विधानसभा के साथ-साथ लोकसभा चुनाव का बिगुल भी फूंक दिया मोदी ने, बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को किया सक्रिय

author-image
Puneet Pandey
एडिट
New Update
विधानसभा के साथ-साथ लोकसभा चुनाव का बिगुल भी फूंक दिया मोदी ने, बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को किया सक्रिय

BHOPAL. मप्र में विधानसभा चुनाव में कुछ ही महीने बचे हैं इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल में रैली कर बीजेपी की जीत के मूल मंत्र “ मेरा बूथ सबसे मजबूत” को नई ताकत दे दी है। मोदी का यह दौरा विधासभा की तैयारियों के पहले बड़ा कदम तो है ही लेकिन इसके साथ ही बीजेपी ने लोकसभा चुनाव की तैयारी का भी शंखनाद कर दिया है। पीएम मोदी कई राज्यों में संगठन की कमान संभाल चुके हैं। वे चुनाव जीतने के लिए हमेशा से  बूथ मैनेजमेंट पर जोर देते रहे हैं। संगठन में रहते हुए वे हमेशा ही बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं से जाकर मिलते थे। इसी संपर्क और संवाद के कारण ही बीजेपी सत्ता के शिखर पर पहुंची है। 



कार्यकर्ताओं को दिए मंत्र



मेरा बूथ सबसे मजबूत नारे के साथ बीजेपी ने विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनावों के लिए बिगुल फूंक दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने मंगलवार को बूथ समिति सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को बूथ जीतने की प्लानिंग के मंत्र दिए। पीएम के दौरे से पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने भोपाल में लोकसभा सीटों से चयनित बूथ कार्यकर्ताओं से चर्चा भी की। 



5 राज्यों के चुनावों पर नजर 



मध्यप्रदेश में मेरा बूथ सबसे मजबूत आयोजन का मुख्य कारण आने वाले महीनों में 5 राज्यों  मप्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मीजोरम के विधानसभा चुनाव हैं। इन राज्यों के विधानसभा चुनावों को लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। इन पांच राज्यों में 85 लोकसभा सीटें आती हैं। 



भाजपा और संघ की नर्सरी है मप्र



देश भर में मध्य प्रदेश को संघ और भजपा की नर्सरी के रूप में जाना जाता है। संघ के साथ-साथ भाजपा के कई नए प्रयोग यहीं से शुरू किये जाते हैं फिर उन्हें देश में लागू किया जाता है। भाजपा के प्रयोग और नवाचार मप्र में सफल होते रहे हैं। इसलिए पार्टी ने मध्यप्रदेश में यह बड़ा आयोजन किया है। चुनाव में बूथ समितियों की बात करें तो इनकी संख्या देश भर में 80 लाख है जबकि इनमें से 40 लाख तो मप्र में ही हैं।



15 फीसदी लोकसभा सीटें पांच राज्यों से



मध्यप्रदेश में 29, राजस्थान में 25, तेलंगाना में 17, छत्तीसगढ़ में 11 लोकसभा सीटें हैं। वहीं पूर्व के राज्य मिजोरम में एक लोकसभा सीट है। देश भर की 543 लोकसभा सीटों में से 15 प्रतिशत से भी ज्यादा सीटें इन राज्यों से ही हैं जिनपर बीजेपी की नजर है। मध्य  प्रदेश में भाजपा की सरकार है। छत्तीसगढ़-राजस्थान में कांग्रेस और तेलंगाना में केसीआर की पार्टी सत्ता में है। मिजोरम में भाजपा के समर्थन से सरकार चल रही है। इन सभी राज्यों में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने के उद्देश्य से भाजपा ने कार्यकर्ताओं को जोड़ने की महामुहिम शुरू की है।


भोपाल Bhopal modi मोदी