Top News : खबरें आपके काम की

नमस्कार, देशभर के 25 करोड़ कर्मचारियों ने बुधवार 9 जुलाई 2025 को भारत बंद बुलाया है। वहीं, डोनाल्ड ट्रम्प ने 14 देशों पर टैरिफ बढ़ा दिए हैं। इनमें भारत शामिल नहीं है। इस खबर के साथ ही देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर... 

author-image
Manish Kumar
एडिट
New Update
thesootr-top-news-8-july

Photograph: (The Sootr)

Listen to this article
0.75x 1x 1.5x
00:00 / 00:00

ट्रम्प ने 14 देशों पर बढ़ाए टैरिफ, 1 अगस्त से लागू होंगे, भारत नहीं शामिल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को 14 देशों पर टैरिफ बढ़ाने का ऐलान किया। इस फैसले के तहत, जापान और दक्षिण कोरिया से आने वाले सामान पर 25% टैरिफ लगेगा, जबकि म्यांमार पर 40% टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रम्प ने सभी प्रभावित देशों को लेटर भेजकर इस निर्णय की जानकारी दी और कहा कि यह कदम व्यापार असंतुलन को सुधारने के लिए उठाया गया है। टैरिफ 1 अगस्त से लागू होंगे, जो पहले 9 जुलाई को लागू होने थे। ट्रम्प ने साथ ही ग्लोबल टैरिफ लगाने का भी ऐलान किया है। भारत इस फैसले में शामिल नहीं है।

बिहार में महिलाओं के लिए डोमिसाइल पॉलिसी लागू, 35% आरक्षण मिलेगा

बिहार सरकार ने महिलाओं के लिए डोमिसाइल पॉलिसी लागू करने का फैसला लिया है। इसके तहत अब सरकारी नौकरियों में बिहार की महिलाओं को 35% आरक्षण मिलेगा। पहले दूसरे राज्यों की महिलाओं को भी इस आरक्षण का लाभ मिलता था, लेकिन अब यह सिर्फ बिहार की महिलाओं तक सीमित रहेगा। नीतीश कैबिनेट की बैठक में मंगलवार को यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही 43 अन्य एजेंडों पर भी मुहर लगी। बिहार में पहली बार बिहार युवा आयोग का गठन भी किया जाएगा। चुनावी साल में नीतीश सरकार ने यह फैसला लिया है, जो नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के द्वारा उठाए गए युवा आयोग के मुद्दे के बाद लिया गया।

इजराइल ने ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया है। मंगलवार को व्हाइट हाउस में ट्रम्प से मुलाकात के दौरान नेतन्याहू ने यह घोषणा की और कहा कि ट्रम्प मिडिल ईस्ट में शांति की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए इस पुरस्कार के हकदार हैं। नेतन्याहू ने यह भी बताया कि उन्होंने नोबेल पुरस्कार कमेटी को एक लेटर भेजा है, जिसमें ट्रम्प को शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। इससे पहले पाकिस्तान ने 20 जून को भी ट्रम्प के नाम की सिफारिश की थी। ट्रम्प ने इस दौरान कहा था कि उन्होंने कई देशों के बीच जंग रुकवाई और नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं।

9 जुलाई को भारत बंद, 25 करोड़ कर्मचारियों की हड़ताल, जानें MP समेत किन राज्यों में क्या असर

देशभर के 25 करोड़ कर्मचारियों ने बुधवार, 9 जुलाई 2025 को भारत बंद बुलाया है। कर्मचारियों की देश व्यापी हड़ताल के चलते कई सेक्टरों पर इसका असर देखने को मिलेगा। बैंक, बीमा, पोस्टल विभाग, कोल माइनिंग, हाइवे, कंस्ट्रक्शन और राज्य परिवहन विभाग के कर्मचारी शामिल होंगे। आइए जानते हैं भारत बंद का मध्य प्रदेश समेत देशभर में आपकी रोजमर्रा की लाइफ पर क्या असर होगा। चुनावी राज्य होने के चलते बिहार में इस हड़ताल का खासा असर देखने को मिल सकता है। झारखंड के कई हिस्सों में भी कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे, जिससे वहां के सरकारी कामकाज पर असर पड़ेगा। इसके अलावा मध्यप्रदेश में भी इस हड़ताल का असर दिख सकता है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

मौसम पूर्वानुमान (9 जुलाई) : देशभर में आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका, MP में तेज बारिश से जलभराव की स्थिति

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 जुलाई 2025 के लिए देशभर का विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तर भारत में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। पश्चिम भारत में गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी मूसलधार बारिश का अलर्ट है। दक्षिण भारत में कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी भारत में ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार में भी मौसम खराब रहेगा। इन राज्यों में जलभराव, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं की संभावना है। मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों में 9 जुलाई को भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। IMD के अनुसार, मौसम की स्थिति हर शहर में अलग-अलग होगी। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

अहमदाबाद प्लेन क्रैश : PAC के सामने एयर इंडिया ने कहा, ड्रीमलाइनर सबसे सुरक्षित

अहमदाबाद प्लेन क्रैश: 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद मेघाणी नगर में गिरा। हादसे में 260 लोगों की मौत हुई, जिनमें 241 यात्री और चालक दल के सदस्य शामिल थे। एयर इंडिया ने संसद की पब्लिक अकाउंट कमिटी (PAC) में ड्रीमलाइनर को सबसे सुरक्षित विमान बताया। एयरलाइन ने PAC को बताया कि वर्तमान में 1,000 से अधिक ड्रीमलाइनर विमान पूरी दुनिया में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा, एयरलाइन ने दुर्घटना पर गहरी चिंता जताई और आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

FATF की रिपोर्ट में खुलासा, पुलवामा हमला और गोरखनाथ मंदिर पर हमले में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल

फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 2019 के पुलवामा आतंकी हमले में इस्तेमाल हुआ विस्फोटक अमेजन से खरीदा गया था। FATF ने इस रिपोर्ट में गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर पर 2022 में हुए हमले का भी जिक्र किया। हमलावर को PayPal के माध्यम से पैसे भेजे गए थे। FATF ने चेतावनी दी है कि ई-कॉमर्स और डिजिटल भुगतान सेवाएं अगर गलत हाथों में जाएं तो ये आतंकवाद को बढ़ावा देने का जरिया बन सकती हैं। दोनों मामलों को उदाहरण के तौर पर पेश करते हुए संगठन ने इस प्रकार की सेवाओं की जांच और नियंत्रण को जरूरी बताया है।

ट्रम्प ने यूक्रेन को फिर से हथियार देने का किया ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को यूक्रेन को फिर से हथियार भेजने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन हथियारों में सेल्फ डिफेंस वाले हथियार होंगे, जिससे यूक्रेन रूस के खिलाफ अपनी रक्षा कर सके। 1 जुलाई को ट्रम्प सरकार ने अमेरिका के हथियार भंडार में कमी के कारण यूक्रेन को हथियार भेजने पर रोक लगा दी थी। अब ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से नाखुश हैं और पुतिन की हरकतों के बावजूद युद्ध विराम के लिए कई बार बातचीत की थी, लेकिन पुतिन ने सीजफायर की पेशकश को ठुकरा दिया था।

कांग्रेस का सत्याग्रह: उमंग सिंघार को पुलिस ने रोका, ट्रैक्टर से पहुंचे जीतू पटवारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में सोमवार को अशोकनगर में कांग्रेस ने न्याय सत्याग्रह किया। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सत्याग्रह में शामिल नेताओं का कहना है कि FIR राजनीतिक साजिश के तहत की गई है। सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिसवालों के साथ जमकर बहसबाजी हुई। पुलिस ने चेकिंग के दौरान कईं कांग्रेस नेताओं की गाड़ियों चेकिंग के लिए रोक ली। कांग्रेस कार्यकर्ता जिसका विरोध करने लगे। प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

RSS और PM मोदी पर आपत्तिजनक कार्टून बनाने वाले हेमंत मालवीय की अग्रिम जमानत याचिका खारिज

इंदौर हाईकोर्ट की बेंच ने कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। हेमंत मालवीय पर आरोप है कि उसने RSS और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अशोभनीय कार्टून सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस कार्टून ने धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को आहत किया। आरोपी हेमंत मालवीय के खिलाफ थाना लसूड़िया, जिला इंदौर में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में BNS की धारा 196, 299, 302, 352, 353(3) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67-ए शामिल हैं। हेमंत मालवीय पर आरोप है कि उसने फेसबुक पर एक विकृत कार्टून (cartoon) पोस्ट किया। इस कार्टून में RSS की पारंपरिक वेशभूषा में एक व्यक्ति प्रधानमंत्री के सामने अश्लील मुद्रा में दिखाया गया था। प्रधानमंत्री को डॉक्टर के रूप में दर्शाया गया था, जो स्टेथोस्कोप और इंजेक्शन लेकर RSS की वेशभूषा वाले व्यक्ति पर प्रयोग कर रहे थे। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा रद्द, मैनपाट में भाजपा प्रशिक्षण शिविर में नहीं होंगे शामिल

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ दौरा अंतिम क्षणों में रद्द कर दिया गया है। शाह को बुधवार को मैनपाट में आयोजित भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि वे कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाएंगे, हालांकि संभव है कि वे वर्चुअल माध्यम से शामिल हों। अमित शाह के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। मंच की सजावट, आवास व्यवस्था, और स्थानीय प्रशासन की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। लेकिन आखिरी समय में गृहमंत्री के दौरे को रद्द कर दिए जाने से आयोजकों में निराशा का माहौल है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

सरकार के इस आदेश से अटक गई लाखों कर्मचारियों की पदोन्नति, जानें क्या है वो आदेश

राजस्थान सरकार के एक निर्णय के कारण प्रदेश के लाखों कर्मचारियों का प्रमोशन अटका हुआ है। सरकार के स्तर पर बीते कई महीनों से यह आदेश जारी नहीं हो पाया है। इस आदेश के अटके होने के कारण सरकारी कर्मचारी परेशान हैं। कर्मचारी संगठन अब प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द आदेश जारी करने की मांग कर रहे हैं। राज्य सरकार ने अपने बजट में यह घोषणा की थी कि राज्य के सभी ऐसे कर्मचारी, जिन्होंने अब तक अपनी सेवा में एक बार भी अनुभव छूट का लाभ नहीं लिया है, उन्हें पदोन्नति में 2 साल के अनुभव की छूट का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही, यह लाभ कांट्रेक्ट बेस पर भर्ती हुए कर्मचारियों को भी मिलेगा। यह घोषणा कर्मचारियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण थी क्योंकि इससे उन्हें अपने करियर में बढ़ोत्तरी का मौका मिल सकता था। हालांकि, बजट में की गई इस घोषणा के बाद से ही आदेश जारी करने में देरी हो रही है, जिससे कर्मचारी परेशान हैं। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

AAIB ने अहमदाबाद विमान हादसे की प्राइमरी जांच रिपोर्ट केंद्र को सौंपी

एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने अहमदाबाद विमान हादसे की प्राइमरी जांच रिपोर्ट मंगलवार को केंद्र सरकार को सौंप दी। रिपोर्ट को शुरुआती जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर तैयार किया गया है। 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI 171 टेकऑफ के कुछ ही देर बाद एक मेडिकल हॉस्टल से टकरा गई थी, जिसमें 270 लोगों की जान गई, जिनमें 241 यात्री और क्रू मेंबर थे। एक यात्री इस हादसे में बच पाया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने 28 जून को बताया था कि साजिश की संभावना को भी जांचा जा रहा है। विस्तृत रिपोर्ट तीन महीने में आने की संभावना है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

भाजपा ने मनमोहन सामल को चौथी बार ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया, निर्विरोध चुने गए

भारतीय जनता पार्टी ने मनमोहन सामल को लगातार चौथी बार ओडिशा का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है। वे निर्विरोध चुने गए और अब पार्टी के नेतृत्व में राज्य में और मजबूती से काम करेंगे। ओडिशा में भाजपा की सरकार आने के बाद यह निर्णय लिया गया है। इससे पहले 1 जुलाई को हिमाचल, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना में भी भाजपा के निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने गए थे। मध्यप्रदेश में भी भाजपा ने निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष का चयन किया था।

PM मोदी ब्राजीलिया पहुंचे, राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्राजील के राजकीय दौरे पर मंगलवार को ब्राजीलिया पहुंचे। राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। ब्राजील के राष्ट्रपति निवास अल्वोराडा पैलेस में पीएम मोदी के आगमन पर भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी गई। मोदी और राष्ट्रपति लूला ने एक-दूसरे से गर्मजोशी से मुलाकात की और दोनों देशों के राष्ट्रगान की धुन भी बजाई गई। प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान व्यापार और रक्षा क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

यूपी सरकार का कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और सफाई पर ध्यान, होटल-ढाबों पर QR कोड अनिवार्य

उत्तर प्रदेश सरकार ने कांवड़ यात्रा से पहले होटल और ढाबों पर QR कोड लगाने का आदेश दिया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीमों ने मुजफ्फरनगर और लखनऊ में मंगलवार को स्टिकर लगवाए। ये QR कोड ऐप से जुड़े हैं, जिससे रेस्टोरेंट का रजिस्ट्रेशन नंबर, मालिक का नाम और मेन्यू की जानकारी मिल सकेगी। FSDA की विशेष सचिव रेखा एस चौहान ने कहा कि कांवड़ रूट्स पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी रेस्टोरेंट और खाने-पीने की ठेलों को 'सेफ्टी ऐप कनेक्ट' स्टिकर लगाने का निर्देश दिया गया है। रेस्टोरेंट मालिकों को अपने उत्पादों की रेट लिस्ट भी लगाने का आदेश दिया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान सफाई की निगरानी और खाने-पीने की चीजों की जांच की जा रही है।

पटना खेमका हत्याकांड: बिल्डर अशोक साह ने कराई हत्या, 4 लाख में डील

पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या का खुलासा हुआ है। बिल्डर अशोक साह ने 4 लाख रुपए में हत्या के लिए शूटर उमेश यादव से संपर्क किया था। कातिल उमेश ने खेमका की रेकी की और अपने ही इलाके के शूटर विकास से हत्या की सुपारी दी, लेकिन ज्यादा पैसे की मांग के कारण उमेश ने खुद ही मर्डर को अंजाम दिया। DGP विनय कुमार ने मंगलवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि CCTV फुटेज की मदद से आरोपी उमेश यादव को गिरफ्तार किया गया। उमेश के घर से हत्या में इस्तेमाल हथियार और 59 गोलियां भी बरामद की गईं।

केरल हाईकोर्ट ने दिया लाइबेरियाई जहाज MSC अकीकेता 2 को जब्त करने का आदेश

केरल हाईकोर्ट ने सोमवार को लाइबेरियाई जहाज MSC अकीकेता 2 को जब्त करने का आदेश दिया। यह जहाज MSC एल्सा 3 का सहयोगी था, जो 25 मई को कोच्चि के तट पर डूब गया था। केरल सरकार ने MSC एल्सा 3 के डूबने से हुए पर्यावरणीय और आर्थिक नुकसान के लिए 9531 करोड़ रुपए का मुआवजा मांगा था। साथ ही, सहयोगी जहाज MSC अकीकेता 2 के बाहर जाने की आशंका के चलते इसे जब्त करने की मांग की थी। कोर्ट ने आदेश दिया कि जब तक शिपिंग कंपनी मुआवजा नहीं देती, MSC अकीकेता 2 को जब्त रखा जाएगा और वह भारत से बाहर नहीं जा सकेगा।

 top news | top news today | MP News | इजरायल | आज का मौसम | मानसून 

आज का मौसम MP News मध्यप्रदेश राजस्थान RSS छत्तीसगढ़ इजरायल मानसून मौसम डोनाल्ड ट्रम्प बिजली top news अलर्ट top news today