जोहड़ की तीन बीघा जमीन पर अवैध कब्जे, 12 मकान मालिकों को निगम ने दिए नोटिस
Ashish Bhardwaj | Jun 06, 2026, 12:55 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के अलवर में जोहड़ की जमीन पर भूमाफिया ने कब्जा कर लिया। इस जोहड़ की भूमि पर बने 12 आलीशान मकानों के मालिकों को कानूनी नोटिस जारी किए गए हैं।
News In Short
- अलवर में जोहड़ की जमीन पर भूमाफिया ने कब्जा कर बनवा दिए पक्के मकान।
- शिकायतों के बाद नगर निगम की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची।
- निगम ने 12 आलीशान मकानों के मालिकों को बेदखली के दिए कानूनी नोटिस।
- 10 दिन के भीतर स्वामित्व के वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर चलेगा बुलडोजर।
- अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण मानते हुए की जाएगी दंडात्मक कार्रवाई।
News In Detail
राजस्थान के अलवर में सूरसागर जोहड़ की जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहे लोगों के खिलाफ अब नगर निगम एक्शन में आया है। शहर में प्रताप स्कूल के पीछे स्थित इस प्राचीन जोहड़ की 10,400 वर्ग गज (लगभग साढ़े तीन बीघा से अधिक) भूमि पर लोगों ने कब्जा कर पक्के मकान बना लिए थे।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम की सतर्कता और अतिक्रमण निरोधक टीम ने भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। जमीन की पैमाइश के बाद निगम ने जोहड़ की भूमि पर बने 12 आलीशान मकानों के मालिकों को कानूनी नोटिस जारी कर दिए हैं।
10 दिन की मोहलत, अन्यथा होगी बेदखली
यदि निर्धारित समयावधि के भीतर कोई भी व्यक्ति वैध पट्टा, रजिस्ट्री या अन्य कोई सरकारी दस्तावेज पेश करने में विफल रहता है, तो उनके निर्माण को पूरी तरह से अवैध अतिक्रमण माना जाएगा। इसके बाद बिना किसी पूर्व सूचना के निगम प्रशासन इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने और भूमि को वापस अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू कर देगा।
गायब हो गई जोहड़ की मूल फाइल
इस पूरे मामले में यह तथ्य सामने आया है कि इस जमीन से जुड़ी मूल फाइल (ओरिजिनल रिकॉर्ड) ही सरकारी दफ्तरों से रहस्यमयी ढंग से गायब है। इस खेल में अधिकारियों की मिलीभगत सामने आ रही है।
वर्ष 2010 में नगर विकास न्यास (UIT) ने अलवर के कई क्षेत्रों और संपत्तियों का हस्तांतरण नगर निगम को किया गया था। इस हस्तांतरण सूची में सूरसागर जोहड़ का क्षेत्र भी प्रमुखता से शामिल था। लेकिन मिलीभगत की बू इस बात से आती है कि इस भूमि से संबंधित मूल पत्रावली न तो वर्तमान में यूआईटी (UIT) के पास उपलब्ध है और न ही नगर निगम के रिकॉर्ड रूम में मिल रही है।
सूत्रों का दावा है कि यूआईटी स्तर पर ही साजिश के तहत इस फाइल को गायब कर दिया गया है। रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण मामले की गहन जांच और स्वामित्व की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने में पेच फंस रहा है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग भी उठने लगी है।
पानी का मुख्य स्रोत था सूरसागर, कब्जों ने बिगाड़ा स्वरूप
पर्यावरणविदों के अनुसार सूरसागर जोहड़ कभी केवल एक खाली जमीन नहीं थी, बल्कि यह अलवर शहर के लिए प्रकृति का एक वरदान थी। यह क्षेत्र कभी प्राकृतिक जल संग्रहण (वाटर हार्वेस्टिंग) का एक प्रमुख और ऐतिहासिक स्रोत हुआ करता था।
इसके चारों ओर स्थित अरावली की पहाड़ियों से वर्षा का पानी बहकर प्राकृतिक रूप से इसी जोहड़ में एकत्रित होता था। इस विशाल जोहड़ के कारण न केवल आसपास के पूरे इलाके का ग्राउंड वाटर लेवल संतुलित रहता था, बल्कि गर्मियों के दिनों में भी क्षेत्र के कुओं और नलों में पानी की कोई कमी नहीं होती थी।
पिछले दो-तीन दशकों में भू-माफियाओं की गिद्ध दृष्टि इस जमीन पर पड़ी। लगातार हुए अवैध कब्जों, मलबे की डंपिंग और कंक्रीट के अवैध निर्माणों के कारण इस विशाल और ऐतिहासिक जोहड़ का वजूद अब पूरी तरह समाप्त होने की कगार पर पहुंच गया है।
2006 और 2011 में भी हुई थी कोशिश
यह मामला नया नहीं है। इससे पहले भी वर्ष 2006 और वर्ष 2011 में जिला प्रशासन और स्थानीय निकाय ने इस जोहड़ को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया था।
उस दौरान कुछ निर्माण तोड़े भी गए थे, लेकिन राजनीतिक दबाव और प्रशासनिक ढीलाशाही के चलते मामला कुछ समय बाद ठंडे बस्ते में चला गया।
प्रशासन के सुस्त पड़ते ही भू-माफियाओं और कब्जाधारियों के हौसले फिर बुलंद हो गए और उन्होंने धीरे-धीरे दोबारा से पक्के निर्माण शुरू कर दिए। देखते ही देखते पिछले कुछ वर्षों में यहां दर्जनों नए मकान और व्यावसायिक ढांचे खड़े हो गए।
इस बार होगी निर्णायक कार्रवाई
नगर निगम की सहायक अतिक्रमण निरोधक अधिकारी निशा लाखानी ने कहा कि पूर्व में भी इस क्षेत्र के निवासियों को अतिक्रमण हटाने और दस्तावेज दिखाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। लेकिन उस समय कई रसूखदार लोगों ने नोटिस लेने से साफ इनकार कर दिया था या उन्हें स्वीकार ही नहीं किया था।
अधिकारी ने बताया कि इस बार प्रशासन किसी भी प्रकार के दबाव में नहीं आने वाला है। इस बार सभी 12 चिन्हित मकान मालिकों को व्यक्तिगत रूप से नोटिस तामील करवाकर उनसे लिखित में जवाब मांगा गया है।
यदि दस्तावेज फर्जी पाए गए या मालिकाना हक साबित नहीं हुआ, तो निगम द्वारा बिना किसी पक्षपात के पूरी जमीन पर बुलडोजर चलाकर उसे मुक्त कराया जाएगा।
ये भी पढे़:-
1100 साल पुराने मठ में महंत की धारदार हथियार से हत्या, पुलिस जांच में जुटी
विदेश से MBBS डॉक्टरों का परमानेंट रजिस्ट्रेशन अधर में, RMC ने NMC से मांगी क्लैरिटी
जेडीए की गैरहाजरी पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार, बताए अवैध निर्माण पर कार्रवाई
मंत्रालय में बड़ा फेरबदल, 38 अनुभाग अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी; वित्त-गृह समेत कई विभागों में नई तैनाती
By VINAY VERMA
नवरात्रि के पहले इंदौर में 92 लाख रुपए की गर्भपात किट मिलने से भड़के हिंदूवादी नेता
By Sanjay Gupta, Sandeep Kumar
20 हजार करोड़ रुपए के बकाया चालान: सुप्रीम कोर्ट ने दिए अनोखे सुझाव: बिजली बिल में जुड़ सकती है चालान की राशि
By Neel Tiwari
छत्तीसगढ़ कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, पुलिस से झूमाझटकी, भूपेश बघेल बोले ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें
By Arun Tiwari
मध्य प्रदेश में 1 अक्टूबर से राशन दुकानें बंद, राशन विक्रेता संघ ने 5 मांगों पर दी चेतावनी
By Sandeep Kumar
IAS आशीष टिकरिहा को जनसंपर्क संचालक का अतिरिक्त प्रभार, वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी भी रहेगी
By VINAY VERMA
राजस्थान हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, तलाक के बाद पासपोर्ट पर पिता के नाम की कोई जरूरत नहीं
By Ashish Bhardwaj