Top News : खबरें आपके काम की

नमस्कार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज का उद्घाटन तिरंगा लहराकर किया। वहीं, आरबीआई ने रेपो रेट में 0.50 फीसदी की कटौती की घोषणा की है। इस खबर के साथ ही देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर... 

author-image
Manish Kumar
एडिट
New Update
thesootr-top-news-6-june

Photograph: (the sootr)

Listen to this article
0.75x 1x 1.5x
00:00 / 00:00

पीएम मोदी ने कटरा में वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई, कहा- पाकिस्तान ने कश्मीरियत पर हमला किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज का उद्घाटन तिरंगा लहराकर किया। इसके बाद उन्होंने अंजी ब्रिज और कटरा में कश्मीर की पहली ट्रेन, कटरा-श्रीनगर वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई। अपने 42 मिनट के भाषण में पीएम मोदी ने आतंकवाद, पाकिस्तान और कश्मीर के टूरिज्म का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से हमारा पड़ोसी देश इंसानियत और मेलजोल का विरोधी है, जो गरीब की रोजी-रोटी का भी विरोधी है। 22 अप्रैल को पहलगाम में जो हुआ, वह इसका उदाहरण है। पाकिस्तान ने कश्मीरियत और इंसानियत पर हमला किया, लेकिन हमने 6 मई को उस पर कयामत बरसा दी।" मोदी ने कटरा में किए गए इस उद्घाटन को जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत बताया।

RBI ने घटाया रेपो रेट, सस्ते लोन की राह आसान, EMI होगी कम, जानें आपको क्या होगा फायदा

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आम लोगों और बाजार के लिए राहत भरा फैसला किया है। 4 जून से शुरू हुई मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक के बाद 6 जून को रेपो रेट में 0.50% की कटौती की घोषणा की गई। अब यह दर घटकर 5.5% पर आ गई है। अर्थशास्त्रियों को उम्मीद थी कि रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट यानी 0.25% की कटौती होगी। लेकिन इस बार RBI ने उम्मीद से दोगुना कदम उठाते हुए आधा फीसदी (0.50%) की कटौती कर दी है। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। MPC के सभी सदस्यों ने रेपो रेट में कटौती के पक्ष में सर्वसम्मति से वोट किया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

देश में कोरोना केसों में 58 गुना वृद्धि, 24 घंटे में 500 नए मामले, 55 मौतें

देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 20 दिन में एक्टिव कोरोना केसों की संख्या 93 से बढ़कर 5364 हो गई है, जो 58 गुना की वृद्धि दर्शाती है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 24 घंटे में 500 नए मामले सामने आए हैं। केरल में सबसे ज्यादा 1679 मामले हैं, इसके बाद गुजरात में 615, पश्चिम बंगाल में 596 और दिल्ली में 592 एक्टिव केस हैं। कोरोना के नए वैरिएंट्स के कारण अब तक 55 मौतें हो चुकी हैं, जिनमें से 53 मौतें पिछले 15 दिनों में हुई हैं। दिल्ली में कोविड से दो और मौतें हुईं, जिनमें एक पांच महीने का बच्चा भी शामिल था। ओडिशा में स्कूलों के पुनः खुलने पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि हल्के लक्षण वाले बच्चों को स्कूल में मास्क पहनना अनिवार्य है, और गंभीर लक्षण वाले बच्चों को घर पर आइसोलेट करने की सलाह दी गई है।

Weather Forecast : केरल में भारी बारिश, उत्तर भारत में गर्मी का कहर

7 जून 2025 के मौसम के अनुसार, उत्तर भारत में गर्मी बनी रहेगी। दक्षिण भारत में मानसून सक्रिय होगा। पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में बारिश हो सकती है। पश्चिम भारत में गर्म और शुष्क हवाएं चल सकती हैं। विभिन्न क्षेत्रों में तापमान, आर्द्रता और हवा की गति में अंतर होगा। कुछ स्थानों पर तेज गर्मी और अन्य स्थानों पर बारिश की संभावना है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

एलन मस्क और ट्रम्प की लड़ाई में भारत का नुकसान, क्या अब इंडिया में होगी टेस्ला की एंट्री?

अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच ठन गई है। पहले मस्क ने ट्रंप के राष्ट्रपति बनने में पूरा जोर लगाया। उनकी सरकार में अहम रोल किया। अब दोनों के बीच तीखी तकरार है। इस झगड़े का असर मस्क की कंपनियों, खासकर टेस्ला पर पड़ रहा है। टेस्ला की भारत में एंट्री की कहानी शुरू होने से पहले ही खत्म होती दिख रही है। मस्क और ट्रंप की इस अनबन के बाद टेस्ला के शेयर 15 प्रतिशत तक गिर गए हैं, जिससे कंपनी की करीब 150 अरब डॉलर की मार्केट वैल्यू कम हो गई। इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री पहले ही दुनियाभर में धीमी हो रही है। चीन की कंपनी BYD जैसी प्रतिद्वंदी टेस्ला को कड़ी टक्कर दे रही हैं। अब ट्रंप का साथ छूटने से टेस्ला की विस्तार योजनाओं पर ब्रेक लग सकता है। ट्रंप ने तो ये भी कहा है कि वो मस्क की कंपनियों को मिलने वाले सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स और सब्सिडी खत्म कर सकते हैं। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

बेंगलुरु भगदड़ मामले में कर्नाटक हाईकोर्ट ने KSCA अफसरों की गिरफ्तारी पर रोक लगाई

बेंगलुरु भगदड़ मामले में कर्नाटक हाईकोर्ट ने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के अफसरों की गिरफ्तारी पर 16 जून तक राहत दे दी है। KSCA ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी। कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को KSCA, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। इस मामले में बेंगलुरु पुलिस ने 4 अधिकारियों को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि सरकार ने केस दर्ज किया और विपक्ष की न्यायिक जांच की मांग को स्वीकार कर आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने अफसरों को सस्पेंड भी किया, अब और क्या किया जा सकता है? इस भगदड़ में 13 साल की लड़की समेत 11 लोगों की मौत हुई और 33 घायल हुए।

मध्य प्रदेश में बड़े IAS अफसरों के तबादले की तैयारी तेज, बदले जाएंगे विभाग, लिस्ट तैयार

मध्य प्रदेश का प्रशासनिक विभाग में एक बार फिर बड़े फेरबदल की तैयारी कर रहा है। इस बार बारी राज्य के दिग्गज आईएएस अधिकारियों की है। तबादलों की लिस्ट तैयार है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन की बैठक के बाद इस अंतिम सूची को मंजूरी दी जाएगी। इस बार फेरबदल में एक बार फिर पांचवी मंजिल के अफसरों को बदलने की तैयारी है। यह बदलाव मंत्रालय से लेकर जिलों तक देखा जा सकता है। प्रशासनिक फेरबदल के दौरान प्रमुख पदों पर नियुक्तियों और पदस्थापनों का ध्यान रखा जाएगा, जिनमें मुख्य सचिव (Secretary), एसीएस (Additional Chief Secretary), पीएस (Principal Secretary), सेक्रेटरी, कमिश्नर, और कलेक्टर शामिल हैं। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

अब मृत कर्मचारियों के परिजनों को तुरंत मिलेगी पीएफ की राशि, खाताधारकों को करना होगा ये काम

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अपनी सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए तत्पर पोर्टल का नया संस्करण 2.0 लॉन्च किया है। इस नए पोर्टल का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के परिवारों को उनके पीएफ, पेंशन, और बीमा लाभ जल्द से जल्द प्रदान करना है। खासकर उन कर्मचारियों के परिवारों को जो किसी कारणवश असमय काल के गाल में समा गए हैं। यह पोर्टल कर्मचारियों के परिवारों के लिए एक सहायक व्यवस्था प्रदान करेगा, जिससे वे जल्द से जल्द अपनी वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकेंगे, विशेषकर जब परिवार में कोई आकस्मिक घटना घटती है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

नक्सलियों के सभी कोर इलाकों में अब जवानों का कैंप, वहीं से चलेंगे ऑपरेशन

बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ काम करने बाले अर्धसैनिक बलों और पुलिस जवानों को इस बार मानसून में ऑपरेशन के लिए ज्यादा मेहनत और माथा-पच्ची नहीं करनी पड़ेगी। पहले बारिश के दौरान पहाड़ी नदियों, नालों के उफान में आने पर इसे पार कर जंगलों में जाना बेहद कठिन काम हुआ करता था। यही कारण था कि मानसून के दौरान गिनती के ही ऑपरेशन जवान लांच कर पाते थे लेकिन पिछले कुछ समय से  जवान मानसून में भी ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं और इस साल तो मानसून में जवानों के लिए ऑपरेशन लांच करना और भी आसान हो गया है। दरअसल, नक्सलियों के सभी गढ़ों में फोर्स ने अपने कैंप बिठा दिया है। कैंपों में जवानों के लिए तीन महीने तक का राशन, गोलाबारूद व अन्य साम्मान मौजूद रहता है। ऐसे में बारिश के दौरान जवानों को ऑपरेशन के लिए ज्यादा नदी-नाले पार नाहीं करने पड़ेंगे और सीधे कैंप से ही जवान नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन लांच करेंगे। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मास्टरमाइंड जीशान अख्तर कनाडा में गिरफ्तार

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मास्टरमाइंड जीशान अख्तर उर्फ जस्सी पुरेवाल को कनाडा में सरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, यह अभी साफ नहीं हो पाया कि गिरफ्तारी किस केस में हुई है। 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई में बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी। गैंगस्टर लॉरेंस गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी, और उनका दावा था कि सिद्दीकी बॉलीवुड स्टार सलमान खान के करीबियों में थे। पुलिस जांच में यह सामने आया कि जीशान अख्तर हत्या के दौरान मौके पर मौजूद था। हत्या के बाद वह विदेश भाग गया और पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने उसकी मदद की थी। हाल ही में लॉरेंस गैंग ने जीशान से पल्ला झाड़ते हुए उसे मारने की धमकी दी थी।

कांग्रेस का सवाल: क्या ऑपरेशन सिंदूर अमेरिका के दबाव में रोका गया? PM मोदी चुप क्यों?

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन के प्रवक्ता यूरी उशाकोव द्वारा किए गए दावे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किए हैं। उशाकोव ने दावा किया था कि अमेरिका की एंट्री के बाद ही भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुका। रमेश ने सवाल किया कि क्या ऑपरेशन सिंदूर को अमेरिका के दबाव में रोका गया? कांग्रेस सांसद ने प्रधानमंत्री से पूछा कि इस मुद्दे पर वह चुप क्यों हैं? क्या भारत ने युद्ध को रोका ताकि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते किए जा सकें? उन्होंने यह भी कहा कि यह सवाल सैन्य नहीं, बल्कि राजनीतिक है। इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी दावा किया था कि उनके व्यापार समझौते की चेतावनी के बाद भारत और पाकिस्तान ने युद्ध को रोका था। ट्रम्प ने 10 मई को इस बारे में लगातार बयान दिए थे।

बांग्लादेश में अप्रैल 2026 में होंगे आम चुनाव, चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस ने किया ऐलान

बांग्लादेश में अगले आम चुनाव अप्रैल 2026 में होंगे। यह घोषणा अंतरिम सरकार के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस ने शुक्रवार को की। ईद से एक दिन पहले राष्ट्र को संबोधित करते हुए यूनुस ने कहा कि अगला चुनाव अप्रैल 2026 के पहले पखवाड़े में होगा, और इसके लिए चुनाव आयोग बाद में विस्तार से रोडमैप प्रस्तुत करेगा। यूनुस ने बताया कि अगले साल तक चुनाव से संबंधित सभी जरूरी सुधार पूरे कर लिए जाएंगे। पिछले साल अगस्त में शेख हसीना के तख्तापलट के बाद मोहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का चीफ एडवाइजर नियुक्त किया गया था। इससे पहले, बांग्लादेश की सेना ने इस साल दिसंबर तक चुनाव कराने की सिफारिश की थी। हालांकि, अब चुनाव की तारीख अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

कनाडा पीएम ने मोदी को G7 समिट में शामिल होने का न्योता भेजा, मोदी ने दी बधाई

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को G7 समिट में शामिल होने का न्योता भेजा है। मोदी ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी और कार्नी का आभार व्यक्त किया। मोदी ने कनाडा के हालिया चुनाव में जीत हासिल करने के लिए कार्नी को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि वह समिट में कार्नी से मिलने के लिए उत्सुक हैं। यह समिट कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के कनानास्किस में 15 से 17 जून तक होगी। यह न्योता ऐसे समय में आया है जब कनाडा और भारत के बीच हाल के समय में संबंधों में खटास आई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले यह कहा जा रहा था कि कनाडा भारत को इस समिट के लिए न्योता नहीं भेजेगा। हालांकि, भारत 2019 से G7 समिट में गेस्ट के तौर पर शामिल हो रहा है।

ईरान ने चीन से बैलिस्टिक मिसाइलों के लिए ईंधन मंगवाया, 800 मिसाइलें बनाने का दावा

ईरान ने चीन से हजारों टन ठोस ईंधन और रॉकेट ऑक्सिडाइजर अमोनियम परक्लोरेट मंगवाया है, जिससे वह 800 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें बना सकता है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह शिपमेंट आने वाले महीनों में ईरान पहुंचेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान की सैन्य ताकत कमजोर होने के कारण यह कदम उठाया गया है, खासकर इजराइल के हालिया हमलों के बाद। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की पिशगामन तेजरत रफी नोविन कंपनी ने यह फ्यूल हॉन्गकॉन्ग स्थित से लायन कमोडिटीज होल्डिंग्स लिमिटेड से मंगवाया है। चीन ने इस शिपमेंट के बारे में कोई पुष्टि नहीं की। बीजिंग का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और उन्होंने इस मुद्दे पर पल्ला झाड़ लिया है।

जापान का चांद मिशन फिर फेल, आईस्पेस का रेजिलिएंस लैंडर चांद पर क्रैश हुआ

जापान की निजी स्पेस कंपनी आईस्पेस का चंद्रयान 'रेजिलिएंस' शुक्रवार को चांद की सतह पर उतरने से कुछ सेकंड पहले क्रैश हो गया। लैंडिंग से करीब दो मिनट पहले लैंडर का संपर्क टूट गया और मिशन को असफल घोषित कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि लैंडर की ऊंचाई मापने वाली लेजर प्रणाली ठीक से काम नहीं कर पाई, जिससे लैंडर तेजी से नीचे आया और चांद पर जोर से टकरा गया। यह आईस्पेस की चांद पर दूसरी कोशिश थी। इससे पहले 2022-23 में कंपनी का पहला लूनर मिशन भी क्रैश हो गया था। 'रेजिलिएंस' लैंडर 2.3 मीटर लंबा था और इसे इस साल जनवरी में फ्लोरिडा से लॉन्च किया गया था। मिशन का उद्देश्य चांद के उत्तरी हिस्से मारे फ्रिगोरिस में लैंडिंग करना था, जो गड्ढों और पुराने लावा से भरा इलाका है।

 

top news | top news today | छत्तीसगढ़ | खबरें काम की | काम की खबर | एमपी न्यूज | सीजी न्यूज 

काम की खबर top news today खबरें काम की top news चिनाब नदी मध्य प्रदेश सीजी न्यूज छत्तीसगढ़ पीएम मोदी एमपी न्यूज