदड़, 3 की मौत और 46 घायल

गाजा के राफा शहर में खाना लेने के लिए जुटी भीड़ में भगदड़ मच गई। इस घटना में 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई और 46 लोग घायल हो गए। इसके अलावा 7 लोग लापता हैं। स्थानीय मीडिया अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, भगदड़ उस समय शुरू हुई जब इजराइली सैनिकों ने हवा में फायरिंग की। इजराइल सेना ने बताया कि सैनिकों ने भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए चेतावनी स्वरूप गोली चलाई थी। गाजा में लोगों के लिए नए फूड सेंटर खोले जा रहे हैं ताकि भूखमरी से राहत मिल सके। मंगलवार को राफा के एक सेंटर पर हजारों लोग भोजन के लिए एकत्रित थे। अचानक हुई फायरिंग के बाद लोग सेंटर की ओर भागे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। यह घटना क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकती है।

ईरान ने 2025 में अब तक 113 को फांसी दी, फांसी की संख्या 2024 से 75% बढ़ी

ईरान में इस साल मई के पहले 25 दिनों में कम से कम 113 लोगों को फांसी दी गई है। ह्यूमन राइट्स वॉच ने यह जानकारी साझा की है। ओस्लो स्थित ईरान ह्यूमन राइट्स संगठन के अनुसार, 2025 में अब तक 478 लोगों को फांसी दी गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 75 प्रतिशत अधिक है। अगर यह रुझान बना रहा तो साल के अंत तक 1000 से अधिक लोग फांसी की सजा भुगत सकते हैं। इन आरोपियों में अल्पसंख्यक समुदाय, राजनीतिक विरोधी और नशीली दवाओं के आरोपी शामिल हैं। अप्रैल महीने में फांसी पाने वाले 110 व्यक्तियों में तीन महिलाएं, चार अफगान नागरिक, 36 बलूच और छह कुर्द कैदी थे। ह्यूमन राइट्स वॉच के फेडेरिको बोरेलो ने कहा कि इस साल के पहले पांच महीनों में ईरानी अधिकारियों ने औसतन हर दिन तीन लोगों को फांसी दी। यह मानवाधिकारों के लिए चिंताजनक स्थिति है।

ऑस्ट्रेलिया की मुस्लिम सांसद फातिमा ने साथी सांसद पर लगाया शराब पीने और टेबल पर नाचने का आरोप

ऑस्ट्रेलिया की मुस्लिम सांसद फातिमा पेमन ने एक सीनियर पुरुष सांसद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक कार्यक्रम के दौरान वह सांसद नशे में था और उन्होंने उन्हें शराब पीने और टेबल पर नाचने को कहा। फातिमा ने इस अश्लील और नस्लीय व्यवहार पर संसद में औपचारिक शिकायत की। उन्होंने सांसद का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। फातिमा अफगान मूल की हैं और 2022 में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया से लेबर पार्टी की सबसे कम उम्र की सीनेटर चुनी गई थीं। हालांकि, उन्होंने 2024 में लेबर पार्टी छोड़ दी, क्योंकि पार्टी फिलिस्तीन को अलग देश मानने के खिलाफ थी। यह मामला ऑस्ट्रेलियाई राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

DMK ने राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची जारी, कमल हासन को मिली सीट

तमिलनाडु की प्रमुख पार्टी DMK ने 19 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। इस सूची में DMK के तीन और मक्कल निधि मैयम (MNM) के अभिनेता-राजनेता कमल हासन का नाम शामिल है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बताया कि सीट शेयरिंग का फॉर्मूला पहले ही तय किया गया था। DMK ने मौजूदा सांसद पी विल्सन, पूर्व विधायक एसआर शिवालिंग और पार्टी प्रवक्ता रुकइया मलिक को भी राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। रुकइया मलिक को पोएट सलमा के नाम से भी जाना जाता है। कमल हासन की पार्टी MNM के लिए यह राज्यसभा की पहली सीट होगी। यह निर्णय राजनीतिक समीकरणों में बदलाव का संकेत माना जा रहा है। सभी उम्मीदवार 19 जून को चुनाव मैदान में उतरेंगे।

मणिपुर में नई सरकार गठन की तैयारी, 44 विधायकों का समर्थन दावा

मणिपुर में नई सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को 10 विधायकों ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया। इन विधायकों में 8 भाजपा के, एक NPP और एक निर्दलीय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास 44 विधायकों का समर्थन है, जो बहुमत से अधिक है। भाजपा विधायक थोकचोम राधेश्याम ने कहा कि कांग्रेस को छोड़कर सभी विधायक सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। विधानसभा अध्यक्ष सत्यव्रत ने भी 44 विधायकों से मुलाकात की। अब सत्यव्रत दिल्ली गए हैं जहां केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा करेंगे। मणिपुर की कुल 60 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए 31 सीटें जरूरी हैं। राजनीतिक हलचल के बीच जल्द ही सरकार के गठन का फैसला हो सकता है।

खबरें काम की | एमपी न्यूज | सीजी न्यूज | top news | top news today | top news trending news 

top news trending news top news today top news सीजी न्यूज एमपी न्यूज छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश खबरें काम की