PM नरेंद्र मोदी ने दबाया बटन और मां अहिल्या की नगरी इंदौर में चल पड़ी METRO

Vishwanath Singh | May 31, 2025, 15:51 IST
Share
The Sootr
The Sootr

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से ही वर्चुअली इंदौर मेट्रो ट्रेन के संचालन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का भारत विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चल रहा है।

इंदौर में मेट्रो ट्रेन आखिरकार चल पड़ी। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में बटन दबाकर मेट्रो ट्रेन का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी विशेष रूप से मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300 वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

पीएम नरेंद्र मोदी बोले, मप्र की पहली मेट्रो इंदौर में शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से ही वर्चुअली इंदौर मेट्रो ट्रेन के संचालन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का भारत विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चल रहा है। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को गति दे रहे हैं। आज मप्र को पहली मेट्रो सुविधा मिली है। इंदौर पहले ही स्वच्छता के लिए दुनिया में अपनी पहचान बना चुका है। अब इंदौर की पहचान उसकी मेट्रो से भी होने जा रही है। यहां भोपाल में भी मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है। मप्र में रेलवे क्षेत्र में व्यापक काम हो रहा है। केंद्र ने रतलाम-नागदा रेल लाइन को चार लाइन में बदलने की मंजूरी दे दी है। इससे इस रुट पर और अधिक ट्रेन चल सकेंगी। केंद्र ने इंदौर-मनमाड़ रेलवे परियोजना को भी मंजूरी दे दी है।



the sootr
the sootr


मेट्रो के आने से इंदौर को लगे चार चांद

मेट्रो के उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जिस स्थान पर हम खड़े हुए हैं वह बैलगाड़ी स्टेशन था। इसको गाड़ी अड्‌डा बोलते थे। यहां से बैलगाड़ियां चलती थीं। बैलगाड़ी, तांगा, टेम्पो, नगरसेवा, सिटी बस और अब मेट्रो। यह विकसित होता इंदौर का बहुत बड़ा उदाहरण है। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिस तरह से इस संकल्प को पूरा करने में सहयोग दिया है वह अद्भुत है। मेट्रो के आने से इंदौर को चार चांद लग गए। इसको लेकर पूरा शहर खुश है। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन सिंह साहू, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष चिंटू वर्मा, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मधु वर्मा, मीडिया प्रभारी दीपक जैन टीनू, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता आदि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और शहर के प्रबुद्धजन मौजूद थे।

the sootr
the sootr


पहली दो मेट्रो में सवार हुईं सिर्फ महिलाएं

मेट्रो के शुभारंभ कार्यक्रम में सबसे पहले दो मेट्रो ट्रेन तीन–तीन कोच की चलाई गईं। ये दोनों ट्रेनें एक–एक कर गांधीनगर स्टेशन से रवाना की गईं। ये दोनों ट्रेनें सुपर कॉरिडोर 6 नंबर स्टेशन पर पहुंचीं और फिर वापस लौट आई। इन्होंने महिलाओं को गांधीनगर स्टेशन से एक स्टेशन पहले ही महिलाओं को उतार दिया और फिर खाली ही गांधी नगर स्टेशन पर पहुंचीं। इसके बाद दूसरी बार में भी दो मेट्रो ट्रेन को चलाया गया, लेकिन इस बार इसमें महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे बुजुर्ग और युवा भी सवार हुए।

the sootr
the sootr


मेट्रो में महिलाओं ने गीत भी गाए, कविताएं भी सुनाईं

मेट्रो में जब पहली बार शहर की महिलाएं बैठीं तो वे काफी खुश नजर आईं। इसमें से अधिकांश महिलाएं तो वे थीं, जिन्होंने मेट्रो में पहली बार सफर किया था। खुशी में महिलाओं ने मेट्रो में कविता पाठ किया और गीत गुनगुनाने के साथ नृत्य भी किए। महिलाएं मेट्रो ट्रेन को लेकर इतनी उत्साहित थीं कि उनमें से कुछ ने मजाकिया लहजे में 10 रुपए सवारी की आवाज भी लगाई। यह सुनकर मेट्रो में सवार महिलाएं ठहाका मारकर हंसने लगीं।

the sootr
the sootr


सुबह 4 बजे से उठकर तैयारी की, शिवलिंग लेकर पहुंची मेट्रो में

मेट्रों के पहले सफर की साक्षी बनी अण्णा महाराज संस्थान की महिलाओं ने बताया कि वे आज के इस खास दिन का काफी लंबे समय से इंतजार कर रही थीं। इसके लिए वे शनिवार को सुबह 4 बजे उठीं और तैयार हुईं। राजबाड़ा पर मां अहिल्याबाई को लेकर कार्यक्रम में शामिल हुईं और भजन गाए। उसके बाद वे महिलाएं पारंपरिक महाराष्ट्रीयन वेशभूषा में पहुंचीं। वे हाथ में एक सजी हुई थाली लेकर मेट्रो में चढ़ीं, जिसमें शिवलिंग भी था। इस दौरान उन्होंने भजन कीर्तन भी किए। उन्होंने बताया कि संस्थान के अण्णा महाराज गुरू ने कहा था कि मेट्रो में शिवलिंग लेकर जाएं। कुछ बच्चे भी ताइक्वांडो की ड्रेस में पहुंचकर मेट्रो में सफर करते नजर आए। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां अपने हाथाें में भारत का झंडा लिए हुए थीं और उत्साह में भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे भी लगा रही थीं। उन्होंने इस पूरे माहौल को अपने मोबाइल के कैमरे में कैद भी किया।

यह खबर भी पढ़ें... पीएम मोदी की मलखंबा पगड़ी में छुपा था ये संदेश, जाने देशभर में है किन पगड़ियों का चलन

the sootr
the sootr


मेट्रो के पहले सफर की साक्षी बनी महिलाओं ने यह कहा

– सीमा शर्मा ने कहा कि वे पहली बार मेट्रो ट्रेन में बैठी हैं और उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। हमें उम्मीद नहीं थी कि इंदौर में मेट्रो चल जाएगी। उनके साथ बच्चों ने भी मेट्रो ट्रेन में सफर किया।
– रिंकी रायकवार ने कहा कि मेट्रो का सफर काफी अच्छा लगा। हमें तो ऐसा लग रहा था कि केवल फिल्मों में ही मेट्रो में सफर करते देख पाएंगे। अब हम स्वयं उस मेट्रो में सफर कर रहे हैं तो हमें काफी गौरवांवित महसूस हो रहा है। इसके पहले दिल्ली की मेट्रो में सफर किया है।
– इंदिरा कसेरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो मेट्रो की सौगात दी है। उससे हम काफी खुश हैं। महिलाएं व बच्चे जो कि ऑफिस या स्कूल, कॉलेज जाते थे। उनको काफी सुविधा मिलेगी। ट्रैफिक की परेशानी से हमें राहत मिलेगी और बच्चे स्कूल से समय पर घर पहुंच पाएंगे।
– नताशा बिल्लौरे ने कहा कि मेट्रो में सफर करके गौरवांवित महसूस हो रहा है। हमने मेट्रो को तैयार करने में भी अहम भूमिका निभाई है। महिलाओं को अभी फ्री सफर करने की सुविधा मिली है। इंदौर के लोग जिस तरह से शहर को साफ रखने में ध्यान रखते हैं। वैसे ही इस मेट्रो का भी ख्याल रखेंगे।
– यामिनी ने कहा कि यह हम सभी के लिए एक नया अनुभव है। सफर करना काफी अच्छा लग रहा है। महिलाओं के साथ बाकी सभी लोगों के लिए यह अच्छी सुविधा है। भीड़ व ट्रैफिक से बच सकेंगे। मेट्रो में आरामदायक सफर एसी में शांति से बैठकर कर सकते हैं।

The Sootr
The Sootr


6 किलोमीटर का है सुपर प्रायोरिटी कॉरिडाेर

इंदौर मेट्रो ट्रेन का लगभग 6 किलोमीटर का हिस्सा येलो लाइन का सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर है। इसमें 5 स्टेशन - गांधीनगर स्टेशन, सुपर कॉरिडोर नं 6 स्टेशन, सुपर कॉरिडोर नं 5 स्टेशन, सुपर कॉरिडोर नं 4 स्टेशन और सुपर कॉरिडोर नं 3 स्टेशन शामिल हैं। यह कॉरिडोर ट्रैफिक और प्रदूषण कम करेगा। साथ ही यात्रियों को आरामदायक सफर प्रदान करेगा। यह सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है। बल्कि इंदौर की आधुनिकता की ओर बढ़ती दिशा का प्रतीक भी है।

यह खबर भी पढ़ें... पीएम मोदी का भोपाल दौरा: PM का कड़ा संदेश, बोले-हम गोली का जवाब गोले से देंगे

The Sootr
The Sootr


कुल 31.32 किलोमीटर में होंगे 28 स्टेशन

इंदौर में मेट्रो ट्रेन की शुरुआत गांधी नगर मेट्रो स्टेशन से होगी। इंदौर में कुल 31.32 किलोमीटर लंबी (22.62 किमी एलेवेटेड एवं 8.7 किमी भूमिगत) इस मेट्रो की येलो लाइन पर 28 स्टेशन होंगे। मेट्रो के 31.32 किलोमीटर के सम्पूर्ण प्रोजेक्ट की लागत लगभग 7500 करोड़ रुपए है। प्रारंभिक तौर पर 6 किलोमीटर के कॉरिडोर का उद्घाटन हुआ है, जिसकी लागत लगभग 1520 करोड़ रुपए है।

इंदौर मेट्रो की खास बातें

• वातानुकूलित, प्रदूषण रहित आधुनिक कोच।
• एक ट्रेन की यात्री क्षमता: लगभग 980 यात्री।
• सभी स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर।
• दिव्यांगजनों के लिए ब्रेल लिपि और स्पर्शनीय टाइलें।
• सभी स्टेशन व डिपो पर CCTV कैमरे और अग्निशमन उपकरण।
• यात्रियों की सुरक्षा हेतु आपातकालीन बटन और इंटरकॉम ।
• दृष्टिहीन यात्रियों के लिए ऑडियो अनाउंसमेंट प्रणाली।
• व्हीलचेयर, बैठने की सुविधा, शौचालय, पीने का पानी।
• QR आधारित टिकटिंग, AI ट्रैकिंग, कंट्रोल सेंटर।

यह खबर भी पढ़ें...

अभी यह है तैयारी

मेट्रो के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर के 6 किमी रूट को अभी शुरू किया गया है। इस सुपर प्रायोरिटी रूट के बाद स्टेशन नंबर तीन से रेडिसन चौराहे तक 12 स्टेशन तैयार हो चुके हैं। चार स्टेशन पर अभी काम बाकी है। मेट्रो स्टेशन पर अभी एस्केलेटर, प्रवेश व निकासी गेट लग रहे हैं। गांधीनगर स्टेशन से रेडिसन चौराहे तक अगस्त तक मेट्रो चलाने की योजना है।

यह खबर भी पढ़ें...इंदौर में दो पटवारी ने महिला तहसीलदार पर वाट्सअप ग्रुप पर की टिप्पणी, कलेक्टर ने हटाया

यह है मेट्रो का पहला चरण

मेट्रो के पहले चरण में कुल 17.50 किमी लंबाई है। लेकिन इसमें भी प्राथमिकता आधार पर हिस्से बांटे गए हैं।
1-पहला सुपर प्रायोरिटी चरण- 6 किमी यह गांधीनगर से टीसीएस तक- यहां सबसे पहले चलेगी।
2- टीसीएस से रेडिसन होते हुए रोबोट चौराहे तक- 12 किमी का हिस्सा
दूसरे चरण में यह रहेगा
1- रोबोट चौराहे से रीगल तक- 5.5 किमी
2- रीगल से गांधीनगर तक- 8.5 किमी
( कुल 14 किमी का हिस्सा)
- इस तरह पहले और दूसरे चरण को मिलाकर कुल 31.32 किमी में मेट्रो चलना है। इसकी लागत 7500 करोड़ है।

यह खबर भी पढ़ें...महालेखाकार ऑफिस के सीनियर अधिकारी पर केस दर्ज, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

अभी यह किराया तय हुआ है- मिलेगी बंपर छूट

मेट्रो का प्रारंभिक किराया तय किया जा चुका है। स्टेशन संख्या 1 से दो तक के लिए 20 रुपए, तीन से पांच तक के लिए 30 रुपए, 6 से 8 के लिए 40 रुपए, स्टेशन 9 से 11 तक के लिए 50 रुपए, स्टेशन 12 से 14 तक के लिए 60 रुपएऔर 15 से अधिक स्टेशन के लिए 80 रुपए होगा। मेट्रो कॉर्पोरेशन ने किराया सूची जारी कर दी है, लेकिन पहले सप्ताह यात्रा पूर तरह से फ्री रहेगी, दूसरे सप्ताह इसमें 75 फीसदी की छूट मिलेगी तो फिर तीसरे सप्ताह 50 फीसदी की और आखिरी चौथे सप्ताह से तीन माह तक टिकट पर 25 फीसदी छूट मिलेगी।

यह खबर भी पढ़ें...The Sootr के दखल के बाद 2573 पदों पर MPEB भर्ती का रिवाइज्ड रिजल्ट जारी, कितना गया कटऑफ ?

सुबह 8 बजे से चलेगी

मेट्रो सुबह 8 बजे से रात आठ बजे तक 12 घंटे लगातार चलेगी और हर आधे घंटे में एक ट्रेन होगी। यह गांधीनगर से टीसीएस चौराहे तक सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर 5.5 किमी में अभी चलेगी। इस रूट पर कुल पांच स्टेशन होंगे। दिन भर में कुल 50 फेरे होंगे। शुरू में केवल पांच स्टेशन है। इसलिए किराया 20 से 30 रुपए के बीच ही होगा।

Tags:
  • कैलाश विजयवर्गीय
  • इंदौर
  • मुख्यमंत्री
  • पीएम
  • मेट्रो
  • सफर
गूगल पर द सूत्र चुनें ! Add as a preferredsource on Google
MP कर्मचारी प्रमोशन: 10 साल बाद पदोन्नति, अब 4 साल की छूट पर अटका मामला, राज्य कर्मचारी संघ ने सीएम मोहन यादव से की मांग

By Atul Dwivedi

MP कर्मचारी प्रमोशन: 10 साल बाद पदोन्नति, अब 4 साल की छूट पर अटका मामला, राज्य कर्मचारी संघ ने सीएम मोहन यादव से की मांग
एमपी भाजपा में 30 सितंबर को तीन दिग्गजों की एकसाथ आमद, 236 दिन बाद मिला प्रदेश संगठन महामंत्री

By Ramanand Tiwari

एमपी भाजपा में 30 सितंबर को तीन दिग्गजों की एकसाथ आमद, 236 दिन बाद मिला प्रदेश संगठन महामंत्री
मध्य प्रदेश भाजपा में अब लक्ष्मण रेखा कौन खींचेगा? चंद्रशेखर की होगी असली परीक्षा

By Ramanand Tiwari

मध्य प्रदेश भाजपा में अब लक्ष्मण रेखा कौन खींचेगा? चंद्रशेखर की होगी असली परीक्षा
मध्य प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत: मिनी ट्रैक्टर पर मिलेगी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, ऑनलाइन पोर्टल पर ऐसे करें आवेदन

By Jitendra Shrivastava

मध्य प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत: मिनी ट्रैक्टर पर मिलेगी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, ऑनलाइन पोर्टल पर ऐसे करें आवेदन
mp-top-news: खबरें काम की... ब्राह्मणों ने कभी शासन नहीं किया, नरोत्तम मिश्रा बोले खामोशी को कमजोरी न समझें

By Sanjay Dhiman

mp-top-news: खबरें काम की... ब्राह्मणों ने कभी शासन नहीं किया, नरोत्तम मिश्रा बोले खामोशी को कमजोरी न समझें
झाबुआ संयुक्त कलेक्टर अक्षय सिंह की नौकरी खतरे में, फर्जी जाति प्रमाणपत्र में ऐसे घिरे

By Sanjay Gupta

झाबुआ संयुक्त कलेक्टर अक्षय सिंह की नौकरी खतरे में, फर्जी जाति प्रमाणपत्र में ऐसे घिरे
बस्तर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे CM साय, प्रभावित परिवारों से मिले, 10 हजार रुपए अतिरिक्त सहायता की घोषणा

By Arun Tiwari

बस्तर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे CM साय, प्रभावित परिवारों से मिले, 10 हजार रुपए अतिरिक्त सहायता की घोषणा