/sootr/media/media_files/2025/07/24/rajasthan-top-news-24-july-2025-07-24-20-26-35.png)
Photograph: (the sootr)
26 साल में आठवीं बार बीसलपुर बांध के गेट खोले, इतिहास में पहली बार जुलाई में हुआ ओवरफ्लो
राजस्थान में इस बार का मानसून इतना मेहरबान रहा कि 26 साल का रिकॉर्ड टूट गया। जयपुर और अजमेर के लिए जीवनरेखा माने जाने वाले बीसलपुर बांध के गेट पहली बार जुलाई में खोले गए हैं। यह घटना 26 साल के इतिहास में पहली बार हुई है, जब बांध का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचा और गेट खोले गए। बीसलपुर बांध में भारी बारिश के कारण पानी की आवक इतनी ज्यादा हो गई कि जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया। इसके बाद, 24 जुलाई को गेट नंबर 10 को शाम 5 बजे खोल दिया गया। बांध से पानी छोड़े जाने की सूचना पहले सायरन बजाकर दी गई, ताकि आसपास के इलाके में लोग सतर्क रहें। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
रामसर साइट बन सकती है राजस्थान की सिलीसेढ़ झील, केन्द्रीय मंत्री ने रामसर COP15 में दिया प्रस्ताव
भारत के केंद्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव (Bhupendra Yadav) ने जिंबॉब्वे में आयोजित रामसर COP15 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए राजस्थान करने का प्रस्ताव रखा। यादव ने वेटलैंड कन्वेंशन की महासचिव डॉ. मुसोंड़ा मुम्बा से मुलाकात के दौरान इस प्रस्ताव को प्रस्तुत किया और झील के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को भी साझा किया। अलवर शहर से 16 किमी दूर यह सिलीसेढ़ झील बनी हुई है। अलवर के तत्कालीन शासक महाराज विनय सिंह ने 1845 में अपनी रानी शीला के लिए इस झील के किनारे भव्य महल का निर्माण कराया था। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
राजस्थान हाईकोर्ट: न्यायिक कर्मचारियों की हड़ताल अवैध, कल से काम पर लौटें अन्यथा लागू करेंगे रेस्मा
राजस्थान उच्च न्यायालय ने राज्य के न्यायिक कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल को अवैध घोषित कर दिया है। न्यायालय ने कहा कि यदि वकील हड़ताल का अधिकार नहीं रखते, तो वेतनभोगी कर्मचारी भी हड़ताल पर नहीं जा सकते। न्यायालय ने आदेश दिया कि कर्मचारियों को कल यानी शुक्रवार 25 जुलाई 2025 से अपने कार्यस्थल पर लौटने की आवश्यकता है। उच्च न्यायालय की बेंच ने इस मामले में इबरान व अन्य की आपराधिक याचिका पर सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया। न्यायमूर्ति अशोक कुमार जैन ने कहा कि जब तक कर्मचारी काम पर नहीं लौटते, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था की जाए ताकि अदालतों का कार्य जारी रखा जा सके। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
कोचिंग हब कोटा में बच्चें क्यों करते हैं सुसाइड, जानिए फॉरेंसिक विभाग की रिपोर्ट से असल वजह
देशभर में कोचिंग हब के रूप में पहचान बनाने वाले राजस्थान (Rajasthan) के कोटा में पढ़ाई के बढ़ते तनाव से कोचिंग छात्र लगातार अपनी जान गंवा रहे हैं। कोचिंग छात्रों पर पढ़ाई का यह तनाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन कोचिंग संस्थान अपने छात्रों को तनावरहित माहौल देने में फेल सबित हुए हैं। पूरे देश के लिए चिंताजनक इस तस्वीर को कोटा मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग की एक रिपोर्ट में दर्शाया है। यह रिपोर्ट कोटा में कमाई के अड्डे बन चुके कोचिंग संस्थानों पर बड़े सवाल उठाती है। बता दें, कोटा में हर साल देशभर के करीब डेढ़ लाख विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं। रिपोर्ट में खुलासा किया कि कोटा में सुसाइड करने वालों में 92.5% छात्र कोटा में नीट की तैयारी कर रहे थे। ज्यादातर की उम्र 17 साल के आसपास थी। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
बेटे को बचाने के लिए 17 करोड़ के इंजेक्शन की दरकार, कांवड़ लाकर शिव की शरण में पिता
राजस्थान के दौसा जिले के मोनाबास गांव में रहने वाले 14 वर्षीय हार्दिक शर्मा गंभीर बीमारी डुचेन मस्क्युलर डिस्ट्रॉफी से जूझ रहे हैं। इस दुर्लभ बीमारी के इलाज के लिए एक महंगे इंजेक्शन की आवश्यकता है, जिसकी कीमत लगभग 17.5 करोड़ रुपए है। हार्दिक के पिता कुलदीप शर्मा ने अपने बेटे के इलाज के लिए भगवान शिव की शरण ली है और कांवड़ लेकर हरिद्वार से आए हैं। डिस्ट्रॉफी एक जेनेटिक बीमारी है, जिसमें शरीर की मांसपेशियां धीरे-धीरे कमजोर हो जाती हैं। यह बीमारी बचपन में ही बच्चों में दिखने लगती है और समय के साथ शरीर को निष्क्रिय बना देती है। डॉक्टरों के अनुसार, इस बीमारी से पीड़ित बच्चे आमतौर पर 20 से 22 साल तक ही जीवित रहते हैं, जो कि एक बहुत ही चिंता का विषय है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
रेगिस्तान उगल रहा खनिजों का अकूत खजाना, रणनीतिक तौर पर अहम मिनरल्स भी शामिल
राजस्थान का थार रेगिस्तान लगातार बेशकीमती और रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण खनिज उगल रहा है। नए सर्वेक्षण में रेगिस्तान में ऐसे खनिजों का अकूत भंडार मिला है, जो निकट भविष्य में देश की अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में अहम बन सकते हैं। ये भंडार जैसलमेर, बाड़मेर और नवगठित जिले बालोतरा में खोजे गए हैं। बायोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया ने इन तीनों जिलों में 2021-22 और 2025-26 में खनिजों की संभावनाओं वाले 47 स्थानों पर उत्खनन करके यह पता लगाया है। उसने यहां मिले खनिजों के भंडार के बारे में अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप दी है। इनमें कुछ खनिज ऐसे हैं, जिनके भंडार देश में कुछ राज्यों में ही हैं। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
इस्तेमाल करके फेंक देती है भाजपा, धनखड़ के इस्तीफे के बहाने डोटासरा ने साधा निशाना
जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे के बाद बयानबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही है। राजस्थान में कांग्रेस धनखड़ के अप्रत्याशित इस्तीफे को राजनीतिक तौर पर भुनाने की पूरी कोशिश कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बाद अब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी मोदी सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। डोटासरा ने कहा है कि मोदी सरकार और भाजपा यूज एंड थ्रो की पॉलिसी पर काम करती है। जब तक व्यक्ति इनके अनुसार काम करता रहे, तब तक उसे रखते हैं और इस्तेमाल करने के बाद फेंक देते हैं। डोटासरा ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि ऐसी क्या बात हुई, जो धनखड़ को संसद सत्र के चलते हुए अचानक इस्तीफा देना पड़ गया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
पायलट का भाजपा पर निशाना, बोले-धनखड़ के इस्तीफे के राज का मटका एक दिन जरूर फूटेगा
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा है कि उपराष्ट्रपति के इस्तीफे का मटका एक दिन जरूर फूटेगा और राज बाहर आएगा। भाजपा ने किसान पुत्र और किसान वर्ग का अपमान किया है। भले ही खराब स्वास्थ्य का बहाना बताया गया हो, लेकिन दाल में कुछ काला जरूर है। पायलट ने कहा है कि जिस तरह से उपराष्ट्रपति धनखड़ का इस्तीफा हुआ है, वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि अपमानजनक तरीके से विदाई भी है। यह ना केवल किसान पुत्र का अपमान है, बल्कि पूरे देश के किसानों का अपमान है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
राजस्थान टॉप न्यूज
राजस्थान की खबरें