Top News : खबरें आपके काम की

Manish Kumar | May 24, 2025, 21:45 IST
Share
thesootr-top-news-24-may
Photograph: (the sootr)

नमस्कार, देश में कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं और 350 से ज्यादा एक्टिव मामले सामने आए हैं। वहीं, BCCI ने इंग्लैंड दौरे पर शुभमन गिल को कप्तान और ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाया है। इस खबर के साथ ही देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर...

देश में कोरोना केसों में उछाल: 350 एक्टिव मामले, महाराष्ट्र-यूपी-हरियाणा में नए केस

देशभर में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। शनिवार को महाराष्ट्र के ठाणे में 8 नए मामले सामने आए, जबकि उत्तराखंड और हरियाणा में 3-3 और यूपी के नोएडा में एक मरीज पॉजिटिव पाया गया। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 350 तक पहुंच गई है। पिछले कुछ दिनों में अहमदाबाद में 20, यूपी में 4, हरियाणा में 5 और बेंगलुरु में 9 महीने के एक बच्चे में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अब तक दो मौतें दर्ज की जा चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और अस्पतालों को ऑक्सीजन, दवाइयों और वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

नीति आयोग की बैठक में पीएम मोदी ने कहा- टीम इंडिया की तरह काम करें, तभी राज्य और देश दोनों विकसित होंगे

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नीति आयोग की दसवीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। जिसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशेष योगदान दिया। इस बैठक का मुख्य फोकस वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में नवाचारों को शामिल करना और भविष्य की संभावित चुनौतियों से निपटने की रणनीति तैयार करना था। इस बैठक में विकसित भारत 2047 के विजऩ को साकार करने में राज्यों की भूमिका और उनकी प्रगति पर भी गहराई से चर्चा की गई। केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर सहयोग को बढ़ावा देते हुए, रोजगार सृजन, हरित अर्थव्यवस्था और तकनीकी नवाचारों के विषय भी विस्तृत रूप से उठाए गए। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

PF पर 8.25% ब्याज दर की वित्त मंत्रालय ने दी मंजूरी, 7 करोड़ कर्मचारियों को फायदा

वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (PF) अकाउंट में जमा राशि पर 8.25% ब्याज मिलने का फैसला वित्त मंत्रालय ने मंजूर कर दिया है। यह ब्याज दर पिछले साल की ही तरह बरकरार रखी गई है। देश के 7 करोड़ से अधिक कर्मचारियों के PF खाते में अब इस ब्याज की राशि ट्रांसफर की जाएगी। EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टी ने फरवरी में इस ब्याज दर को अनुमोदित किया था, जिसके बाद वित्त मंत्रालय से इसकी मंजूरी ली गई। अगर आपके PF खाते में 1 लाख रुपए जमा हैं, तो इस पर आपको सालाना 8,250 रुपए ब्याज मिलेगा। वहीं यदि आपकी जमा राशि 5 लाख रुपए है, तो ब्याज के रूप में आपको 41,250 रुपए प्राप्त होंगे। यह ब्याज सीधे PF अकाउंट में जमा किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों की बचत में वृद्धि होगी।

Weather Forecast : दिल्ली-राजस्थान में 42 डिग्री रहेगा पारा, एमपी में गर्मी-बारिश का मिलाजुला असर

देशभर में 25 मई 2025 का मौसम गर्मी और बारिश दोनों का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा। जहां दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR), उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) और राजस्थान (Rajasthan) में भीषण गर्मी और लू का खतरा बढ़ा हुआ है, वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मानसून से पहले भारी बारिश (Pre-monsoon Heavy Rain) और तेज हवा की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी बढ़ेगी और लू का प्रकोप जारी रहेगा, जबकि दक्षिणी और पूर्वोत्तर हिस्सों में मानसून-पूर्व बारिश (Pre-monsoon Rain) और गरज-चमक के साथ हवा की रफ्तार भी तेज रहेगी। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 25 मई को अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा में नमी (Humidity) का स्तर 20-30% के बीच रहेगा, जिससे गर्मी और शुष्क मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए लू (Heatstroke) की चेतावनी जारी की है। लोग तेज धूप से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

BCCI ने इंग्लैंड दौरे के लिए किया टीम इंडिया का ऐलान, शुभमन गिल कप्तान, ऋषभ पंत उपकप्तान

इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया की टेस्ट स्क्वॉड का ऐलान हो गया है। इस दौरे पर भारत को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा होगी। रोहित शर्मा, विराट कोहली और आर अश्विन जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों के संन्यास के बाद यह टीम युवा खिलाड़ियों से सजी हुई है। यशस्वी जायसवाल, अभिमन्यु ईश्वरन, साई सुदर्शन और करुण नायर जैसे नाम शामिल हैं। कप्तानी की जिम्मेदारी शुभमन गिल निभाएंगे और ऋषभ पंत को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। तेज गेंदबाजी में बुमराह, सिराज, प्रसीद कृष्णा और अर्शदीप सिंह को जगह मिली है, जबकि शमी और सरफराज खान जैसे नामों को टीम में नहीं चुना गया है। यह टीम भारत के टेस्ट क्रिकेट के नए युग की शुरुआत मानी जा रही है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

हनुमानताल वार्ड की पार्षद कविता रैकवार को हाईकोर्ट से राहत, पद से हटाने का आदेश निरस्त

जबलपुर शहर के हनुमानताल क्षेत्र की वार्ड क्रमांक 24 की पार्षद कविता रैकवार को जबलपुर हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। संभागीय आयुक्त जबलपुर द्वारा 29 अप्रैल 2025 को पारित उस आदेश को हाइकोर्ट ने पूरी तरह से असंवैधानिक करार दिया है। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने कविता रैकवार को पार्षद पद से हटाने वाले आदेश को निरस्त कर दिया है। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि जब तक उच्च स्तरीय जाति छानबीन समिति द्वारा अंतिम रूप से निर्णय नहीं ले लिया जाता, तब तक कविता रैकवार को पार्षद पद से हटाया जाना उचित नहीं है। इस आदेश के बाद कविता रैकवार की न केवल पद की गरिमा बरकरार रही है, बल्कि यह भी साफ हो गया कि न्यायपालिका के सामने अफसरशाही नहीं चल सकती। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

पानी के बाद अब टमाटर को तरसेगा पाकिस्तान, छत्तीसगढ़ के किसानों ने भेजना बंद किया

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान में बढ़े तनाव के बीच भारत सरकार ने पाकिस्तान जाने वाले पानी को रोक दिया था। अब दुर्ग जिले के धमधा के किसानों ने भेजा जाने वाला टमाटर रोक दिया है। आपरेशन सिंदूर को लेकर देशभर में इन दिनों जनजागरूकता अभियान चला रही है। धमधा के किसानों ने पाकिस्तान को एक मैसेज देने के लिए टमाटर पाकिस्तान भेजना बंद कर दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेशभर में धमधा ब्लॉक में सबसे ज्यादा 9514 हेक्टेयर क्षेत्रफल में टमाटर लगाई जाती है। जिसमें सालाना 1.90 लाख मीट्रिक टन टमाटर की पैदावारी होती है। इस एरिया के 99 प्रतिशत किसान पाकिस्तान के लिए 1.10 लाख मीट्रिक टन टमाटर दलालों के माध्यम से भेजा करते थे। जिसे अब बंद कर दिया गया है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

भारत में जल्द शुरू होगी स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा, ₹840 में मिलेगा अनलिमिटेड डेटा

भारत में जल्द ही एलन मस्क की स्टारलिंक सहित कई सैटेलाइट इंटरनेट कंपनियां अपनी सेवाएं शुरू करने जा रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ये कंपनियां मंथली 10 डॉलर (लगभग ₹840) से कम कीमत में अनलिमिटेड डेटा प्लान ऑफर करेंगी। हालांकि, भारत में सेवा शुरू करने के लिए स्टारलिंक को अभी IN-SPACe से अनुमति मिलनी बाकी है। इन कंपनियों का लक्ष्य अगले कुछ वर्षों में 10 मिलियन यानी 1 करोड़ उपयोगकर्ताओं तक पहुंचना है, जिससे वे महंगे स्पेक्ट्रम कॉस्ट की भरपाई कर सकें। सैटेलाइट इंटरनेट सेवा ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में इंटरनेट पहुंचाने का अहम जरिया बन सकती है, जहां पारंपरिक नेटवर्क कमजोर हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह सेवा इंटरनेट की पहुंच को व्यापक बनाएगी और डिजिटल इंडिया को मजबूती देगी।

बांग्लादेश सरकार के मुख्य सलाहकार यूनुस बने रहेंगे, सेना ने दिसंबर तक चुनाव का अल्टीमेटम दिया

बांग्लादेश में बढ़ते राजनीतिक संकट के बीच सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस अपने पद पर बने रहेंगे। शनिवार को सलाहकार परिषद की बैठक में यह फैसला लिया गया, जिससे पहले के अनुमान के विपरीत यूनुस के इस्तीफा देने की खबरों को खारिज किया गया। प्लानिंग एडवाइजर वाहिदुद्दीन महमूद ने बताया कि यूनुस अब भी सरकार के साथ काम करेंगे और उन्हें नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। इस बीच, सेना प्रमुख वकार-उज-जमां ने दिसंबर तक देश में चुनाव कराने का कड़ा अल्टीमेटम जारी किया है, जो राजनीतिक माहौल को और तनावपूर्ण बना रहा है। विपक्षी दल BNP और जमात-ए-इस्लामी भी चुनाव को लेकर अपने संघर्ष की रणनीति पर काम कर रहे हैं। जल्द ही सलाहकार परिषद और मंत्रियों की बैठक भी आयोजित की जाएगी। बांग्लादेश में चुनावी प्रक्रिया और राजनीतिक स्थिरता को लेकर अब स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

ट्रम्प ने यूरोपीय यूनियन पर 50% टैरिफ लगाने की दी चेतावनी, 1 जून से लागू होगा नया नियम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यूरोपीय यूनियन (EU) पर 50% टैरिफ लगाने की कड़ी चेतावनी दी है। सोशल मीडिया पर दिए गए बयान में ट्रम्प ने कहा कि 1 जून से यूरोपीय यूनियन से आने वाले सभी उत्पादों पर 50% टैरिफ लगाया जाएगा, जब तक वे अमेरिका में निर्मित नहीं होते। ट्रम्प इस कदम को EU के साथ ट्रेड डील में सहमति न बनने पर अपना जवाब बता रहे हैं। ईयू ने सभी टैरिफ को शून्य करने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन ट्रम्प 10% टैरिफ लगाने पर अड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे EU के साथ कोई समझौता नहीं चाहते और यदि यूरोपीय कंपनियां अमेरिका में निवेश करें तो टैरिफ से छूट दी जाएगी। यह विवाद अमेरिका और यूरोपीय देशों के बीच व्यापारिक तनाव को और बढ़ा सकता है। ट्रम्प के इस निर्णय से वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

तमिलनाडु के डिप्टी CM उदयनिधि स्टालिन का बड़ा बयान, मोदी-ED से नहीं डरती DMK

तमिलनाडु के डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी DMK की नेतृत्व मोदी सरकार या प्रवर्तन निदेशालय (ED) से डरती नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब उनके पिता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन दिल्ली में नीति आयोग की बैठक में शामिल हुए। बैठक में CM स्टालिन ने पीएम मोदी से भी मुलाकात की। इससे पहले विपक्षी पार्टी AIADMK के नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी ने आरोप लगाया था कि DMK पिछले तीन सालों से नीति आयोग की बैठकों का बहिष्कार कर रही है, जिससे तमिलनाडु को मिलने वाले फंड में कमी आई है। एमके स्टालिन के इस साल बैठक में शामिल होने को लेकर AIADMK ने जांच एजेंसियों की रेड से बचाव का तर्क भी दिया था। हालांकि, DMK ने इन आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि उनका पूरा फोकस राज्य के विकास पर है।

बेलगावी: मठ प्रमुख पर नाबालिग से बलात्कार का आरोप, POCSO के तहत गिरफ्तार

बेलगावी के रायबाग तालुका स्थित रामलिंग मठ के प्रमुख लोकेश्वर स्वामी को एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार और अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता के परिवार ने बताया कि उन्हें रिश्तेदारों ने स्वामी के पास ले जाने का सुझाव दिया था, जो "उसकी बीमारी ठीक करने का दावा करते थे"। लड़की ने आरोप लगाया कि 13 मई को स्वामी ने उसका अपहरण कर लिया और रायचूर व बागलकोट के होटलों में तीन दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसे महालिंगपुर बस स्टैंड पर छोड़ दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने POCSO एक्ट व अपहरण के मामले दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

10 लाख का इनामी JJMP सुप्रीमो पप्पू लोहरा पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो अन्य नक्सली भी मारे गए

लातेहार जिले के ईचाबार जंगल में शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें झारखंड जनसंघर्ष मुक्ति मोर्चा (JJMP) के सुप्रीमो पप्पू लोहरा समेत दो नक्सली मारे गए। पप्पू लोहरा पर 10 लाख का इनाम था, जबकि सबजोनल कमांडर प्रभात गंझू पांच लाख का इनामी था। मुठभेड़ में एक नक्सली घायल हुआ, जिसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मुठभेड़ में पुलिस का एक जवान अवध सिंह भी घायल हुआ है, जिसे एयरलिफ्ट कर रांची के राज अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया है। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने घायल जवान से अस्पताल में मुलाकात की। इस कार्रवाई से नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है और इलाके में सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ गई है।

राहुल गांधी ने पुंछ में पाक गोलीबारी पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, दिया हौसला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर के पुंछ पहुंचे और वहां पाकिस्तानी गोलीबारी में मारे गए परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रभावित परिवारों के दुःख को समझा और कहा कि यह एक बड़ी त्रासदी है, जिसमें कई लोगों ने अपनी जान गंवाई और काफी नुकसान झेला। राहुल ने पीड़ितों से बात की और उनके समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। इस दौरान राहुल गांधी ने स्थानीय स्कूली बच्चों से भी मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बच्चों से कहा, “मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं। आप खूब पढ़ाई करें, खेलें और अपने स्कूल में अच्छे दोस्त बनाएं।” राहुल ने कहा कि स्थिति जल्द ठीक होगी और बच्चों को सकारात्मक रहना चाहिए। यह दौरा प्रभावित इलाकों के लिए राजनीतिक और भावनात्मक समर्थन का संकेत माना जा रहा है।

मानसून 8 दिन पहले केरल पहुंचा, 16 साल में सबसे जल्दी; 4 जून तक MP-UP में दस्तक

मानसून इस बार 8 दिन पहले केरल पहुंच गया है, जो पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 2009 में मानसून 9 दिन पहले आया था, जबकि पिछले साल 30 मई को दस्तक हुई थी। मानसून पिछले चार दिनों से देश से लगभग 40-50 किलोमीटर दूर अटका हुआ था, लेकिन शुक्रवार शाम इसे आगे बढ़ने का मौका मिला। आगामी दिनों में यह तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों तक भी पहुंचने की संभावना है। मानसून अगले एक सप्ताह में देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर हिस्सों को कवर करेगा, जबकि 4 जून तक मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है। सामान्यतः मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है और 8 जुलाई तक पूरे देश को अपनी छाया में ले लेता है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के जल्दी या देर से आने का मौसम पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ता।

खबरें काम की | Corona | MP News | top news today | top news trending news एमपी न्यूज | सीजी न्यूज

Tags:
  • MP News
  • एमपी न्यूज
  • पीएम मोदी
  • राहुल गांधी
  • छत्तीसगढ़
  • Corona
  • सीजी न्यूज
  • मध्य प्रदेश
  • top news
  • top news trending news
  • खबरें काम की
  • top news today
गूगल पर द सूत्र चुनें ! Add as a preferredsource on Google
मध्य प्रदेश भाजपा में अब लक्ष्मण रेखा कौन खींचेगा? चंद्रशेखर की होगी असली परीक्षा

By Ramanand Tiwari

मध्य प्रदेश भाजपा में अब लक्ष्मण रेखा कौन खींचेगा? चंद्रशेखर की होगी असली परीक्षा
मध्य प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत: मिनी ट्रैक्टर पर मिलेगी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, ऑनलाइन पोर्टल पर ऐसे करें आवेदन

By Jitendra Shrivastava

मध्य प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत: मिनी ट्रैक्टर पर मिलेगी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, ऑनलाइन पोर्टल पर ऐसे करें आवेदन
mp-top-news: खबरें काम की... ब्राह्मणों ने कभी शासन नहीं किया, नरोत्तम मिश्रा बोले खामोशी को कमजोरी न समझें

By Sanjay Dhiman

mp-top-news: खबरें काम की... ब्राह्मणों ने कभी शासन नहीं किया, नरोत्तम मिश्रा बोले खामोशी को कमजोरी न समझें
झाबुआ संयुक्त कलेक्टर अक्षय सिंह की नौकरी खतरे में, फर्जी जाति प्रमाणपत्र में ऐसे घिरे

By Sanjay Gupta

झाबुआ संयुक्त कलेक्टर अक्षय सिंह की नौकरी खतरे में, फर्जी जाति प्रमाणपत्र में ऐसे घिरे
बस्तर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे CM साय, प्रभावित परिवारों से मिले, 10 हजार रुपए अतिरिक्त सहायता की घोषणा

By Arun Tiwari

बस्तर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे CM साय, प्रभावित परिवारों से मिले, 10 हजार रुपए अतिरिक्त सहायता की घोषणा
Top News: खबरें काम की... नेपाल में पहाड़ टूटा, भूस्खलन और बाढ़ में 24 की मौत, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान से जल्द खत्म होगी जंग

By Jitendra Shrivastava

Top News: खबरें काम की... नेपाल में पहाड़ टूटा, भूस्खलन और बाढ़ में 24 की मौत, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान से जल्द खत्म होगी जंग
Top News: खबरें काम की... नेपाल में पहाड़ टूटा, भूस्खलन और बाढ़ में 24 की मौत, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान से जल्द खत्म होगी जंग

By Jitendra Shrivastava

Top News: खबरें काम की... नेपाल में पहाड़ टूटा, भूस्खलन और बाढ़ में 24 की मौत, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान से जल्द खत्म होगी जंग