Top News : खबरें आपके काम की

नमस्कार, महाराष्ट्र में 20 साल बाद उद्धव और राज ठाकरे एक मंच पर आए। यहां उन्होंने मराठी एकता की बात की। वहीं, PM मोदी दो दिन के दौरे पर अर्जेंटीना पहुंचे। इस खबर के साथ ही देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर... 

author-image
Manish Kumar
एडिट
New Update
thesootr-top-news-5-july

Photograph: (The Sootr)

Listen to this article
0.75x 1x 1.5x
00:00 / 00:00

20 साल बाद ठाकरे परिवार एक मंच पर, उद्धव-राज ने मराठी एकता की बात की

महाराष्ट्र में हिंदी विवाद के बीच उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने शनिवार को मुंबई के वर्ली डोम में 'मराठी एकता' रैली की। इस मौके पर दोनों ने राजनीति में साथ मिलकर काम करने के संकेत दिए। राज ठाकरे ने कहा, "20 साल बाद हम एक मंच पर आए हैं और हमारा उद्देश्य सिर्फ महाराष्ट्र और मराठी एजेंडा है, कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है।" उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को श्रेय देते हुए कहा कि जो बालासाहेब ठाकरे नहीं कर पाए, वह फडणवीस ने कर दिया। उद्धव ने कहा कि उनकी और राज की दूरियां मराठी एकता ने समाप्त की हैं, और यह मंच साझा करना उनके भाषण से अधिक महत्वपूर्ण है। 20 साल बाद दोनों भाई एक मंच पर दिखे। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

PM मोदी दो दिन के अर्जेंटीना दौरे पर पहुंचे, लिथियम सप्लाई पर समझौता संभव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिन के दौरे पर अर्जेंटीना पहुंचे। यहां उनका स्वागत भारतीय समुदाय के लोगों ने किया। यह उनका प्रधानमंत्री बनने के बाद दूसरा अर्जेंटीना दौरा है। मोदी और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलई के बीच द्विपक्षीय बातचीत आज होगी, जिसमें डिफेंस, एग्रीकल्चर, एनर्जी, परमाणु सहयोग और व्यापार पर चर्चा हो सकती है। यात्रा के दौरान लिथियम सप्लाई पर भी समझौता होने की संभावना है, क्योंकि अर्जेंटीना के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा लिथियम भंडार है। मोदी 2 जुलाई से 10 जुलाई तक पांच देशों की यात्रा पर हैं और अर्जेंटीना उनका तीसरा पड़ाव है।

Weather Update: मध्य प्रदेश के 20 शहरों में भारी बारिश, यूपी और राजस्थान में भी बारिश का असर

मध्य प्रदेश के 20 शहरों में शुक्रवार को भारी बारिश ने तबाही मचाई। मंडला, सिवनी और बालाघाट में रेड अलर्ट जारी किया गया। जबलपुर में गैस सिलेंडर वाला ट्रक पानी में डूब गया, जबकि मंडला में बाढ़ की स्थिति बन गई। यूपी के काशी में मणिकर्णिका घाट के अधिकांश शवदाह प्लेटफार्म गंगा में डूब गए, जिससे शवों का अंतिम संस्कार छत पर किया गया। हिमाचल प्रदेश में बारिश से भारी तबाही हुई है, जहां 69 लोग मारे गए और 40 से ज्यादा लापता हैं। कांगड़ा, मंडी, चंबा और शिमला जिलों में बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण कई रास्ते बंद हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में गंगा का जलस्तर बढ़कर 62.63 मीटर तक पहुंच गया, जिससे कई चौकियां डूब गईं। राजस्थान में भी मानसून सक्रिय है, और अब कोई जिला सूखा नहीं है।

ट्रम्प बोले- ईरान परमाणु कार्यक्रम रोकने के लिए अभी तैयार नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान अभी अपने परमाणु कार्यक्रम को रोकने या यूरेनियम का इनरीचमेंट बंद करने के लिए तैयार नहीं है। ट्रम्प ने कहा, “ईरान का परमाणु कार्यक्रम फिलहाल रोका गया है, लेकिन वह इसे किसी और स्थान से फिर से शुरू कर सकता है, जो बड़ी समस्या बन सकती है।” उन्होंने बताया कि वे व्हाइट हाउस में इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मिलकर ईरान के परमाणु मुद्दे पर चर्चा करेंगे। ट्रम्प ने स्पष्ट किया कि वे ईरान को परमाणु कार्यक्रम फिर से शुरू करने की इजाजत नहीं देंगे। इस बीच, अमेरिकी खुफिया एजेंसी और IAEA के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने कहा कि उनके पास ऐसा कोई प्रमाण नहीं है जिससे यह साबित हो सके कि ईरान परमाणु बम बनाने की कोशिश कर रहा है।

मोदी सरकार का ऐलान : टोल टैक्स में 50% की छूट, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

केंद्र सरकार ने नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स ( Toll Tax ) में 50% तक की छूट दी है। यह छूट उन हाईवे हिस्सों पर लागू होगी, जहां पुल, सुरंग या फ्लाईओवर का हिस्सा 50% से अधिक है। सरकार का उद्देश्य यात्रियों और कमर्शियल वाहनों को राहत प्रदान करना है। अब नए नियम के तहत यात्रियों को उस मार्ग पर टोल का आधा शुल्क देना होगा जहां विशेष संरचनाओं का हिस्सा 50% से ज्यादा हो। पहले इन हिस्सों पर भारी टोल वसूला जाता था, लेकिन अब इसे 50% तक घटा दिया गया है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

उद्धव-राज ठाकरे बोले- मराठी के लिए लड़ा तो हम गुंडे, महाराष्ट्र CM फडणवीस ने किया पलटवार

महाराष्ट्र में हिंदी-मराठी भाषा विवाद के बीच उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने 'मराठी विजय रैली' का आयोजन किया। मुंबई के वर्ली सभागार में दोनों नेताओं ने हिंदी-मराठी विवाद, भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर मराठी के लिए लड़ना गुंडागर्दी है, तो वे गुंडे हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पंढरपुर में रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उद्धव का भाषण 'रुदाली' जैसा था, न कि विजय रैली। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव ने अपने भाषण में मराठी मुद्दे की बजाय अपनी सरकार गिरने और सत्ता हासिल करने की बात की।

केंद्र ने वक्फ संपत्तियों के लिए नए नियमों का नोटिफिकेशन जारी किया, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

केंद्र सरकार ने वक्फ संपत्तियों के लिए नए नियमों का नोटिफिकेशन जारी किया है। "यूनिफाइड वक्फ मैनेजमेंट, एम्पावरमेंट, एफिशिएंसी एंड डेवलपमेंट रूल्स, 2025" के तहत एक केंद्रीकृत पोर्टल और डेटाबेस बनाया जाएगा, जिसमें वक्फ संपत्तियों का पूरा रिकॉर्ड दर्ज होगा। वक्फ संपत्ति का प्रबंधक (मुतवल्ली) पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर और ईमेल के जरिए OTP से लॉगिन कर संपत्ति का विवरण अपलोड कर सकेगा। नए नियमों के अनुसार, वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण तीन महीने के अंदर पोर्टल पर कराना होगा। यह नियम वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 के तहत बनाए गए हैं, जो 8 अप्रैल 2025 से लागू हो गए हैं।

पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या, तेजस्वी यादव से मिलीं बहन और मां

बिहार के पटना में शुक्रवार रात बिजनेसमैन गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को एक संदिग्ध को हिरासत में लिया और शूटर से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शूटर को किसी ने हत्या के लिए भेजा था और मामले के कई पहलुओं की जांच चल रही है। डिप्टी CM विजय सिन्हा और तेजस्वी यादव ने परिवार से मुलाकात की। इस दौरान गोपाल खेमका की बहन तेजस्वी यादव के सामने फूट-फूटकर रोने लगीं और कहा, "आपने तो वादा किया था, ऐसा कुछ नहीं होगा, फिर ये कैसे हुआ।" गोपाल खेमका का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

हिमाचल प्रदेश में राशन के लिए शुरू हुई आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन

हिमाचल प्रदेश ने राशन वितरण प्रक्रिया में आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन की शुरुआत की है, और ऐसा करने वाला यह पहला राज्य बन गया है। अब राशन लेने के लिए आने वाले लोगों का चेहरा वेरिफाई किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें राशन दिया जाएगा। इससे पहले वेरिफिकेशन ओटीपी या बायोमेट्रिक के जरिए किया जाता था। यह कदम राशन वितरण को और अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार ने इस प्रणाली को लागू करने के साथ-साथ तकनीकी उपायों पर भी ध्यान दिया है, ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी रोकी जा सके।

झारखंड के रामगढ़ में अवैध कोयला खदान ढहा, 4 मजदूरों की मौत

झारखंड के रामगढ़ जिले में अवैध खनन के दौरान कोयला खदान का एक हिस्सा ढह गया, जिससे 4 मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, खदान में कई अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। यह घटना जिले के कर्मा इलाके में तड़के हुई। हादसे के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य के लिए टीम भेजी है। फिलहाल, बचाव कार्य जारी है और प्रशासन ने इलाके में सख्ती बढ़ा दी है। इस हादसे के बाद अवैध खनन की समस्या फिर से उठ खड़ी हुई है।

भारत को मिला F-35 स्टेल्थ युद्धपोत, 37 महीनों में तैयार हुआ INS उदयगिरि

भारतीय नौसेना को F-35 स्टेल्थ युद्धपोत INS उदयगिरि प्राप्त हुआ, जो मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड द्वारा सिर्फ 37 महीनों में तैयार किया गया। यह जहाज प्रोजेक्ट 17A का हिस्सा है और शिवालिक क्लास का उन्नत संस्करण है। INS उदयगिरि विशेष रूप से ब्लू वॉटर ऑपरेशंस के लिए डिजाइन किया गया है, जिसमें रडार क्रॉस सेक्शन कम करने पर ध्यान दिया गया है। इस परियोजना के तहत 2026 तक कुल 7 फ्रिगेट भारतीय नौसेना को सौंपे जाएंगे, जो भारत की समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करेंगे। INS उदयगिरि के शामिल होने से भारतीय नौसेना की युद्ध क्षमता में और वृद्धि होगी।

दलाई लामा ने कहा- 40 साल और जिंदा रहूंगा, उत्तराधिकारी के अटकलों पर दी सफाई

तिब्बत के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने हाल ही में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह 130 साल की उम्र तक जिंदा रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने अब तक पूरी मेहनत की है और प्रभु के आशीर्वाद से वह और 30-40 साल तक बुद्ध धर्म और जीवों की सेवा करते रहेंगे। यह बयान उन्होंने धर्मशाला में एक दीर्घायु प्रार्थना सभा के दौरान दिया, जहां हजारों अनुयायी उन्हें सुनने पहुंचे थे। उनके इस बयान के बाद उनके उत्तराधिकारी के बारे में चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। दलाई लामा ने पहले दिसंबर में कहा था कि वह 110 साल तक जी सकते हैं, लेकिन अब उन्होंने अपने जीवन को लेकर नई उम्मीद जताई है।

रूस में लड़कियों को बच्चा पैदा करने पर 1 लाख रुपए की मदद, घटती जनसंख्या पर काबू पाना है उद्देश्य

रूस सरकार ने कम उम्र की लड़कियों को बच्चा पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने की योजना शुरू की है। इसके तहत, लड़कियों को बच्चे का जन्म और पालन-पोषण करने के लिए एक लाख रुपये की मदद दी जाएगी। यह योजना 2025 में रूस के 10 हिस्सों में लागू की गई है और इसका उद्देश्य देश की घटती जनसंख्या और बढ़ती उम्र की समस्या को दूर करना है। पहले यह योजना केवल बालिग महिलाओं के लिए थी, लेकिन अब इसमें नाबालिग लड़कियों को भी शामिल किया गया है। रूस में 2023 में प्रति महिला औसत जन्म दर 1.41 थी, जो कि 2.05 की आवश्यक दर से काफी कम है। रूस सरकार अब 'प्रोनेटलिस्ट नीतियां' लागू कर रही है, ताकि लोग ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रेरित हों।

टेक्सास में बाढ़ से 24 की मौत, 23 लड़कियां लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

 

texas flood
टेक्सास में बाढ़ के बाद का नजारा

 

अमेरिका के टेक्सास राज्य में भारी बारिश के बाद ग्वाडालूप नदी में आई बाढ़ से 24 लोगों की मौत हो गई और 23 लड़कियां लापता हो गईं। अब तक 400 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। टेक्सास के गवर्नर डैन पैट्रिक ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए नौ बचाव दल, 14 हेलिकॉप्टर और 12 ड्रोन काम में लगाए गए हैं। कर्विल के पास स्थित कैंप मिस्टिक, जो एक लड़कियों का समर कैंप था, पूरी तरह बाढ़ में डूब गया। इस कैंप में मौजूद 750 लड़कियों को बचा लिया गया, लेकिन कई बच्चे अभी भी रेस्क्यू का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की संख्या का अनुमान लगाना कठिन है।

दिवंगत मां पर दिए बयान पर भड़के केंद्रीय मंत्री शेखावत, बोले कभी नहीं करूंगा गहलोत को माफ

केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जोधपुर दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। गहलोत द्वारा लगाए गए आरोपों की निंदा करते हुए शेखावत ने कहा कि गहलोत ने उनकी दिवंगत मां पर गंभीर और झूठे आरोप लगाए हैं, जो बिल्कुल भी माफी लायक नहीं हैं। शेखावत ने इस मामले में कोई भी समझौता करने की गहलोत की मंशा को पूरी तरह से खारिज कर दिया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

रावतपुरा मेडिकल कॉलेज रिश्वत प्रकरण, राज्य सरकार सख्त, जांच के लिए रिपोर्ट तलब

छत्तीसगढ़ में रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज में सीट वृद्धि के लिए निरीक्षण के दौरान रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कार्रवाई के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। मंत्री ने चिकित्सा शिक्षा आयुक्त शिखा राजपूत तिवारी, संचालक डॉ. यूएस पैकरा और पंडित जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, रायपुर के डीन डॉ. विवेक चौधरी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

एमपी के 15 लाख स्टूडेंट्स को सीएम मोहन यादव इस दिन बांटेंगे साइकिल

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। 15 लाख से अधिक स्कूली स्टूडेंट्स को नि:शुल्क साइकिल दी जाएगी। यह योजना कक्षा 6वीं और 9वीं के छात्रों के लिए है। योजना का मकसद विद्यार्थियों की शिक्षा में मदद और यात्रा को सरल बनाना है। यह वितरण 10 जुलाई को प्रदेश के सभी स्कूलों में होगा। सीएम ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की। उन्होंने लिखा, "शिक्षा की राह अब साइकिल के साथ आसान होगी।" खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

शिवराज की बिल माफी की घोषणा मोहन के लिए बनी परेशानी

सरकार का खजाना खाली है। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले की गई शिवराज सिंह चौहान की एक घोषणा डॉक्टर मोहन यादव के लिए परेशानी का कारण बन गई है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव से ठीक एक महीने पहले सितंबर माह का बिजली का बिल जीरो करने की घोषणा कर दिया था। चुनाव में इसका फायदा तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मिल सके इसके चलते बिजली महकमे ने सितंबर में बिजली का बिल जारी नहीं किया। अब बिजली वितरण कंपनियां सरकार से सितंबर 2023 में माफ किए गए बिजली बिल का पैसा मांग रही हैं। वहीं वित्त विभाग ने ये पैसा देने से साफ इंकार कर दिया है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

top news | top news today | MP News | CG News | काम की खबरें | आज की खबरें | पीएम मोदी | मौसम | आज का मौसम | एमपी का मौसम 

आज का मौसम MP News मध्यप्रदेश शिवराज सिंह चौहान भारत पीएम मोदी राजस्थान एमपी का मौसम छत्तीसगढ़ मोहन यादव CG News रावतपुरा सरकार डोनाल्ड ट्रम्प रूस आज की खबरें ईरान top news काम की खबरें top news today मौसम